मुख्यमंत्री ने जनपद गोण्डा में 516 करोड़ रु0 लागत की
262 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया

विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को प्रतीकात्मक चेक,
चाभी, स्वीकृति पत्र, प्रमाण पत्र आदि प्रदान किये

विगत 12 वर्षों में प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व और विगत 09 वर्षों में डबल इंजन
सरकार के प्रयासों से प्रदेश के विकास के लिए अनेक कदम उठाए गए : मुख्यमंत्री

अत्यन्त ऊर्जावान जनपद गोण्डा माँ बाराही देवी धाम की पावन धरा, यहां के
कारीगरों और हस्तशिल्पियों ने अपने हुनर की छाप देश और दुनिया तक पहुंचायी

गोण्डा में निवेश के माध्यम से युवाओं को स्थानीय रूप से रोजगार प्राप्त हो रहा

पहले गोण्डा में मेडिकल कॉलेज एक सपना था, आज वह
सपना साकार हुआ जनपद में कम्पोजिट विद्यालय का निर्माण हो रहा

भगवान श्रीराम के पुत्र लव ने श्रावस्ती बसायी, भगवान बुद्ध ने
वहां चातुर्मास व्यतीत किए, वहां एयरपोर्ट का निर्माण हो रहा

05 जून ‘विश्व पर्यावरण दिवस’ से 21 जून ‘अन्तरराष्ट्रीय योग दिवस’ तक
प्रधानमंत्री जी के 12 वर्ष के सफलतम कार्यकाल व उपलब्धियों तथा
डबल इंजन सरकार के योगदान से सम्बन्धित कार्यक्रम लगातार चलेंगे

कार्यक्रमों की श्रृंखला में विकास खण्ड स्तर पर स्वास्थ्य,
कृषि, रोजगार तथा ऋण मेले आयोजित किये जाएंगे

गोण्डा में प्राकृतिक खेती का दायरा बढ़ा, हमें प्राकृतिक जीवन पद्धति
अपनाकर आरोग्यता का लक्ष्य प्राप्त करने की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए

वैश्विक ऊर्जा संकट के समय प्रधानमंत्री जी का
मार्गदर्शन सम्पूर्ण देश को नई ऊर्जा व दिशा दे रहा

जो अच्छा काम करे उसके साथ खड़ा होना सीखिए, उसी में
वर्तमान व भावी पीढ़ी का भविष्य सुरक्षित, विकास का कोई विकल्प नहीं

यहां 516 करोड़ रु0 की परियोजनाओं का लाभ देने के साथ ही
विकास के नये प्रस्ताव मांगे गये, मटियारी घाट में दीर्घ सेतु निर्माण व
घाघरा नदी के तट पर बाढ़ नियंत्रण के कार्यक्रम को स्वीकृति प्रदान की गयी

रमापुर में पशु चिकित्सालय, राजकीय आई0टी0आई0, कर्नलगंज में आधुनिक
कार्यशाला के निर्माण से युवाओं के लिए रोजगार के नये अवसर सृजित होंगे

