मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री के सुशासन को समर्पित निरन्तर सेवा के 12 वर्ष पूर्ण होने पर मीडिया प्रतिनिधियों को सम्बोधित किया
सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग द्वारा 12 वर्ष की उपलब्धियों पर लगायी गई प्रदर्शनी का अवलोकन किया
देश में सर्वाधिक समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री के रिकॉर्ड को तोड़ते हुए प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में 12 वर्ष के शानदार कार्यों को भारतवासियों ने देखा : मुख्यमंत्री
देश को जब लोकप्रिय, चमत्कारिक व दूरदर्शी सोच वाला नेता मिलता, तो सकारात्मक परिणाम आते
प्रत्येक प्रदेशवासी प्रधानमंत्री जी के राष्ट्र प्रथम के भाव से प्रेरणा लेकर विकसित व आत्मनिर्भर भारत की संकल्पना को सफल बनाने में योगदान देगा
उ0प्र0 ने विजन डॉक्यूमेण्ट/2047 तैयार कर कार्यक्रमों को आगे बढ़ाया
प्रदेश वर्ष 2030 तक 01 ट्रिलियन, वर्ष 2036 तक 02 ट्रिलियन और वर्ष 2047 तक 05 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनकर विकसित भारत, विकसित उ0प्र0 की दिशा में अग्रसर
भारत ने अपनी शक्ति और सामर्थ्य का एहसास दुनिया को कराया, आने वाले समय में भारत की ताकत का लोहा दुनिया मानेगी, उसका अनुसरण करेगी
भ्रष्टाचार मुक्त व्यवस्था के लिए टेक्नोलॉजी का उपयोग करते हुए व्यापक परिवर्तन की रणनीति व नई पहचान के साथ भारत को आगे बढ़ाने के कार्य को सफलता मिली
प्रधानमंत्री जी के विकसित व आत्मनिर्भर भारत के विज़न को ध्यान में रखकर उत्तर प्रदेश ने सफलता की कहानी को आगे बढ़ाया,
प्रदेश ने प्रत्येक क्षेत्र में उल्लेखनीय सफलता प्राप्त की
देश में गरीब, महिला, युवा तथा अन्नदाता किसान चार जातियां, जिन्हें राजनीतिक एजेण्डे का हिस्सा बना कर इनके समग्र उत्थान के लिए कार्यक्रम बनाए गए
प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में गरीबों के सस्टेनेबल विकास का मॉडल दिया गया, जिससे उनका जीवन स्तर ऊपर उठा, लगभग 25 करोड़ लोगों को गरीबी रेखा से उबारने में सफलता प्राप्त हुई
केन्द्र सरकार के कार्यक्रमों का सर्वाधिक लाभ उ0प्र0 को प्राप्त हुआ, प्रदेश में 65 लाख गरीब परिवारों को एक-एक आवास की सुविधा, 03 करोड़ गरीबों के घर में एक-एक शौचालय, लगभग 02 करोड़ परिवारों को यह सुविधा निःशुल्क मिली
प्रधानमंत्री जी ने देशवासियों के समक्ष ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ का नारा दिया, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना प्रारम्भ की
उ0प्र0 में विमेन वर्कफोर्स 12 प्रतिशत से बढ़कर 36 प्रतिशत से अधिक, प्रदेश पुलिस बल में महिलाओं के लिए 20 प्रतिशत अनिवार्य आरक्षण की व्यवस्था
ग्राम पंचायत की सहमति से घर की सबसे वरिष्ठ महिला सदस्य के नाम पर घरौनी देकर ग्रामीण अभिलेखों में महिलाओं को अधिकार उपलब्ध कराया गया
युवाओं को डिप्रेशन से बचाने तथा प्रोत्साहित करने के लिए प्रत्येक वर्ष परीक्षा के पूर्व प्रधानमंत्री जी परीक्षा पर चर्चा कर बोर्ड परीक्षाओं में भाग लेने वाले विद्यार्थियों से संवाद करते, छात्र भी उनके एजेण्डे का हिस्सा
नए भारत में अन्नदाता किसान भारत की अर्थव्यवस्था का हिस्सा, प्रधानमंत्री जी के मार्गदर्शन में उ0प्र0 में पहली बार स्वॉयल हेल्थ कार्ड, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना तथा प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना का सफलतापूर्वक क्रियान्वयन
देश और प्रदेश ने दुनिया में कोविड प्रबन्धन का बेहतरीन मॉडल प्रस्तुत किया, प्रधानमंत्री जी ने बेहतरीन प्रबन्धन और नेतृत्व का उदाहरण प्रस्तुत करते हुए प्रत्येक भारतवासी को निःशुल्क टेस्ट, वैक्सीन, राशन और उपचार की सुविधा उपलब्ध करायी
प्रधानमंत्री जी ने सम और विषम परिस्थिति में जब भी देशवासियों का आह्वान किया, पूरा देश उनके साथ खड़ा हुआ, कोविड कालखण्ड इसका उदाहरण
