मुख्यमंत्री ने जनपद हमीरपुर में 636.82 करोड़ रु0 लागत की
75 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया

इनमें हमीरपुर विधान सभा क्षेत्र की 284.46 करोड़ रु0 लागत की 45 परियोजनाएं
तथा राठ विधान सभा क्षेत्र की 352.35 करोड़ रु0 लागत की 30 परियोजनाएं शामिल

विगत 12 वर्षों में हमने प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में भारत को बदलते हुए देखा,
आधुनिक काल में प्रधानमंत्री जी ने योग विधा को वैश्विक मान्यता दिलायी : मुख्यमंत्री

आज दुनिया के लगभग 100 देश भारत की
ऋषि परम्परा की प्राचीन विधा योग के साथ जुड़े

नए भारत की तर्ज पर उ0प्र0 ने अपनी नयी पहचान बनायी

मुख्यमंत्री ने स्वामी ब्रह्मानन्द महाराज की पुण्य स्मृति को नमन करते
हुए उनकी भव्य प्रतिमा तथा समाधि स्थल पर पुष्पांजलि अर्पित किए

आज बुन्देलखण्ड के पास अपना एक्सप्रेस-वे, यहाँ डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग
कॉरिडोर का नोड बना, यह प्रधानमंत्री जी के विजन से सम्भव हुआ

हर घर नल योजना के माध्यम से लाखों परिवारों तक शुद्ध पेयजल
पहुंचाया गया, जिससे विशेष रूप से माताओं एवं बहनों को बड़ी राहत मिली
 
पुलिस भर्ती में हमीरपुर, महोबा, चित्रकूट, बाँदा, झाँसी, ललितपुर,
जालौन सहित पूरे बुन्देलखण्ड क्षेत्र का नौजवान भी भर्ती होता
 
नए एयरक्राफ्ट आने के बाद जब चित्रकूट से वायु सेवा प्रारम्भ
हो जाएगी, तो बुन्देलखण्ड में बेहतरीन एयर कनेक्टिविटी दिखायी देगी

परिवहन विभाग राठ के लिए स्वीकृत बस स्टैण्ड का कार्य तेजी से आगे बढ़ाए

पूज्य स्वामी ब्रह्मानंद महाविद्यालय को विश्वविद्यालय के रूप में
विकसित किए जाने हेतु प्रस्ताव तैयार किया जाए, हमीरपुर
जनपद में मेडिकल कॉलेज का निर्माण भी होना चाहिए

 जल संरक्षण हमारा नागरिक कर्तव्य एवं जिम्मेदारी, सिंचाई
के लिए आधुनिक व वैज्ञानिक तरीकों का उपयोग किया जाना चाहिए

जिन क्षेत्रों में माइनिंग हुई, वहाँ वृक्षारोपण को एक जन अभियान बनाना चाहिए

बुन्देलखण्ड क्षेत्र में झाँसी के पास भारत की सबसे
बड़ी औद्योगिक सिटी के रूप में बीडा का निर्माण किया जा रहा

