मुख्यमंत्री ने जनपद मुरादाबाद में दानवीर भामाशाह जयन्ती एवं व्यापारी कल्याण
दिवस कार्यक्रम में मुरादाबाद सदर, मुरादाबाद देहात व कुंदरकी विधान सभा की
365.50 करोड़ रु0 लागत की 63 परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया

जी0एस0टी0 भुगतान में उत्कृष्ट योगदान देने वाले
व्यापारियों को भामाशाह सम्मान से सम्मानित किया

विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण-पत्र,
आवंटन पत्र, प्रतीकात्मक चेक, चाभी तथा आयुष्मान कार्ड वितरित किए

पुस्तिका ‘बदलता मुरादाबाद’ का विमोचन किया

प्रदर्शनी का अवलोकन तथा बच्चे का अन्नप्राशन किया

निर्माणाधीन गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय का निरीक्षण किया
 
नये भारत का नया उ0प्र0 प्रधानमंत्री जी के
नेतृत्व में एक नई ऊंचाई प्राप्त कर रहा : मुख्यमंत्री
 
जो भी उद्यमी या व्यापारी जी0एस0टी0 में अपना रजिस्ट्रेशन
कराता, डबल इंजन सरकार उसे 10 लाख रु0 का बीमा कवर देगी

प्रदेश सरकार गुरु जम्भेश्वर मंदिर में कॉरिडोर के विकास के लिए कार्य करेगी
 
स्व0 दाऊ दयाल खन्ना के नाम पर मुरादाबाद के लाइनपार क्षेत्र
का नाम परिवर्तित कर ‘दाऊ दयाल खन्ना नगर’ किया जाएगा

आज का मुरादाबाद यहां के अन्नदाता किसानों
के नवाचार के लिए अपनी पहचान बना रहा

आज का मुरादाबाद उ0प्र0 के एक्सपोर्ट हब के रूप में अपनी पहचान बना रहा
 
मुरादाबाद स्मार्ट नगरी के रूप में श्रीराम वाटिका, संविधान वाटिका एवं अन्य
पार्कों के सौन्दर्यीकरण व भारत की पौराणिक परम्परा के रूप में जाना जाता

मुरादाबाद आज जिस पहचान के लिए आगे बढ़ा, उस
पहचान को आगे बढ़ाने के लिए प्रदेश सरकार कार्य करेगी