प्रदेश के राजभवन का नाम जन भवन रखा गया, यह गुलामी के अंशों को समाप्त करने का भाव
प्रधानमंत्री जी ने श्रीराम मन्दिर शिलान्यास, प्राण प्रतिष्ठा तथा श्रीराम मन्दिर के शिखर पर भारत की सनातन ध्वज पताका आरोहण कर भारत की आस्था को सम्मानित किया
प्रधानमंत्री जी ने आयुष मंत्रालय का गठन किया, भारत में सहकारिता आन्दोलन व परम्परागत उद्यमों को पुनर्जीवित किया, ‘एक जनपद एक उत्पाद योजना’ उसी विजन का परिणाम
डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग कॉरिडोर के माध्यम से भारत रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की ओर अग्रसर, प्रधानमंत्री जी के विजन के कारण उ0प्र0 में डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग कॉरिडोर का निर्माण, ब्रह्मोस मिसाइलें लखनऊ में तैयार हो रहीं
उ0प्र0 में ड्रोन मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर बन रहा, देश व उ0प्र0 अनेक रक्षा आपूर्तियों का केन्द्र बिन्दु बना
देश पश्चिम एशिया संकट के बावजूद ऊर्जा संकट से स्वयं को बचाने में सफल हुआ
प्रधानमंत्री जी के विजनरी लीडरशिप के कारण उ0प्र0 आस्था और आर्थिकी का अद्भुत संगम बना
लखनऊ : 12 जून, 2026
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने कहा कि देश में सर्वाधिक समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री के रिकॉर्ड को तोड़ते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में 12 वर्ष के शानदार कार्यों को भारतवासियों ने देखा है। विगत 12 वर्षों में हम सभी ने बदलते हुए भारत को देखा है। 2014 के पूर्व और 2014 के बाद के भारत में स्पष्ट परिवर्तन दिखायी दे रहा है। प्रधानमंत्री जी ने जो लक्ष्य तय किए हैं, उत्तर प्रदेश उन लक्ष्यों को प्राप्त करने की दिशा में मजबूती से आगे बढ़ा है।
मुख्यमंत्री जी आज यहां प्रधानमंत्री जी के 140 करोड़ भारतीयों की निरन्तर सेवा में सुशासन को समर्पित 12 वर्ष पूर्ण होने पर मीडिया प्रतिनिधियों को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग द्वारा 12 वर्ष की उपलब्धियों पर लगायी गई प्रदर्शनी का अवलोकन किया। कार्यक्रम के दौरान केंद्र सरकार की 12 वर्ष की उपलब्धियों पर आधारित लघु फिल्म भी प्रदर्शित की गई।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि भारत के निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में सबसे लम्बे समय तक कार्य करने पर दुनिया के प्रमुख राष्ट्रीय अध्यक्षों ने प्रधानमंत्री जी की कार्यप्रणाली और उनके दूरदर्शी नेतृत्व में भारत की विकास यात्रा पर अपनी बधाई व शुभकामनाएं दीं। देश को जब ऐसा लोकप्रिय, चमत्कारिक व दूरदर्शी सोच वाला नेता मिलता है, तो सकारात्मक परिणाम आते हैं।
उत्तर प्रदेश की 25 करोड़ जनता की ओर प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के प्रति अपनी शुभेच्छा व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री जी ने प्रभु श्रीराम से प्रार्थना की कि प्रधानमंत्री जी का यशस्वी नेतृत्व देश को निरन्तर प्राप्त होता रहे। प्रत्येक प्रदेशवासी प्रधानमंत्री जी के राष्ट्र प्रथम के भाव से प्रेरणा लेकर विकसित व आत्मनिर्भर भारत की संकल्पना को सफल बनाने में योगदान देगा।
हम लोगों ने उत्तर प्रदेश विजन डॉक्यूमेण्ट/2047 तैयार कर अपने कार्यक्रमों को आगे बढ़ाया है। उत्तर प्रदेश वर्ष 2030 तक 01 ट्रिलियन डॉलर, वर्ष 2036 तक 02 ट्रिलियन डॉलर और वर्ष 2047 तक 05 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनकर विकसित भारत, विकसित उत्तर प्रदेश तथा आत्मनिर्भर भारत व आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश बनने की दिशा में अग्रसर होगा। प्रधानमंत्री जी के संकल्पों के साथ यह उत्तर प्रदेश की प्रतिबद्धता है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि आज की पीढ़ी इस बात पर गौरव की अनुभूति कर सकती है कि हम उस नए भारत के नागरिक हैं, जो अपनी विकास यात्रा को अनेक चुनौतियों का सामना करते तथा झंझावतों से जूझते हुए बिना रुके, बिना डिगे, बिना थके निरन्तर आगे बढ़ा रही है। आज भारत ने अपनी शक्ति और सामर्थ्य का एहसास दुनिया को कराया है। आने वाले समय में भारत की इस ताकत का लोहा न केवल दुनिया मानेगी, बल्कि उसका अनुसरण भी करेगी। उन्होंने उत्तर प्रदेश की 25 करोड़ जनता की ओर से प्रधानमंत्री जी का अभिनन्दन किया।
