मुख्यमंत्री ने जनपद अयोध्या के रुदौली विधान सभा क्षेत्र में 378
करोड़ रु0 से अधिक लागत की 126 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण व
शिलान्यास एवं वीरांगना झलकारीबाई कोरी की मूर्ति का अनावरण किया

हम नये भारत के नये उ0प्र0 में रह रहे, डबल इंजन सरकार प्रधानमंत्री जी के
विरासत और विकास के विजन को प्रभावी ढंग से लागू कर रही : मुख्यमंत्री

प्रधानमंत्री जी के मार्गदर्शन में विगत 09 वर्षां में उ0प्र0 ने
अभूतपूर्व प्रगति की, यह प्रगति सामूहिक प्रयास का परिणाम

डबल इंजन सरकार के प्रयासों से प्रदेश में विकास और विरासत का संगम दिखायी दे रहा

उ0प्र0 अपनी शानदार यात्रा के साथ देश की अर्थव्यवस्था
का ग्रोथ इंजन बनकर अपनी भूमिका का निर्वहन कर रहा

राष्ट्र नायकों का सम्मान व वीर और वीरांगनाओं के प्रति
श्रद्धा का भाव हमें राष्ट्रभक्ति की प्रेरणा प्रदान करता, इस भाव
से प्रेरित होकर डबल इंजन सरकार ने अनेक अभियान प्रारम्भ किये

महाराजा बिजली पासी ने विदेशी आक्रान्ताओं का डटकर
मुकाबला करते हुए उन्हें देश से बाहर करने का काम किया

जो जिस क्षेत्र में है, उसे वहां अपने कर्तव्यों का निर्वहन ईमानदारीपूर्वक करना चाहिए

अयोध्या नई अयोध्या के रूप में दुनिया को आकर्षित कर रही, यहां
फोर-लेन सड़कें, महर्षि वाल्मीकि के नाम पर इंटरनेशनल एयरपोर्ट,
निषाद राज के नाम पर रैन बसेरा, माता शबरी के नाम पर भोजनालय बना

अयोध्या की आगे की कार्य योजना बनने जा रही, उस कार्य योजना में रुदौली सम्मिलित

मां कामाख्या के पवित्र धाम को बेहतर स्वरूप प्रदान करने के लिए यहां के जनप्रतिनिधियों से प्रस्ताव मांगा जाएगा, प्रस्ताव के अनुसार आगे की कार्य योजना बनेगी

पिछले दिनों अयोध्या के बारे में जो समाचार पत्रों में देखने को मिला, हम लोगों
ने ट्रस्ट के अनुरोध पर उस विषय पर एस0आई0टी0 जांच बिठाई, एस0आई0टी0
जांच दूध का दूध और पानी का पानी करके रहेगी, इसमें कोई संदेह नहीं