लखनऊ : 21 जून, 2026

     उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने कहा कि हमीरपुर की पावन धरा को राजा हमीर देव ने अपने शौर्य और पराक्रम से एक नई पहचान दी थी। देश की स्वाधीनता आन्दोलन में पूज्य स्वामी ब्रह्मानन्द ने अपने कार्यों से इसे विशिष्ट ऊंचाइयां दी। देश के लिए जब भी आवश्यकता पड़ी, बुन्देलखण्ड के वीरों ने अपना बलिदान देने में संकोच नहीं किया। ऐसी वीरभूमि हमीरपुर में उन्हें आने का अवसर प्राप्त हुआ है। यह पावन धरा माँ यमुना और बेतवा नदी के संगम पर बसी है। आज हमीरपुर के विकास की 636 करोड़ रुपये से अधिक लागत की परियोजनाओं का उपहार जनपदवासियों को प्राप्त हो रहा है।
मुख्यमंत्री जी आज जनपद हमीरपुर में 636.82 करोड़ रुपये लागत की 75 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करने के उपरान्त आयोजित कार्यक्रम में अपने विचार व्यक्त कर रहे थे। इनमें 225.08 करोड़ रुपये लागत की 34 परियोजनाओं का लोकार्पण तथा 411.73 करोड़ रुपये लागत की 41 परियोजनाओं का शिलान्यास शामिल है। इन परियोजनाओं में हमीरपुर विधान सभा क्षेत्र की 284.46 करोड़ रुपये लागत की 45 परियोजनाएं तथा राठ विधान सभा क्षेत्र की 352.35 करोड़ रुपये लागत की 30 परियोजनाएं शामिल हैं।
इससे पूर्व, उन्होंने स्वामी ब्रह्मानन्द महाराज की पुण्य स्मृति को नमन करते हुए उनकी भव्य प्रतिमा तथा समाधि स्थल पर पुष्पांजलि अर्पित कर जनपद हमीरपुर सहित प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि, शांति एवं सर्वांगीण विकास की कामना की। उन्होंने स्वामी ब्रह्मानन्द महाराज के आध्यात्मिक एवं सामाजिक योगदान का स्मरण करते हुए उनके आदर्शों को समाज के लिए प्रेरणा स्रोत बताया।
मुख्यमंत्री जी ने हमीरपुरवासियों को विकास परियोजनाओं की बधाई देते हुए कहा कि यह परियोजनाएँ इसलिए मूर्तरूप ले पा रही हैं, क्योंकि यहाँ के लोगों ने अच्छे जनप्रतिनिधियों को चुना है। वर्ष 2017 से पहले बुन्देलखण्ड क्षेत्र पेयजल संकट, खराब सड़कों और सीमित विकास सुविधाओं के लिए जाना जाता था। बुन्देलखण्ड में कनेक्टिविटी की समस्या थी। ऐसा नहीं था कि यहाँ पानी कम रहा हो। जहाँ यमुना जी और बेतवा जी का संगम हो, वह जनपद पानी के लिए तरसता था। नौजवानों के सामने पहचान का संकट था। बालू, खनन तथा भू-माफिया हावी थे, जो गरीबों का शोषण करते थे। इसका परिणाम था कि देश में जनपद हमीरपुर सहित पूरे प्रदेश को लोग शक की निगाहों से देखते थे।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि वर्ष 2017 में जब वह मुख्यमंत्री बने, तो उन्होंने बुन्देलखण्ड की कनेक्टिविटी के लिए बुन्देलखण्ड एक्सप्रेस-वे की बात की। आज बुन्देलखण्ड के पास अपना एक्सप्रेस-वे है। यहाँ डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग कॉरिडोर का नोड बना है। अब उत्तर प्रदेश में गोला-बारूद और तोप व मिसाइलें बन रही हैं। यह प्रधानमंत्री जी के विजन से सम्भव हुआ है। ऑपरेशन सिन्दूर में अपने शौर्य का परिचय देने वाली ब्रह्मोस मिसाइल अब लखनऊ में बन रही है। यह नए भारत की ताकत है। अब नया भारत पहचान के लिए मोहताज नहीं है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि विगत 12 वर्षों में हमने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में भारत को बदलते हुए देखा है। आज प्रातःकाल दुनिया के लगभग 100 देशों के भारत की ऋषि परम्परा की प्राचीन विधा योग के साथ जुड़े थे। जब दुनिया के लोग योग की परम्परा के साथ जुड़ रहे थे, तो न केवल हमारा वर्तमान, बल्कि हमारा अतीत भी गौरवान्वित हो रहा था और भविष्य भी प्रफुल्लित होता हुआ दिखायी दे रहा था। योग भारत की ऋषि परम्परा, भारत के योगियों एवं विभूतियों की देन है। आधुनिक काल में प्रधानमंत्री जी ने योग विधा को वैश्विक मान्यता दिलायी। आज हमने 12वें योग महोत्सव के साथ जुड़कर अन्तरराष्ट्रीय स्तर पर एक बार फिर से भारत की पहचान को दुनिया के सामने प्रस्तुत किया है।
नए भारत की तर्ज पर उत्तर प्रदेश ने भी अपनी नयी पहचान बनायी है। हर घर नल योजना के माध्यम से लाखों परिवारों तक शुद्ध पेयजल पहुंचाया गया है, जिससे विशेष रूप से माताओं एवं बहनों को बड़ी राहत मिली है। अब पानी उनके घर तक पहुंच रहा है। महिला स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाएँ कहीं बालिनी मिल्क प्रोड्यूसर कम्पनी, कहीं ड्रोन दीदी, कहीं लखपति दीदी, तो कहीं बी0सी0 सखी के रूप में अपनी एक नई पहचान बना रही हैं। अब पुलिस भर्ती में हमीरपुर, महोबा, चित्रकूट, बाँदा, झाँसी, ललितपुर, जालौन सहित पूरे बुन्देलखण्ड क्षेत्र का नौजवान भी भर्ती होता है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि आज बुन्देलखण्ड क्षेत्र के विकास के लिए सिंचाई, पेयजल, कनेक्टिविटी सहित विभिन्न योजनाएँ बन रही हैं। नए एयरक्राफ्ट आने के बाद जब चित्रकूट से वायु सेवा प्रारम्भ हो जाएगी, तो बुन्देलखण्ड में बेहतरीन एयर कनेक्टिविटी भी दिखायी देगी। नये भारत में वन्दे भारत, अमृत भारत और नमो भारत के रूप में नई ट्रेनों की सुविधाएँ देखने को मिल रही हैं। राठ के लिए हमने बस स्टैण्ड स्वीकृत किया है। परिवहन विभाग तेजी के साथ इस कार्य को आगे बढ़ाते हुए इसका निर्माण कराए।