विगत 12 वर्षों में प्रत्येक व्यक्ति ने बदलाव का एहसास किया है। गुलामी के कालखण्ड में अनेक प्रकार से लोगों की भावनाओं तथा आजादी को दबाया गया था। वर्ष 1947 में जब देश स्वतंत्र हुआ था, तो उस समय फोकस्ड कार्यक्रमों पर अपेक्षित ध्यान नहीं दिया गया। पहली बार भारत में कार्य योजना बनाने के साथ ही उसके सफल क्रियान्वयन हेतु सभी पक्षों को साथ लेकर इसे जन आंदोलन का रूप दिया गया।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि हमने इन 12 वर्षों में देश में प्रधानमंत्री जन धन योजना के अन्तर्गत खाते खोलने, स्वच्छ भारत मिशन में 12 करोड़ परिवारों के पास स्वयं का शौचालय होने, 04 करोड़ परिवारों को सिर ढकने के लिए आवास उपलब्ध कराने, गरीब को महंगे हॉस्पिटल में उपचार के लिय प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत योजना के अन्तर्गत 05 लाख रुपये का स्वास्थ्य बीमा कवर, नए उद्यमियों के लिए प्रधानमंत्री मुद्रा योजना, महिलाओं, अनुसूचित जाति-जनजाति के लिए स्टैण्ड-अप योजना, युवाओं के लिए स्टार्ट-अप योजना, भ्रष्टाचार मुक्त व्यवस्था के लिए डिजिटल इण्डिया और टेक्नोलॉजी का उपयोग करते हुए व्यापक परिवर्तन की रणनीति व नई पहचान के साथ भारत को आगे बढ़ाने के कार्य को सफलतापूर्वक क्रियान्वित होते देखा है। पूरे देश ने इन 12 वर्षों को आस्था और आर्थिकी के संगम के रूप में देखा है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि प्रधानमंत्री जी के विकसित व आत्मनिर्भर भारत के विज़न को ध्यान में रखकर उत्तर प्रदेश ने सफलता की कहानी को आगे बढ़ाया है। विगत 09 वर्षां में प्रदेश ने प्रत्येक क्षेत्र में उल्लेखनीय सफलता प्राप्त की है। 09 लाख युवाओं को नौकरी से जोड़ा गया है। एम0एस0एम0ई0 इकाइयों को पुनर्जीवित करने के परिणामस्वरूप 03 करोड़ से अधिक युवाओं को रोजगार प्राप्त हुआ है। मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान, मुद्रा योजना, स्टैण्ड-अप व स्टार्ट-अप योजना आदि के माध्यम से लगभग 01 करोड़ लोग स्वतः रोजगार और स्वयं के उद्यम स्थापित करने की दिशा में तेजी के साथ आगे बढ़े हैं।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि प्रधानमंत्री जी के अनुसार देश में केवल चार जातियां-गरीब, महिला, युवा तथा अन्नदाता किसान ही हैं। इन चारों को अपने राजनीतिक एजेण्डे का हिस्सा बना कर इनके समग्र उत्थान के लिए जो कार्यक्रम बनाए गए, वह अद्भुत हैं। देशवासियों को मोबाइल कनेक्टिविटी, इंफ्रास्ट्रक्चर में रोड, रेल, एयर कनेक्टिविटी, पब्लिक ट्रांसपोर्ट के लिए मेट्रो की सुविधा आदि उपलब्ध करवाई गई।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि जब प्रधानमंत्री जी ने सत्ता की बागडोर संभाली थी, तब देश की कुल आबादी 120 करोड़ थी। प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में गरीबों के सस्टेनेबल विकास का मॉडल दिया गया, जिससे उनका जीवन स्तर ऊपर उठा। गरीबों के उत्थान के लिए अनेक कार्यक्रम चलाए गए, जिसके परिणामस्वरूप लगभग 25 करोड़ लोगों को गरीबी रेखा से उबारने में सफलता प्राप्त हुई। इन 25 करोड़ लोगों ने सामान्य नागरिकों के रूप में अपनी जीवन यात्रा को आगे बढ़ाया है। इन कार्यक्रमों का सर्वाधिक लाभ उत्तर प्रदेश जैसे राज्य को प्राप्त हुआ। उत्तर प्रदेश देश की सबसे बड़ी आबादी वाला राज्य है। पहले यहां अराजकता, असुरक्षा, गुंडागर्दी तथा भ्रष्टाचार था। यहां के युवाओं के लिए राज्य में नौकरी और रोजगार नहीं था, उनके सामने पहचान का संकट था। उत्तर प्रदेश ने प्रधानमंत्री जी के विज़न का सर्वाधिक लाभ उठाया।