प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 23वीं किस्त के हस्तांतरण कार्यक्रम का संस्थान में सीधा प्रसारण

भा.कृ.अ.प. – केंद्रीय बकरी अनुसंधान संस्थान (सीआईआरजी), फरह, मथुरा में आज माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी द्वारा प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (PM-KISAN) योजना की 23वीं किस्त के हस्तांतरण के अवसर पर आयोजित राष्ट्रीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया गया। कार्यक्रम का आयोजन संस्थान परिसर में स्थापित एलईडी स्क्रीन के माध्यम से किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में किसानों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

कार्यक्रम में माननीय प्रो. एस. पी. सिंह बघेल, राज्यमंत्री, मत्स्य पालन, पशुपालन एवं डेयरी, भारत सरकार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। वहीं श्री सोनपाल जी, निदेशक, दीनदयाल धाम शोध केंद्र, फरह विशिष्ट अतिथि के रूप में कार्यक्रम में सम्मिलित हुए।

अपने संबोधन में प्रो. एस. पी. सिंह बघेल ने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना किसानों के लिए अत्यंत लाभकारी एवं कल्याणकारी योजना है, जो खेती की मूलभूत आवश्यकताओं की पूर्ति हेतु आर्थिक सहायता प्रदान करती है। उन्होंने किसानों को भारत सरकार की अन्य महत्वपूर्ण योजनाओं, जैसे फसल बीमा योजना, आयुष्मान भारत योजना तथा कृषक दुर्घटना कल्याण योजना की विस्तृत जानकारी देते हुए जागरूक होकर इन योजनाओं का लाभ उठाने का आह्वान किया।

माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने पश्चिम बंगाल के तारकेश्वर, हुगली से देशभर के किसानों को संबोधित करते हुए किसान कल्याण एवं कृषि सशक्तिकरण के लिए केंद्र सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं एवं प्रयासों पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर प्रधानमंत्री द्वारा एक क्लिक के माध्यम से देश के 9.44 करोड़ से अधिक किसानों के खातों में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 23वीं किस्त के रूप में लगभग ₹18,800 करोड़ की राशि हस्तांतरित की गई।

अपने संबोधन में माननीय प्रधानमंत्री ने महिलाओं के सशक्तिकरण में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की महत्वपूर्ण भूमिका पर विशेष बल दिया। उन्होंने बताया कि 23वीं किस्त के अंतर्गत ही लगभग 2.18 करोड़ महिला किसान लाभान्वित होंगी। यह पहल केवल आर्थिक सहायता तक सीमित नहीं है, बल्कि महिला किसानों के नेतृत्व, आत्मनिर्भरता एवं निर्णय क्षमता को सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

कार्यक्रम के दौरान माननीय मंत्री प्रो. एस. पी. सिंह बघेल ने किसानों एवं पशुपालकों तक सच्ची, स्पष्ट एवं वैज्ञानिक जानकारी पहुँचाने के उद्देश्य से संस्थान द्वारा स्थापित “बकरी संवाद पॉडकास्ट रूम” का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने अपने संदेश में किसानों एवं युवाओं से संस्थान की नवीन तकनीकों, अनुसंधान उपलब्धियों एवं प्रशिक्षण कार्यक्रमों से जुड़ने का आह्वान किया, ताकि वैज्ञानिक बकरी पालन के माध्यम से उनकी आय एवं आजीविका में वृद्धि हो सके।

इसके अतिरिक्त माननीय मंत्री ने किसानों की सेवा एवं तकनीकी परामर्श को गांव-गांव तक पहुँचाने हेतु संस्थान द्वारा संचालित “अजापारी” मोबाइल सेवा वाहन का अवलोकन किया। उन्होंने इस अभिनव पहल की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए कहा कि यह वाहन किसानों एवं पशुपालकों तक वैज्ञानिक जानकारी, तकनीकी मार्गदर्शन तथा संस्थान की सेवाओं को सीधे पहुँचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

संस्थान के निदेशक डॉ. मनीष कुमार चेटली ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की सराहना करते हुए कहा कि यह योजना कृषकों के आर्थिक सशक्तिकरण एवं समृद्धि की दिशा में एक मील का पत्थर सिद्ध हो रही है। उन्होंने किसानों को फसल उत्पादन के साथ-साथ पशुपालन, विशेषकर बकरी पालन जैसी आयवर्धक गतिविधियों को अपनाने के लिए प्रेरित किया, जिससे उनकी आय में उल्लेखनीय वृद्धि संभव है।

इस अवसर पर मथुरा जनपद के 480 से अधिक किसान कार्यक्रम में उपस्थित रहे, जिनमें 50 प्रतिशत से अधिक महिला किसान शामिल थीं। सभी किसानों ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि जैसी ऐतिहासिक एवं किसान हितैषी योजना के लिए माननीय प्रधानमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया तथा कार्यक्रम के प्रति विशेष उत्साह एवं प्रसन्नता व्यक्त की।

कार्यक्रम का सफल संचालन एवं समन्वयन संस्थान के वैज्ञानिकों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा किया गया।