लखनऊ : 06 जून, 2026


उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने कहा कि विगत 12 वर्षों में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व और विगत 09 वर्षों में डबल इंजन सरकार के प्रयासों से प्रदेश के विकास के लिए अनेक कदम उठाए गए हैं। आज उसके अच्छे परिणाम दिखायी दे रहे हैं। अब गोण्डा के युवाओं को पहचान के लिए मोहताज नहीं होना पड़ता है। आप देश में कहीं भी जाएंगे, यू0पी0 का नाम सुनते ही सामने वाले का चेहरा खिलता हुआ दिखायी देता। वह आपको गले लगाने के लिए उतावला दिखाई देता है। आज आप गोण्डा से किसी अन्य जनपद जाएंगे, वहां के लोग आपसे मित्रवत व्यवहार करेंगे, क्योंकि उन्हें मालूम है कि गोण्डा अयोध्या के पड़ोस का जनपद है।
मुख्यमंत्री जी आज जनपद गोण्डा में 516 करोड़ रुपये लागत की 262 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करने के पश्चात आयोजित कार्यक्रम में अपने विचार व्यक्त कर रहे थे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री जी ने विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को प्रतीकात्मक चेक, चाभी, स्वीकृति पत्र, प्रमाण पत्र आदि प्रदान किये। इससे पूर्व, मुख्यमंत्री जी ने विभिन्न विभागों द्वारा लगायी गयी प्रदर्शनी का अवलोकन किया तथा गर्भवती महिलाओं की गोद भराई व बच्चों का अन्नप्राशन कराया।  
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि अत्यन्त ऊर्जावान जनपद गोण्डा माँ बाराही देवी धाम की पावन धरा है। यहां के युवा व बेटियां प्रतिभावान तथा अन्नदाता किसान परिश्रमी हैं। यहां के कारीगरों और हस्तशिल्पियों ने अपने हुनर की छाप देश और दुनिया तक पहुंचाई है। जनपद का पौराणिक इतिहास है। गोण्डा ने देश के स्वाधीनता आन्दोलन में अग्रणी भूमिका निभायी, लेकिन पूर्व की सरकारों द्वारा किये गये भाई-भतीजावाद से इसका विकास अवरुद्ध हो गया था। जहां सरयू मैया की असीम कृपा रहनी चाहिए थी और जहां की फसलें लहलहाते हुए देश की जनता का पेट भरने का कार्य करतीं, वह जनपद नियोजित प्रयास के अभाव में पिछड़ता चला गया था। एक समय ऐसा भी आ गया था जब उत्तर प्रदेश के अन्य जनपदों की भांति गोण्डा के युवाओं के सामने पहचान का संकट आ गया था।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि आज प्रदेश के युवाओं को नौकरी व मिल रही है। प्रदेश सरकार द्वारा की गई 60,244 पुलिस कार्मिकों की भर्ती में गोण्डा, बहराइच, श्रावस्ती तथा बलरामपुर के सैकड़ों युवा भर्ती हुए थे। अब निवेश केवल गौतमबुद्धनगर, गाजियाबाद और मेरठ तक सीमित नही है, अब गोण्डा में निवेश के माध्यम से युवाओं को स्थानीय रूप से रोजगार प्राप्त हो रहा है। आज यहां अलग-अलग योजनाओं से सम्बन्धित लगभग 20 लाभार्थियों को प्रधानमंत्री आवास योजना, मुख्यमंत्री आवास योजना, स्वच्छ भारत मिशन, आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, दिव्यांग जन पेंशन, निराश्रित महिला पेंशन तथा वृद्धावस्था पेंशन योजना आदि से बिना भेदभाव के लाभान्वित किया गया। यही प्रधानमंत्री जी के ‘सबका साथ और सबका विकास’ मंत्र का भाव है। गांव-गांव तथा घर-घर तक कल्याणकारी व विकास योजनाओं का लाभ सभी पात्रों को बिना भेदभाव के प्रदान किया जा रहा है। वर्ष 2017 से पूर्व बेटी व व्यापारी सुरक्षित नहीं थे। पर्व व त्योहारों पर कर्फ्यू लग जाता थ। आज पर्व और त्योहारों में कोई व्यवधान नहीं डाल सकता है। उत्सव के रंग में किसी ने भंग करने का काम किया तो, उसे इसकी कीमत चुकानी होगी।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि डबल इंजन सरकार के प्रयासों से 500 वर्षों की प्रतीक्षा के उपरान्त अयोध्या में मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के भव्य मन्दिर का निर्माण हुआ। गोण्डा जनपद के अनेक लोगों ने श्रीराम मन्दिर आन्दोलन में प्रतिभाग किया था। उन्होंने आंदोलन के दौरान तत्कालीन सरकारों द्वारा किये गये अत्याचार को भी महसूस किया था। अब अयोध्या में श्रीराम भक्त प्रभु श्रीराम का दर्शन-पूजन बिना विघ्न बाधा के करते हैं। आज अयोध्या चमक रही है। जो अयोध्या आता है, वह उसके वैभव से आह्लादित होता हुआ दिखायी देता है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि पहले गोण्डा में मेडिकल कॉलेज एक सपना था, आज वह सपना साकार हुआ है। गोण्डा में इन्जीनियरिंग