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि यदि केन्द्र ने देश में 04 करोड़ गरीबों को एक-एक आवास दिया, तो उत्तर प्रदेश में 65 लाख गरीब परिवारों को एक-एक आवास की सुविधा का लाभ प्राप्त हुआ। देश में 12 करोड़ गरीबों के घर में एक-एक शौचालय बना, तो उत्तर प्रदेश में 03 करोड़ गरीबों के घर में एक-एक शौचालय बना। देश में 10 करोड़ घरों में माताओं के आंखों के आंसू पोंछने के लिए प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के अन्तर्गत एल0पी0जी0 के निःशुल्क कनेक्शन मिले, तो उत्तर प्रदेश में लगभग 02 करोड़ परिवारों को यह सुविधा निःशुल्क मिली। देश में आयुष्मान भारत योजना के अन्तर्गत 60 करोड़ लोग कवर हुए, तो प्रदेश में 15 करोड़ लोगों को यह सुविधा मिली। देश में 80 करोड़ लोगों को निःशुल्क राशन की सुविधा का लाभ प्राप्त हुआ, तो प्रदेश में 15 करोड़ लोगों को निःशुल्क राशन की सुविधा का लाभ प्राप्त हुआ। इन सभी सुविधाओं से एक गरीब के जीवन में व्यापक परिवर्तन आया है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि देश में गरीब पहली बार केवल वोट बैंक नहीं, बल्कि सरकार के एजेण्डे का हिस्सा बना। हम किसी गरीब की जाति, मत-मजहब और सम्प्रदाय नहीं देखते हैं। हमारे लिए गरीब, गरीब है। प्रत्येक दशा में उसका उत्थान होना चाहिए। उसके प्रति संवेदना होनी चाहिए। उसे बेहतर सुविधा प्राप्त होनी चाहिए। वह शासन की योजना से जुड़ने का हकदार है। वह सस्टेनेबल विकास की प्रक्रिया का हिस्सा बनना चाहिए, ताकि गरीबी का दंश उसे फिर कभी डसने का दुस्साहस न कर सके। यही मॉडल प्रधानमंत्री जी ने दिया है। प्रधानमंत्री जी ने गरीबों का उत्थान करके उन्हें सामान्य नागरिक के रूप में जीवनयापन करते हुए गौरव के साथ आगे बढ़ाया। पहली बार देश के उन लोगों को जीने का अधिकार प्रधानमंत्री जी ने दिया।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि पहले आधी आबादी महिलाओं के साथ भेदभाव होता था। असुरक्षा का वातावरण, भ्रूण हत्याएं तथा नौकरियों में कोई सुविधा नहीं थीं। कानून की जकड़न और तमाम प्रकार की बंदिशों के कारण जो स्थितियां पैदा हुईं थी, वर्ष 2014 के बाद उसमें सुधार आया। प्रधानमंत्री जी ने देशवासियों के समक्ष ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ, का नारा दिया। उन्होंने अनेक योजनाओं का शुभारम्भ किया। प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना प्रारम्भ की, ताकि संस्थागत प्रसव हो और मातृ मृत्यु दर और शिशु मृत्यु दर को न्यूनतम स्थिति में लाया जा सके।
देश की बेटियों के लिए अलग-अलग सेवाओं जैसे आर्मी, स्पेस टेक्नोलॉजी, उद्योगों तथा अन्य संस्थानों में बेहतरीन प्लेसमेन्ट की सुविधा तथा आरक्षण की व्यवस्था है। अब नारी शक्ति वन्दन अधिनियम के माध्यम से वह केवल वहीं तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि भारत की अर्थव्यवस्था का हिस्सा बनकर भारत का कानून बनाने का कार्य करेंगी। नारी शक्ति वन्दन अधिनियम के अन्तर्गत भारत की संसद के माध्यम से प्रधानमंत्री जी ने भारत की बेटियों तथा माताओं को स्थान उपलब्ध कराने का कार्य किया। प्रधानमंत्री जी की इसी दूरदर्शी सोच के दृष्टिगत प्रदेश में महिला स्वयं सहायता समूह तथा ड्रोन दीदी के माध्यम से नारी सशक्तिकरण अभियान को आगे बढ़ाया गया।
सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का केन्द्र बिंदु एक नारी है। एक नारी की गरिमा की रक्षा के लिए शौचालय बनाया जा रहा है। वह शौचालय स्वच्छ भारत मिशन का हिस्सा होने के साथ-साथ नारी गरिमा का प्रतीक भी है। उत्तर प्रदेश में हम बेसिक शिक्षा परिषद के माध्यम से विद्यालयों के विद्यार्थियों को यूनिफॉर्म, बैग, बुक्स, शूज, सॉक्स और स्वेटर देते हैं। यह योजना प्रधानमंत्री जी के बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान से प्रेरणा प्राप्त कर वर्ष 2017 में प्रारम्भ की गयी थी। पहले ज्यादातर परिषदीय विद्यालयों में पढ़ने वाली बेटियां भीषण सर्दी और तपती हुई धूप में नंगे पैर स्कूल जाती थीं। प्रदेश सरकार ने तय किया कि बेसिक शिक्षा परिषद में पढ़ने वाले प्रत्येक विद्यार्थी को बिना भेदभाव यूनिफॉर्म, जूता, मोजा, तथा स्वेटर उपलब्ध कराएंगे। स्कूल में ड्रॉप आउट रेट को कम करने के लिए पेयजल और टॉयलेट की सुविधा उपलब्ध करायी जाएगी। आज हमने सैचुरेशन के लक्ष्य को प्राप्त किया है।
मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना बेटी के जन्म से लेकर स्नातक तक की पढ़ाई के लिए बेटियों को सुविधा उपलब्ध कराती है। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अन्तर्गत बेटी के दहेज मुक्त विवाह के लिए प्रदेश सरकार 01 लाख रुपये उपलब्ध कराती है। इस योजना के अन्तर्गत लगभग 05 लाख बेटियों की शादी सम्पन्न हो चुकी है। प्रदेश सरकार द्वारा नारी सुरक्षा तथा सशक्तिकरण के लिए मिशन शक्ति अभियान चलाया गया, ताकि उन्हें प्रत्येक व्यवस्था में सम्मानजनक स्थान प्राप्त हो। सरकार ने उद्योगों की जकड़न को दूर करते हुए रिफॉर्म किया। परिणामस्वरूप उत्तर प्रदेश में विमेन वर्कफोर्स 12 प्रतिशत से बढ़कर 36 प्रतिशत से अधिक हो गयी है। प्रदेश पुलिस बल में महिलाओं के लिए 20 प्रतिशत अनिवार्य आरक्षण की व्यवस्था की गयी है। सरकार इसके लिए प्रयासरत है कि आधी आबादी के साथ किसी भी स्तर पर अन्याय न हो।
पहले ग्राम समाज की आबादी की जमीन ग्राम समाज के नाम पर होती थी। नारी गरिमा की रक्षा हेतु जमीन घर की मालकिन के नाम पर हो, इसके लिए ग्रामीण अभिलेखों को दुरुस्तीकरण किया गया। ग्राम पंचायत की सहमति से घर की सबसे वरिष्ठ महिला सदस्य के नाम पर घरौनी देकर ग्रामीण अभिलेखों में महिलाओं को अधिकार उपलब्ध कराया गया। प्रधानमंत्री आवास योजना के अन्तर्गत ज्यादातर आवास घर की मालकिन के नाम पर उपलब्ध कराए जाते हैं। यह सभी सुविधाएं नारी गरिमा की रक्षा, उनके संरक्षण और संवर्धन की दिशा में उठाए गए कदमों का हिस्सा है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि देश का युवा असीम ऊर्जा का प्रतीक है। भारत को अपनी युवा शक्ति पर गौरव की अनुभूति करनी चाहिए। इसका एहसास प्रधानमंत्री जी ने देशवासियों को कराया। युवाओं को डिप्रेशन से बचाने तथा प्रोत्साहित करने के लिए प्रत्येक वर्ष परीक्षा के पूर्व प्रधानमंत्री जी परीक्षा पर चर्चा कर बोर्ड परीक्षाओं में भाग लेने विद्यार्थियों से संवाद करते हैं। इसके दृष्टिगत उन्होंने एक पुस्तक भी लिखी है। अर्थात् छात्र भी उनके एजेण्डे का हिस्सा है। पुस्तकीय अध्ययन के साथ ही, छात्रों का स्किल डेवलपमेंट भी होना चाहिए। छात्रों में रिसर्च एण्ड इनोवेशन की प्रवृत्ति भी पैदा होनी चाहिए, ताकि वह अपना स्वयं का स्टार्टअप स्थापित कर सकें।
पहली बार स्वतंत्र भारत में युवाओं को यह एहसास हुआ कि वह अपना स्टार्टअप स्थापित कर सकते हैं। इसके लिए प्रधानमंत्री मुद्रा योजना उपलब्ध करवायी गयी है। मिशन रोजगार के अन्तर्गत प्रत्येक युवा को नौकरी तथा रोजगार उपलब्ध कराने तथा सशक्त करने के लिए अनेक कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। पी0एम0 विश्वकर्मा योजना तथा आत्मनिर्भर भारत के अन्तर्गत परम्परागत उद्यमों को प्रोत्साहित किया जा रहा है। युवाओं के लिए फिट इण्डिया मूवमेण्ट, खेलो इण्डिया कार्यक्रम स्पोर्ट्स अथॉरिटी के माध्यम से चलाए जा रहे हैं। डिजिटल इण्डिया अभियान के अन्तर्गत यूथ को अधिक से अधिक डिजिटली सशक्त किया जा रहा है। इन सभी कार्यक्रमों से युवाओं के जीवन में व्यापक परिवर्तन