 लखनऊ : 19 जून, 2026

     मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने कहा कि हम सभी गौरवशाली हैं कि हम नये भारत के नये उत्तर प्रदेश में रह रहे हैं। डबल इंजन सरकार प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के विरासत और विकास के विजन को प्रभावी ढंग से लागू कर रही है। प्रधानमंत्री जी के मार्गदर्शन में विगत 09 वर्षां में उत्तर प्रदेश ने अभूतपूर्व प्रगति की है। यह प्रगति सामूहिक प्रयास का परिणाम है। उत्तर प्रदेश अपनी शानदार यात्रा के साथ देश की अर्थव्यवस्था का ग्रोथ इंजन बनकर अपनी भूमिका का निर्वहन कर रहा है।
मुख्यमंत्री जी आज यहां जनपद अयोध्या के रुदौली विधानसभा क्षेत्र में 378 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 126 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास एवं वीरांगना झलकारीबाई कोरी की मूर्ति का अनावरण करने के पश्चात आयोजित कार्यक्रम में अपने विचार व्यक्त कर रहे थे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री जी ने विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रतीकात्मक चेक, स्वीकृति पत्र, प्रमाण पत्र आदि प्रदान किये। उन्होंने मां कामाख्या धाम स्मारिका का विमोचन किया। इसके पूर्व, मुख्यमंत्री जी ने मां कामाख्या धाम मन्दिर में दर्शन-पूजन तथा बच्चां का अन्नप्राशन किया।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि उन्हें आज यहां मां कामाख्या धाम में रुदौली विधानसभा क्षेत्र में विकास परियोजनाओं के लोकार्पण, मां कामाख्या धाम में दर्शन और देश के प्रथम स्वातंत्र्य समर की वीरांगना झलकारीबाई की भव्य और दिव्य प्रतिमा के लोकार्पण का सौभाग्य प्राप्त हो रहा है। वीरांगना झलकारीबाई ने सन् 1857 के स्वतंत्रता संग्राम में फिरंगियां को नाकों चने चबाने को मजबूर कर दिया था।
राष्ट्र नायकों का सम्मान व वीर और वीरांगनाओं के प्रति श्रद्धा का भाव हमें राष्ट्रभक्ति की प्रेरणा प्रदान करता है। इसी से प्रेरित होकर डबल इंजन सरकार ने महारानी लक्ष्मीबाई, महारानी दुर्गावती, महारानी अवन्तीबाई लोधी, वीरांगना झलकारीबाई और वीरांगना ऊदादेवी के नाम पर अनेक अभियान प्रारम्भ किये हैं। प्रदेश सरकार द्वारा वीरांगना अवन्तीबाई लोधी, वीरांगना झलकारीबाई कोरी तथा वीरांगना ऊदादेवी पासी के नाम पर पी0ए0सी0 की तीन नई बटालियन का गठन किया गया है। इन तीनों बटालियन में केवल बेटियों की भर्ती सुनिश्चित की गयी है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि प्रदेश सरकार ने तय किया है कि यह पी0ए0सी0 बटालियन जिन स्थानों पर गठित हुई हैं, वहां इन तीनों वीरांगनाओं की अश्वारोही प्रतिमा स्थापित की जाएगी। यह प्रतिमाएं आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्रभक्ति की प्रेरणा प्रदान करेंगी। देश की आजादी की लड़ाई में राष्ट्रनायकों व क्रान्तिकारियों ने अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया था। सन् 1857 का समर आजादी के प्रथम स्वातंत्र्य समर के रूप में जाना जाता है। बैरकपुर में मंगल पाण्डेय ने इस समर की लौ प्रज्ज्वलित की। यह चिंगारी बैरकपुर, बंगाल से निकलकर मेरठ में धनसिंह कोतवाल के नेतृत्व में आगे बढ़ी। झांसी में महारानी लक्ष्मीबाई के नेतृत्व में आजादी के झण्डे को बुलन्द किया गया। उन्होंने अंग्रेजों को पीछे हटने के लिए मजबूर कर दिया। सन् 1858 में कुछ लोगों के धोखे से महारानी लक्ष्मीबाई वीरगति को प्राप्त हुईं, अन्यथा देश का इतिहास कुछ और होता।