तथा एग्रीकल्चर कॉलेज है। कम्पोजिट विद्यालय तथा चिकित्सालय का निर्माण हो रहा है। यहां के जनप्रतिनिधियां द्वारा पुल, पुलिया, सड़क, फोर-लेन, सिक्स-लेन तथा टू-लेन सड़क आदि के निर्माण से सम्बन्धित जो प्रस्ताव भेजे गए प्रदेश सरकार ने जनता-जनार्दन के हित को ध्यान में रखते हुए उन प्रस्तावों पर त्वरित निर्णय लिया। जनपद में विकास, गरीब कल्याण, विरासत से जुड़े अनेक कार्य हो रहे हैं। यह अच्छी सरकार चुनने का परिणाम है। बहराइच, बलरामपुर, अयोध्या, बस्ती, सिद्धार्थ नगर आदि जनपदों में मेडिकल कॉलेज बन चुके हैं। प्रदेश का ऐसा कौन सा जनपद है, जहां मेडिकल कॉलेज का निर्माण नहीं हो रहा है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि भगवान श्रीराम के पुत्र लव ने श्रावस्ती बसायी। भगवान बुद्ध ने वहां चातुर्मास व्यतीत किए। श्रावस्ती जैन तीर्थंकर भगवान सम्भवनाथ की पावन धरा है। प्रदेश सरकार ने तय किया कि श्रावस्ती में एयरपोर्ट का निर्माण भी होना चाहिए। श्रावस्ती में एयरपोर्ट का निर्माण हो रहा है। श्रावस्ती महाराज सुहेलदेव के इतिहास से जुड़ी है। विदेशी आक्रान्ताओं को मुंहतोड़ जवाब कैसे दिया जाना चाहिए यह प्रेरणा 1000 वर्ष पूर्व महाराजा सुहेलदेव ने दी थी। वह भारत के शौर्य के प्रतीक हैं।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि आज गोण्डा के कटरा बाजार, विधानसभा क्षेत्र में 256 करोड़ रुपये लागत तथा कर्नलगंज विधानसभा क्षेत्र में 260 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास का कार्य सम्पन्न हो रहा है। वर्तमान में एक बड़ा अभियान प्रारम्भ हो रहा है। 05 जून ‘विश्व पर्यावरण दिवस’ से लेकर
21 जून ‘अन्तरराष्ट्रीय योग दिवस’ तक प्रधानमंत्री जी के 12 वर्ष के सफलतम कार्यकाल व उपलब्धियों तथा डबल इंजन सरकार के योगदान से सम्बन्धित कार्यक्रम लगातार चलेंगे। उन कार्यक्रमों की श्रृंखला में विकास खण्ड स्तर पर स्वास्थ्य, कृषि, रोजगार तथा ऋण मेले आयोजित किये जाएंगे। यह कार्य जनप्रतिनिधियों द्वारा आगे बढ़ाए जाएंगे। आपका दायित्व बनता है कि आप भी इन योजनाओं से जुड़े। हमनें तय किया है कि 02 विधान सभा क्षेत्रों का लगातार दौरा, कार्यां की समीक्षा तथा परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास जनता को यह अनुभूति कराएगा कि अच्छे लोगों के चुनने के अच्छे परिणाम आते हैं।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि गोण्डा में प्राकृतिक खेती का दायरा बढ़ा है। हमें प्राकृतिक जीवन पद्धति को अपनाकर आरोग्यता का लक्ष्य प्राप्त करने की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए। यह आज की आवश्यकता है। वैश्विक ऊर्जा संकट के समय प्रधानमंत्री जी का मार्गदर्शन सम्पूर्ण देश को नई ऊर्जा व दिशा दे रहा है। उन चुनौतियों से जूझने के लिए हम सबके मन उत्साह उत्पन्न कर रहा है। पी0एम0 सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के अन्तर्गत घर-घर में सोलर पैनल लगाए जा रहे हैं। यह बिजली की आवश्यकता को पूर्ण करेंगे तथा प्राकृतिक ऊर्जा उपलब्ध कराएंगे। ग्रीन एनर्जी के माध्यम से नेट जीरो के लक्ष्य को प्राप्त करने की दिशा में आगे बढ़ पाएंगे।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि जो अच्छा काम करे उसके साथ खड़ा होना सीखिए। उसी में वर्तमान व भावी पीढ़ी का भविष्य सुरक्षित है। विकास का कोई विकल्प नहीं हो सकता। यहां 516 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का लाभ देने के साथ ही विकास के नये प्रस्ताव मांगे गये हैं। मटियारी घाट में दीर्घ सेतु निर्माण तथा घाघरा नदी के तट पर बाढ़ नियंत्रण के कार्यक्रम को स्वीकृति प्रदान की गयी है। इससे हजारों एकड़ कृषि भूमि बाढ़ के दुष्प्रभाव से बच सकेगी। टेढ़ी नदी पर वर्षां से लम्बित सेतु निर्माण का कार्य पूर्ण होने से क्षेत्र को लाभ प्राप्त होगा। रमापुर में पशु चिकित्सालय, राजकीय आई0टी0आई0, कर्नलगंज में आधुनिक कार्यशाला के निर्माण से युवाओं के लिए रोजगार के नये अवसर सृजित होंगे।
इस अवसर पर सांसद श्री करण भूषण सिंह, विधान परिषद सदस्य श्री अवधेश कुमार सिंह, विधायक श्री विनय कुमार द्विवेदी, श्री अजय सिंह, श्री बावन सिंह, श्री प्रेम नारायण पाण्डेय, श्री प्रभात कुमार वर्मा सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
---------