हुआ है। प्रत्येक स्तर पर उनका आत्मविश्वास बढ़ा है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि प्रधानमंत्री जी के कारण अन्नदाता किसान पहली बार सरकार के एजेण्डे का हिस्सा बने। नए भारत में अन्नदाता किसान आज भारत की अर्थव्यवस्था का हिस्सा है। पहले किसान चुनाव का मुद्दा तो होता था, लेकिन चुनाव के बाद सरकारों के एजेण्डे का हिस्सा न के बराबर होता था। महीनों तक किसानों की बातों को अनसुना कर दिया जाता था। प्रधानमंत्री जी के मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश में पहली बार स्वॉयल हेल्थ कार्ड, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना तथा प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना का सफलतापूर्वक क्रियान्वयन हुआ। उत्तर प्रदेश जैसे राज्य में प्रत्येक किसान को स्वॉयल हेल्थ कार्ड निःशुल्क उपलब्ध कराया गया। देश में 12 करोड़ किसान और प्रदेश में 03 करोड़ किसान प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि का लाभ प्राप्त कर रहे हैं। किसानों को उनकी उपज की लागत का डेढ़ गुना एम0एस0पी0 मिल रहा है। पहली बार आजादी के बाद यह सभी कार्य प्रधानमंत्री जी के सतत् मार्गदर्शन में सफलतापूर्वक क्रियान्वित हो सके हैं। आज किसान सह-फसली ले सकता है।
यू0पी0 जैसे राज्य में अकेले गन्ना किसानों को 3,22,000 करोड़ रुपये गन्ना मूल्य का भुगतान किया गया। उत्तर प्रदेश में गन्ना किसानों को लागत का डेढ़ गुना मूल्य प्राप्त हो रहा है। गन्ना किसानों को पहली बार मार्केट मूल्य से ज्यादा दाम मिलना प्रारम्भ हुआ। प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना में उत्तर प्रदेश में 24 लाख हेक्टेयर भूमि को अतिरिक्त सिंचाई की सुविधा उपलब्ध करायी गयी है। 15 लाख निजी नलकूप लगाने वाले किसानों को निःशुल्क बिजली की सुविधा उपलब्ध करायी गयी है। वर्ष 2017 में हमारी सरकारी आने पर पहला कार्यक्रम किसानों की कर्ज माफी से प्रारम्भ हुआ। उसके बाद से सरकार द्वारा किसानों के लिए अनेक कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि संकट में नेतृत्व की असली पहचान होती है। वर्ष 2020 के प्रारम्भ में सदी की सबसे बड़ी महामारी कोविड-19 से पूरी दुनिया को जूझना पड़ा था। इस महामारी के सामने विकसित देश पस्त हो चुके थे। उस समय भी भारत ने 140 करोड़ की आबादी को ध्यान में रखकर कार्यक्रमों को चलाया था। प्रत्येक दिन प्रधानमंत्री जी टेलीफोन या वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से पूरे देश के मुख्यमंत्रियों से संवाद करते थे। वह सभी को प्रोत्साहित करते थे तथा कार्यक्रमों के सफलतापूर्वक क्रियान्वयन के लिए मार्ग प्रशस्त करते थे। परिणामस्वरूप प्रदेश और देश ने दुनिया में कोविड प्रबन्धन का बेहतरीन मॉडल प्रस्तुत किया। प्रधानमंत्री जी ने बेहतरीन प्रबन्धन और नेतृत्व का उदाहरण प्रस्तुत करते हुए प्रत्येक भारतवासी को निःशुल्क टेस्ट, वैक्सीन, राशन, और उपचार की सुविधा उपलब्ध करायी।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि प्रधानमंत्री जी ने 15 अगस्त, 2022 को अमृत महोत्सव वर्ष के अवसर पर भारतवासियों को जोड़ने के लिए हर घर पर तिरंगा लगाने का आह्वान किया था। पहली बार भारतवासियों ने यह सुखःद अनुभूति प्राप्त की। जब यह देश आजाद हुआ होगा तब भारतवासी विभाजन की त्रासदी झेल रहे थे। लेकिन 15 अगस्त, 2022 को देश के उत्तर, दक्षिण, पूरब तथा पश्चिम में 140 करोड़ आबादी ने आजादी के अमृत महोत्सव से जुड़कर हर घर में तिरंगा लहराया था। भारत गौरव के साथ अपनी इस यात्रा को अपने यशस्वी नेता के नेतृत्व में आगे बढ़ा रहा था तथा इस बात का अनुभव भी करा रहा था कि कुशल नेतृत्व क्षमता से ही यह सम्भव है। प्रधानमंत्री जी ने सम और विषम परिस्थिति में जब भी देशवासियों का आह्वान किया, पूरा देश उनके साथ खड़ा हुआ है। कोविड कालखण्ड इसका