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि गोरखपुर में शहीद बन्धु सिंह का अमर इतिहास है। देश व उत्तर प्रदेश ने प्रथम स्वतंत्रता संग्राम में बढ़-चढ़ कर भाग लिया था। सन् 1857 के बाद अंग्रेजों ने भारत के युवा क्रान्तिकारियों को दबाने का कुत्सित प्रयास किया। युवा क्रान्तिकारियां के लिए स्वतंत्रता सर्वोपरि थी, उन्हें कोई भी ताकत दबा नहीं पायी। देश की आजादी के लिए क्रान्तिकारियों ने गोरखपुर में चौरीचौरा घटना तथा लखनऊ में काकोरी ट्रेन ऐक्शन की घटना को अंजाम दिया। आजादी के आन्दोलन को नेतृत्व प्रदान करने वाले स्वतंत्रता संगाम सेनानियों के आह्वान पर भारत का युवा बढ़-चढ़ कर भाग लेता था।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि प्रधानमंत्री जी ने देश की आजादी के अमृत महोत्सव के अवसर पर देशवासियों का आह्वान करते हुए कहा कि यदि भारत को विकसित भारत बनाना है, तो हमें आगामी 25 वर्ष की कार्ययोजना ध्यान में रखकर कार्य करना होगा। इस कार्य में देश के प्रत्येक व्यक्ति को योगदान देना होगा। उन्होंने देशवासियों से विकसित भारत का निर्माण, गुलामी की मानसिकता से मुक्ति, विरासत पर गर्व, एकता और एकजुटता से देश की अखण्डता की रक्षा तथा नागरिक कर्तव्यों का पालन करने हेतु पंचप्रणों का मंत्र दिया। मजबूत सामाजिक एकता सुदृढ़ राष्ट्रीय एकता का आधार है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि प्रधानमंत्री जी ने कहा था कि देश की सीमाओं की रक्षा करने वाले व देश में सुरक्षा का वातावरण निर्मित करने वर्दीधारी फोर्स के जवानों और उन शहीदों के प्रति, जिन्होंने देश के लिए अपना सबकुछ बलिदान कर दिया, हमारे मन में उनके प्रति श्रद्धा और सम्मान का भाव होना चाहिए। आज हम वीरांगना झलकारीबाई, वीरांगना अवन्तीबाई लोधी तथा वीरांगना ऊदादेवी पासी का स्मरण इसलिए कर रहे हैं, क्योंकि इन वीरांगनाओं ने देश के लिए स्वयं को न्योछावर कर दिया। हम महाराजा सुहेलदेव का स्मरण इसलिए करते हैं, क्योंकि उन्होंने आक्रान्ताओं को उन्हीं की भाषा में जवाब देकर भारत की अखण्डता व अस्मिता की रक्षा की। महाराजा बिजली पासी ने विदेशी आक्रान्ताओं का डटकर मुकाबला करते हुए उन्हें देश से बाहर करने का काम किया।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि हम चैन से तब सो पाते हैं, जब देश के सैनिक सीमाओं की रक्षा करते हैं। सुरक्षा के बेहतर वातावरण से विकास सम्भव होता है। जो जिस क्षेत्र में है, उसे वहां अपने कर्तव्यों का निर्वहन ईमानदारीपूर्वक करना चाहिए। यदि ग्राम प्रधान अपनी ग्राम पंचायत, क्षेत्र पंचायत समिति का सदस्य अपनी क्षेत्र पंचायत, जिला पंचायत सदस्य अपनी जिला पंचायत, नगर पालिका पार्षद अपने वॉर्ड, चेयरमैन अपनी नगर पंचायत, विधायक अपनी विधानसभा, सांसद संसदीय क्षेत्र, शिक्षक अपने विद्यालय, छात्र अपने पाठ्यक्रम, व्यापारी अपने व्यापार, अन्नदाता किसान अपनी कृषि के लिए ईमानदारीपूर्वक कार्य करने लगे, तो अच्छे परिणाम आने में देर नहीं लगेगी।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि डबल इंजन सरकार के प्रयासों से प्रदेश में विकास और विरासत का संगम दिखायी दे रहा है। प्रदेश, अयोध्या तथा रुदौली नये रूप में आप सभी के सामने है। अच्छे लोगों के चुनने के अच्छे परिणाम आते हैं। उदाहरण के लिए यहां वीरांगना झलकारी बाई कोरी की भव्य प्रतिमा की स्थापना हुई। कामाख्या धाम नगर पंचायत बन गया। यहां ठीक सामने शानदार विवाह मण्डप बना है, जिसमें गरीब व्यक्ति विवाह, सार्वजनिक व मांगलिक कार्यक्रम सम्पन्न कर सकता है। यहां सड़कों का जाल कनेक्टिविटी प्रदान कर रहा है। स्वास्थ्य केन्द्र बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान कर रहे हैं। स्कूलों में अच्छी शिक्षा दी जा रही है। गरीबों के मकान व शौचालय बन रहे हैं। निःशुल्क राशन का लाभ मिल रहा है। पी0एम0 सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के अन्तर्गत सोलर पैनल उपलब्ध कराए जा रहे हैं। यह डबल इंजन सरकार की ताकत है। पिछली सरकारों में संवेदनहीनता एवं इच्छाशक्ति के अभाव में यह सम्भव नहीं था।