महिला किसान दिवस 2026 के उपलक्ष्य में सीआईआरजी में राष्ट्रीय कार्यशाला का आयोजन, महिला नेतृत्व वाले बकरी उद्यमों के सशक्तिकरण पर होगा राष्ट्रीय मंथन
महिला किसान दिवस 2026 के अवसर पर भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के केन्द्रीय बकरी अनुसंधान संस्थान, मखदूम द्वारा दिनांक 24 जून, 2026 को एक दिवसीय राष्ट्रीय कार्यशाला का आयोजन किया जा रहा है। कार्यशाला का मुख्य विषय “महिला नेतृत्व वाले बकरी उद्यमों का सशक्तिकरण” है, जिसका उद्देश्य बकरी पालन के क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी, नेतृत्व क्षमता एवं आर्थिक सुदृढ़ीकरण को बढ़ावा देना है ।
इस राष्ट्रीय कार्यशाला में देश के विभिन्न राज्यों से लगभग 20 किसान उत्पादक संगठन (एफ.पी.ओ.), गैर-सरकारी संगठन (एन.जी.ओ.) तथा अन्य संस्थाएं सहभागिता करेंगी । कार्यक्रम के दौरान सफल एवं प्रगतिशील महिला बकरी पालकों को अपने अनुभव साझा करने का अवसर प्रदान किया जाएगा तथा उनका वैज्ञानिकों एवं विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ सीधा संवाद आयोजित किया जाएगा ।
कार्यशाला में प्रतिभागियों को बकरी पालन से संबंधित नवीनतम तकनीकों, वैज्ञानिक प्रबंधन पद्धतियों, तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं परियोजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की जाएगी। इससे महिला उद्यमियों को अपने व्यवसाय को अधिक लाभकारी एवं टिकाऊ बनाने में सहायता मिलेगी।
कार्यक्रम के दौरान बकरी पालन के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाली प्रगतिशील महिला बकरी पालकों को सम्मानित भी किया जाएगा। यह सम्मान उनके नवाचार, उद्यमशीलता एवं ग्रामीण अर्थव्यवस्था में योगदान को मान्यता प्रदान करेगा।
इस राष्ट्रीय कार्यशाला में 150 से अधिक किसान, विभिन्न कृषि एवं पशुधन अनुसंधान संस्थानों के निदेशक, वैज्ञानिक, शोधार्थी, विस्तार विशेषज्ञ तथा अन्य गणमान्य अतिथि भाग लेंगे । कार्यक्रम महिलाओं की आजीविका संवर्धन, उद्यमिता विकास तथा आत्मनिर्भर ग्रामीण अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल सिद्ध होगा ।
केन्द्रीय बकरी अनुसंधान संस्थान द्वारा आयोजित यह कार्यशाला महिला किसानों के ज्ञानवर्धन, क्षमता निर्माण एवं बकरी आधारित उद्यमों के सतत विकास के लिए एक प्रभावी मंच प्रदान करेगी ।

0 टिप्पणियाँ
If you have any doubts, please let me know