उदाहरण है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि आजादी के अमृत महोत्सव में पूरा देश उनके साथ खड़ा हो गया था। उस समय उन्होंने देशवासियों पंचप्रण की बात की थी। विकसित और आत्मनिर्भर भारत बनाने के लिए पंचप्रण अनिवार्य हैं। उन्होंने कहा था कि देशवासी केवल अमृत महोत्सव से ही आनन्दित न हो, बल्कि भावी कार्य योजना को ध्यान में रखकर अपने कार्यक्रमों को आगे बढ़ाएं। भावी कार्यक्रमों में आत्मनिर्भर और विकसित भारत की संकल्पना को पूरा करना सम्मिलित है। जब यह देश अपनी आजादी का शताब्दी महोत्सव मना रहा होगा, तब हमें कैसा भारत चाहिए, इस पर हम सभी को विचार करने की आवश्यकता है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि विकसित व आत्मनिर्भर भारत के निर्माण के लिए प्रत्येक व्यक्ति को पंचप्रण लेने होंगे। इन प्रणों में गुलामी के अंशों को समाप्त करना और विरासत का सम्मान करना सम्मिलित है। ऐसा पहली बार हुआ है, जब प्रधानमंत्री जी के आवास के पास स्थित सड़क का नाम 07, रेस कोर्स रोड से बदलकर लोक कल्याण मार्ग तथा राजपथ का नाम कर्तव्य पथ रखा गया है। प्रदेश के राजभवन का नाम जन भवन रखा गया है। यह गुलामी के अंशों को समाप्त करने का भाव है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि भारत एक आस्थावान देश है। 500 वर्षों की गुलामी को हटाते हुए अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि मन्दिर का निर्माण प्रधानमंत्री जी के मार्गदर्शन में सम्पन्न हुआ है। प्रधानमंत्री जी ने श्रीराम मन्दिर शिलान्यास, प्राण प्रतिष्ठा तथा श्रीराम मन्दिर के शिखर पर भारत की सनातन ध्वज पताका आरोहण कार्यक्रम को अपने कर-कमलों से सम्पन्न कर भारत की आस्था को सम्मानित किया है। जो कभी नहीं हुआ, वह प्रधानमंत्री जी ने करके दिखाया है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि अयोध्या में भगवान श्रीरामलला का प्रकटीकरण, काशी में काशी विश्वनाथ धाम कॉरिडोर, महाकाल के महालोक तथा केदारपुरी का पुनरुद्धार कार्य प्रधानमंत्री जी के मार्गदर्शन में सम्पन्न हुआ। लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की 300 वीं जयन्ती, भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयन्ती, आधुनिक भारत के शिल्पी लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की 150वीं जयन्ती कार्यक्रम को भव्य स्वरूप प्रदान किया गया। सरदार वल्लभ भाई पटेल की दुनिया की सबसे बड़ी स्टैच्यू-स्टैच्यू ऑफ यूनिटी का निर्माण देश के किसानों व श्रमिकों की सहायता से सरदार साहब की जन्मभूमि केवड़िया में किया गया। यह आस्था और विरासत का सम्मान है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि प्रधानमंत्री जी ने आयुष मंत्रालय का गठन किया। भारत में सहकारिता आन्दोलन व परम्परागत उद्यमों को पुनर्जीवित किया। ‘एक जनपद एक उत्पाद योजना’ प्रधानमंत्री जी के उसी विजन का परिणाम है, जिसका मॉडल उत्तर प्रदेश बना है। प्रदेश एम0एस0एम0ई0 इकाइयों की सहायता से दुनिया में उपस्थित अनेक संकटों व बाधाओं के बावजूद 02 लाख करोड़ रुपये से अधिक का निर्यात करने में सफल हुआ है। प्रधानमंत्री जी ने परम्परागत कारीगरों और हस्तशिल्पियों को सम्मान देने के लिए पी0एम0 विश्वकर्मा योजना चलायी। उन हस्तशिल्पियों और कारीगरों को सम्मान दिया, जो आजादी के बाद लगातार सरकारों की उपेक्षा का दंश झेलते रहे। पिछली सरकारों ने अन्नदाता किसानों को आत्महत्या करने के लिए मजबूर कर दिया था।