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि अब उत्तर प्रदेश वासी पहचान के संकट से उबर चुके हैं। अयोध्या व उत्तर प्रदेश वासी देश तथा दुनिया में जहां कहीं जाते हैं, तो वहां के लोग गले लगने को उतावले दिखायी देते हैं। पिछले दिनों अयोध्या के बारे में जो समाचार पत्रों में देखने को मिला, हम लोगों ने ट्रस्ट के अनुरोध पर उस विषय पर एस0आई0टी0 जांच बिठाई है। एस0आई0टी0 जांच दूध का दूध और पानी का पानी करके रहेगी, इसमें कोई संदेह नहीं है। दोषी व्यक्ति को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा। कोई भी व्यक्ति ऐसी अनर्गल टिप्पणी और बातें न करे, जो राम भक्तों की भावनाओं को आहत करती हां। यदि किसी के पास कोई डॉक्यूमेन्ट्री साक्ष्य है, तो वह एस0आई0टी0 को उपलब्ध करा दे।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि प्रभु श्रीराम ने हमें मर्यादा का पाठ पढ़ाया है। हमारे पूर्वजों ने मर्यादा का पालन करते हुए 500 वर्षों तक प्रभु श्रीराम मन्दिर के लिए संघर्ष किया है। अयोध्या को बदनाम करने तथा श्रीराम जन्मभूमि मंदिर को अपमानित करने वाले लोगों के बहकावे में कतई न आए। यह लोग कभी नहीं चाहेंगे कि अयोध्या सम्मान पाए क्योंकि यह लोग स्वयं क्षमता विहीन थे। पहले अयोध्या को बिजली नहीं मिलती थी। इसे संकरी गलियों में बांध कर रख दिया था। यह लोग भगवान श्रीराम के अस्तित्व पर प्रश्न खड़ा करते थे।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि अयोध्या का विकास तब हो पाया जब यहां के जनप्रतिनिधियों ने सक्रिय रहकर लगातार कार्य किया। प्रशासन के साथ मिलकर टीम भावना के साथ आगे बढ़े। आज अयोध्या नई अयोध्या के रूप में दुनिया को आकर्षित कर रही है। अयोध्या सोलर नगरी बन गई है। अयोध्या में फोर-लेन सड़कें, महर्षि वाल्मीकि के नाम पर इंटरनेशनल एयरपोर्ट, निषादराज के नाम पर रैन बसेरा, माता शबरी के नाम पर भोजनालय बन चुका है। मां सरयू के आंचल में बनी हुई रामजी की पैड़ी, पंचकोसी और 14 कोसी परिक्रमा का भव्य स्वरूप किसको अच्छा नहीं लगता है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि आज यहां पर किया जा रहा 126 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास एक ही विधानसभा से सम्बन्धित है। अभी अयोध्या की आगे की कार्य योजना बनने जा रही है। उस कार्य योजना में रुदौली भी सम्मिलित रहेगा। यह सभी परियोजनाएं आएंगी, तो रुदौली को इसका लाभ मिलेगा। डबल इंजन सरकार मां सरयू और मां गोमती के बीच स्थित इस पवित्र स्थल के विकास को नई ऊंचाई तक पहुंचाने का काम करेगी। यहां स्थित मां कामाख्या के पवित्र धाम का विकास होना चाहिए। धाम को बेहतर स्वरूप प्रदान करने के लिए विधायक जी से प्रस्ताव मांगा जाएगा और उस प्रस्ताव के अनुसार हम आगे की कार्य योजना बनाएंगे।
कार्यक्रम के दौरान उत्तर प्रदेश के विकास से सम्बन्धित एक लघु फिल्म प्रदर्शित की गई।
इस अवसर पर विधान परिषद सदस्य श्री हरिओम पाण्डेय, विधायक श्री रामचन्द्र यादव, श्री चन्द्रभानु पासवान, श्री अमित सिंह चौहान, श्री अभय सिंह सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
---------