आज उ0प्र0 भारत की अर्थव्यवस्था के ग्रोथ इंजन के रूप में जाना जा रहा

लखनऊ : 29 जून, 2026

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने कहा कि आज प्रदेश में विकास हो रहा है। पात्र लोगों को गरीब कल्याण योजनाओं का लाभ मिल रहा है। आज नये भारत का नया उत्तर प्रदेश प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में एक नई ऊंचाई प्राप्त कर रहा है। इसमें विरासत भी है और विकास भी है। अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि का निर्माण त्रेता युग की याद को स्मरण करा रहा है। काशी में काशी विश्वनाथ धाम, मथुरा-वृन्दावन का विकास, नैमिषारण्य, शुकतीर्थ, विदुर कुटी का विकास हो रहा है। प्रदेश सरकार मुरादाबाद में भी विकास की गति को आगे बढ़ा रही है।
मुख्यमंत्री जी आज जनपद मुरादाबाद में आयोजित दानवीर भामाशाह जयन्ती एवं व्यापारी कल्याण दिवस कार्यक्रम में मुरादाबाद सदर, मुरादाबाद देहात व कुंदरकी विधान सभा की 365.50 करोड़ रुपये लागत की 63 परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री जी ने जी0एस0टी0 भुगतान में उत्कृष्ट योगदान देने वाले व्यापारियों को भामाशाह सम्मान से सम्मानित किया। विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण-पत्र, आवंटन पत्र, प्रतीकात्मक चेक, चाभी तथा आयुष्मान कार्ड वितरित किए। उन्होंने पुस्तिका ‘बदलता मुरादाबाद’ का विमोचन भी किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री जी ने वहां आयोजित प्रदर्शनी का अवलोकन तथा बच्चे का अन्नप्राशन किया। इसके पश्चात, मुख्यमंत्री जी ने निर्माणाधीन गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय का निरीक्षण किया। उन्होंने विश्वविद्यालय परिसर में रुद्राक्ष का पौधा भी रोपित किया।
मुख्यमंत्री जी ने दानवीर भामाशाह जी की जयन्ती व व्यापारी कल्याण दिवस के अवसर पर प्रदेश के व्यापारियों को बधाई देते हुए कहा कि हमारी स्वयं की सम्पत्ति और हमारा वैभव राष्ट्र की सुरक्षा में कैसे सहायक हो सकता है, दानवीर भामाशाह जी का व्यक्तित्व इसका उदाहरण है। हल्दीघाटी के युद्ध में तत्कालीन परिस्थितियों को देखते हुए महाराणा प्रताप को युद्ध का मैदान छोड़ना पड़ा था। हल्दीघाटी से प्रारम्भ हुए भारत के स्वाभिमान और विदेशी आक्रान्ताओं के खिलाफ लड़ाई बंद नहीं हुई। यह लड़ाई अरावली के जंगलों में जारी रही।  
भारत माता के महान सपूत भामाशाह जी ने अपनी पूरी सम्पत्ति महाराणा प्रताप के चरणों में समर्पित कर दी थी। इसी सम्पत्ति के बल पर महाराणा प्रताप ने 12 वर्षों तक अपने सैनिकों को वेतन दिया था तथा अकबर को दांतो तले चने चबाने पर मजबूर होना पड़ा था। इसके बल पर महाराणा प्रताप को पुनः मेवाड़ और चित्तौड़ के किले फिर से प्राप्त हुए थे। स्वदेश और स्वधर्म के लिए किस प्रकार लड़ाई लड़नी चाहिए, महाराणा प्रताप ने इसका उदाहरण देश के सामने प्रस्तुत किया था।  
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि जो भी उद्यमी या व्यापारी जी0एस0टी0 में अपना रजिस्ट्रेशन कराता है, डबल इंजन सरकार उसे 10 लाख रुपये का बीमा कवर भी देगी। उन्होंने व्यापारियों से कहा कि उनका सामर्थ्य और शक्ति प्रदेश की प्रगति का आधार है। इस प्रगति के कारण ही आमजन के जीवन में परिवर्तन लाने के प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र जी के विजन को जमीनी धरातल पर उतारने में हम सफल हुए हैं।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि आज से 09 वर्ष पहले के मुरादाबाद और आज के मुरादाबाद में जमीन-आसमान का अंतर है। आज से 09 वर्ष पहले का मुरादाबाद उपद्रव, दंगे, कर्फ्यू, अराजकता, गंदगी व अव्यवस्था के लिए जाना जाता था। विकास की कोई सोच नहीं थी। आज का मुरादाबाद गुरु जम्भेश्वर के नाम पर स्थापित विश्वविद्यालय के लिए जाना जाता है। आज मुरादाबाद के पास अपना विश्वविद्यालय है। आज मुरादाबाद पुनः पीतल नगरी की पहचान एवं यहां के युवाओं की प्रतिभा के लिए जाना जा रहा है। आज का मुरादाबाद यहां के अन्नदाता किसानों के नवाचार के लिए अपनी पहचान बना रहा है।