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि प्रधानमंत्री जी की 12 वर्षां की सुखद कार्यप्रणाली पर भारतवासी गौरव की अनुभूति कर रहे हैं। पहले छत्तीसगढ़ का बस्तर क्षेत्र भीषण नक्सलवाद की चपेट में थे। गत माह मुझे वहां जाने का अवसर प्राप्त हुआ। अब वहां कोई नक्सलवाद नहीं है। वहां आनन्ददायक व सुरक्षित वातावरण में होटल तथा उद्योग स्थापित हो रहे हैं। यह सब प्रधानमंत्री जी की इच्छा शक्ति से सम्भव हुआ है। जो नक्सलवाद भारत को दंश दे रहा था, आज वह नष्ट हो चुका है। पहले दुश्मन, देश की सीमाओं में घुसपैठ करता था। लोग देश की सुरक्षा से खिलवाड़ करते थे। सैनिकों का मनोबल गिराते थे। अब दुस्साहस करने वाले दुश्मन के घर में घुस कर मारा जाता है। ऑपरेशन सिन्दूर इसका उदाहरण है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि इससे पूर्व, सर्जिकल तथा एयर स्ट्राइक ने दुश्मन देश के होश उड़ा दिये थे। पहले कोई नहीं सोचता था कि रक्षा उत्पादन में भारत आत्मनिर्भर बनेगा। डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग कॉरिडोर के माध्यम से भारत रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की ओर अग्रसर है। पिछली सरकारें पॉलिसी पैरालिसिस का शिकार थीं। वह भारत को रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भर नहीं बनने देना चाहती थीं। प्रधानमंत्री जी के विजन के कारण उत्तर प्रदेश में डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग कॉरिडोर का निर्माण हुआ। हमें 35,000 करोड़ रुपये से अधिक के प्रस्ताव प्राप्त हुए। हमें इस बात का गर्व है कि देश के लिए काम आने वाली ब्रह्मोस मिसाइलें लखनऊ में तैयार हो रही हैं। पूरी दुनिया उसका लोहा मानती है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में ड्रोन मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर बन रहा है। देश व उत्तर प्रदेश अनेक रक्षा आपूर्तियों का केन्द्र बिन्दु बना है। भारत आज रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता का लक्ष्य प्राप्त करने में सफल हुआ है। यह भारत की वह कहानी है जो प्रत्येक क्षेत्र में सफलतापूर्वक आगे बढ़ी है। भारत दुनिया की टॉप अर्थव्यवस्था के रूप में मजबूती के साथ खड़ा है। देश पश्चिम एशिया संकट के बावजूद ऊर्जा संकट से स्वयं को बचाने में सफल हुआ है। अमेरिका पेट्रोलियम उत्पादों में एकाधिकार रखता है, इसके बावजूद वहां पेट्रोलियम पदार्थों के दाम कई गुना बढ़े हैं। दुनिया के सभी देशों में महंगाई कई गुना बढ़ी है। भारत मजबूती के साथ अपने नागरिकों को ईंधन की आपूर्ति कर रहा है। उन्हें महंगाई से बचाने के लिए मजबूती के साथ कदम बढ़ा रहा है। भारत की अर्थव्यवस्था दुनिया में सबसे तेज उभरती हुई अर्थव्यवस्था के रूप स्थापित हो रही है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि हम प्रदेशवासियों को एक बेहतरीन सुरक्षा, सुशासन और सेवा का मॉडल देने में सफल हुए हैं। उत्तर प्रदेश ने अपनी अर्थव्यवस्था को इन 09 वर्षों में तीन गुना बढ़ाने में सफलता प्राप्त की। उत्तर प्रदेश देश में सबसे तेजी के साथ बढ़ती हुई अर्थव्यवस्था के रूप में अग्रसर हुआ है। उत्तर प्रदेश को प्रति व्यक्ति आय को तीन गुना करने तथा बजट का दायरा तीन गुना बढ़ाने में सफलता प्राप्त हुई है। उत्तर प्रदेश आस्था और आर्थिकी का अद्भुत संगम बना है। यह सब प्रधानमंत्री जी के विजनरी लीडरशिप के कारण सम्भव हो पाया है।
कार्यक्रम को केन्द्रीय वित्त राज्य मंत्री श्री पंकज चौधरी ने भी सम्बोधित किया।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री द्वय श्री केशव प्रसाद मौर्य तथा श्री ब्रजेश पाठक, वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री श्री सुरेश कुमार खन्ना, प्राविधिक शिक्षा मंत्री श्री आशीष पटेल, पंचायती राज मंत्री श्री ओम प्रकाश राजभर, मत्स्य मंत्री श्री संजय निषाद, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री श्री अनिल कुमार, विधान परिषद सदस्य श्री मानवेन्द्र सिंह, शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी सहित अन्य गणमान्य नागरिक एवं मीडिया प्रतिनिधिगण उपस्थित थे।
-------
--
.jpg)
0 टिप्पणियाँ
If you have any doubts, please let me know