आज का मुरादाबाद उत्तर प्रदेश के एक्सपोर्ट हब के रूप में अपनी पहचान बना रहा है। यहां की सड़कें चौड़ी हैं। आज का मुरादाबाद स्मार्ट नगरी के रूप में श्रीराम वाटिका, संविधान वाटिका एवं अन्य पार्कों के सौन्दर्यीकरण व भारत की पौराणिक परम्परा के रूप में जाना जाता है। साथ ही, भारत के स्वाधीनता आन्दोलन में योगदान देने वाले क्रान्तिकारियों और स्वाधीनता संग्राम सेनानियों के प्रति नतमस्तक होकर कृतज्ञता ज्ञापित करते हुए दिखायी दे रहा है। आज का मुरादाबाद अपनी गति को प्रगति में बदलने की ओर दिखायी दे रहा है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि मुरादाबाद आज जिस पहचान के लिए आगे बढ़ा है, उस पहचान को आगे बढ़ाने के लिए प्रदेश सरकार कार्य करेगी। आज गुरु जम्भेश्वर के पुराने मन्दिर कॉरिडोर के विकास का प्रस्ताव प्राप्त हुआ है। प्रदेश सरकार गुरु जम्भेश्वर मंदिर में कॉरिडोर के विकास के लिए कार्य करेगी।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि श्रीराम जन्मभूमि आन्दोलन के दौरान श्रीराम जन्मभूमि मुक्ति यज्ञ समिति का गठन हुआ था। वर्ष 1983 में उनके गुरुदेव महंत अवेद्यनाथ जी महाराज यज्ञ समिति के अध्यक्ष बने थे। उनके साथ महासचिव के रूप में कार्य करने वाले श्री दाऊ दयाल खन्ना इसी मुरादाबाद की विभूति थे। स्व0 दाऊ दयाल खन्ना जी के नाम पर मुरादाबाद के लाइनपार क्षेत्र का नाम परिवर्तित कर ‘दाऊ दयाल खन्ना नगर’ किया जाएगा। दाऊ दयाल जी की राम भक्ति के प्रति यह हमारी कृतज्ञता है। उन्होंने श्रीराम जन्मभूमि आन्दोलन के लिए अपना शेष जीवन समर्पित किया।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि मुरादाबाद के नगर निगम ने श्रीराम वाटिका तथा भगवान श्रीराम की भव्य प्रतिमा का निर्माण कर प्रधानमंत्री जी की प्रेरणा को अक्षरशः उतारा है। बाबा साहब डॉ0 भीमराव आंबेडकर के व्यक्तित्व एवं कृतित्व के अनुरूप संविधान वाटिका का निर्माण किया गया है। इसमें संविधान सभा के महानुभावों व विभूतियों को स्थान दिया गया है, जिससे वर्तमान पीढ़ी को कुछ जानने और सीखने का अवसर प्राप्त होगा। हनुमान वाटिका का भी निर्माण किया गया है। जो पीढ़ी अपनी विरासत का सम्मान करती है, वही प्रगति करती है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि विगत 09 वर्षों में प्रदेश सरकार ने 09 लाख सरकारी नौकरियां दी हैं। प्रदेश में एम0एस0एम0ई0 विभाग को जीवन प्रदान किया गया है। 96 लाख एम0एस0एम0ई0 यूनिट्स आज प्रदेश में कार्य कर रही हैं। सवा तीन करोड़ नौजवान इन यूनिट में कार्य कर रहे हैं। कृषि के बाद सर्वाधिक रोजगार देने वाला क्षेत्र एम0एस0एम0ई0 यूनिट है। सुरक्षा का बेहतरीन वातावरण बनने से आज प्रदेश में निवेश आ रहा है। यहां पर कई उद्योग लग रहे हैं, मेडिकल कॉलेज और विश्वविद्यालय बन रहे हैं। अत्याधुनिक सुविधाएं मिल रही हैं।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि मुरादाबाद से लखनऊ जाने के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग की सुविधा पहले से विद्यमान है। इसके साथ ही, गंगा एक्सप्रेस-वे से प्रयागराज की दूरी तय करने पर यह यात्रा शानदार बनेगी। आज उत्तर प्रदेश वर्ल्ड क्लास इन्फ्रास्ट्रक्चर के लिए जाना जा रहा है। आज उत्तर प्रदेश देश में सर्वाधिक एक्सप्रेस-वे, सर्वाधिक एयरपोर्ट, सर्वाधिक इण्टरनेशनल एयरपोर्ट, लॉजिस्टिक्स हब, सर्वाधिक रोजगार और सबसे तेज गति के साथ अपनी अर्थव्यवस्था को आगे बढ़ाने वाला राज्य बन गया है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश बीमारू राज्य नहीं है। यह रेवेन्यु सरप्लस राज्य है। आज उत्तर प्रदेश भारत की अर्थव्यवस्था के ग्रोथ इंजन के रूप में जाना जा रहा है। 25 करोड़ लोगों का विकास ही हमारा विकास है। यही कारण है कि आज उत्तर प्रदेश तेजी से विकास के पथ पर अग्रसर होकर एक नये मॉडल को प्रस्तुत कर रहा है। पूर्ववर्ती सरकार की सोच तुष्टिकरण की सोच थी। इसलिए विकास नहीं होता था, उपद्रव व दंगे होते थे। आज उत्तर प्रदेश में न कर्फ्यू न दंगा है और यहां पर सब चंगा है। प्रदेश सरकार ने जीरो टॉलरेन्स की नीति अपनायी है। आज प्रदेश में बेटियां, व्यापारी, नौजवान और अन्नदाता किसान सुरक्षित हैं। डबल इंजन सरकार विकास एवं व्यापारियों को निवेश एवं व्यापार अनुकूल वातावरण प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि अयोध्या में 04 लेन कनेक्टिविटी, रेलवे की डबल लाइन की ब्रॉड गेज कनेक्टिविटी, महर्षि वाल्मीकि के नाम पर इण्टरनेशनल एयरपोर्ट की सुविधा उपलब्ध है। अयोध्या में रैन बसेरे निषादराज व भोजनालय माता शबरी के नाम पर बने हैं।
कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए एम0एस0एम0ई0 मंत्री श्री भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश देश की विकास यात्रा का नेतृत्व कर रहा है। प्रदेश में कानून का राज व सुरक्षा का माहौल है। अपराध न्यूनतम स्तर पर है।

इस अवसर पर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री श्री अनिल कुमार, विधायक श्री रितेश कुमार गुप्ता, श्री रामवीर सिंह, विधान परिषद सदस्य श्री सत्यपाल सिंह सैनी, श्री जयपाल सिंह व्यस्त, श्री राम गोपाल अंजान सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण व शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।