मुख्यमंत्री जी ने पूज्य स्वामी ब्रह्मानंद महाविद्यालय को विश्वविद्यालय के रूप में विकसित किए जाने हेतु प्रस्ताव तैयार किए जाने का आह्वान किया, जिससे इस दिशा में कार्य प्रारम्भ किया जा सके। विश्वविद्यालय बड़ा होना चाहिए, जिसमें अन्य जनपदों के महाविद्यालय भी सम्बद्धता ले सकें। हजारों नौजवानों को हम आधुनिक, तकनीकी और भविष्य को ध्यान में रखते हुए फ्यूचरिस्टिक टेक्नोलॉजी की शिक्षा दे सकें। यहाँ के नौजवानों की स्किलिंग कर सकें। राज्य सरकार विश्वविद्यालय के निर्माण में अपना सहयोग करने को तैयार है। हमीरपुर जनपद में मेडिकल कॉलेज का निर्माण भी होना चाहिए। तेजी के साथ इसके विकास के कार्यक्रम को आगे बढ़ाने की आवश्यकता है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि पहले बुन्देलखण्ड अपनी पहचान के लिए मोहताज था। माफिया गरीबों की जमीनों पर कब्जा करते थे, अवैध खनन करते थे। व्यापारी और बेटी की सुरक्षा पर संकट खड़ा करते थे। पुलिस पर हमला करते थे, जिससे हमीरपुर सहित बुन्देलखण्ड क्षेत्र की छवि खराब होती थी। डबल इंजन सरकार में माफिया और अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं है। माफिया या तो जेल के अंदर हैं या मिट्टी में मिल गए हैं। अब बुन्देलखण्ड विकास की प्रक्रिया के साथ तेजी के साथ आगे बढ़ चुका है। अब कोई बेटी की सुरक्षा से खिलवाड़ करने का दुस्साहस नहीं कर सकता है। अब धर्मस्थलों को नई पहचान मिल रही है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि बुन्देलखण्ड क्षेत्र में जल संरक्षण के बड़े कार्यक्रम संचालित हो रहे हैं। हर घर नल योजना व्यापक परिवर्तन का वाहक बन रही है। अर्जुन सहायक, कबरई, रतौली, भावनी, कचनौदा बाँध, मजगांव एवं चिल्ली स्प्रिंकलर सिंचाई परियोजना तथा केन-बेतवा लिंक परियोजनाओं के माध्यम से बुन्देलखण्ड में सिंचाई और पेयजल का संकट नहीं होगा।
मुख्यमंत्री जी ने हमीरपुर सहित बुन्देलखण्ड वासियों से अपील करते हुए कहा कि जल संरक्षण हमारा नागरिक कर्तव्य एवं जिम्मेदारी है। हमें जल की एक-एक बूँद की संरक्षण करना होगा। इस वर्ष आज 21 जून तक मानसून नहीं आया है। अब तक मानसून आ जाना चाहिए था और बरसात प्रारम्भ हो जानी चाहिए थी। अभी से यह चेतावनी दी जा रही है कि अल नीनो के कारण अगले तीन साल तक पानी कम बरसेगा। इसके दृष्टिगत जल की एक-एक बूंद को बचाना अनिवार्य है। हर घर जल योजना के अन्तर्गत हमारा दायित्व है कि हम अनावश्यक रूप से पानी की टोटियाँ खुली न रहने दें, उन्हें बन्द कर दें। जल की जितनी आवश्यकता हो, उतना ही प्रयोग करें। अनावश्यक रूप से जल बर्बाद न करें।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि जल का बेहतरीन उपयोग हो। सिंचाई के लिए आधुनिक व वैज्ञानिक तरीकों का उपयोग किया जाना चाहिए। इससे हमारा वर्तमान और भविष्य दोनों अच्छा व सुन्दर होगा। यह आज की आवश्यकता है कि अधिक से अधिक वृक्षारोपण किया जाए। जिन क्षेत्रों में माइनिंग हुई है, वहाँ वृक्षारोपण को एक जन अभियान बनाना चाहिए। यह जन अभियान बुन्देलखण्ड को एक नई पहचान देगा। हम सब मिलकर इस अभियान का हिस्सा बने। स्वच्छता का ध्यान रखें। खेती-बाड़ी के क्षेत्र में हम आधुनिक वैज्ञानिक तरीकों से कम सिंचाई में बेहतरीन उत्पादन के वैज्ञानिक गुण को अपनाएँ। इससे अच्छी खेती होगी तथा कम लागत में अच्छा उत्पादन होगा।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार ने बुन्देलखण्ड को पहचान के संकट से उबारा है। अब हमारा उत्तर प्रदेश पहचान के लिए मोहताज नहीं है। आपने अच्छे जनप्रतिनिधियों को चुना, जो यहाँ विकास की योजनाओं को आगे बढ़ा रहे हैं। लोगों को सुरक्षा मिल रही है, एक्सप्रेस-वे बन रहे हैं। हर घर नल योजना का लाभ मिल रहा है। लखपति दीदी, ड्रोन दीदी और मिल्क प्रोड्यूसर कम्पनी के रूप में नए-नए अभिनव प्रयास व नवाचार हो रहे हैं। विकास की नयी-नयी योजनाएँ आ रही है। इन सभी योजनाओं के साथ अपने को जोड़ने की आवश्यकता है।
अब बुन्देलखण्ड देश की आवश्यकताओं की पूर्ति कर रहा है। हम भारत की सबसे बड़ी औद्योगिक सिटी के रूप में बीडा का निर्माण इसी बुन्देलखण्ड क्षेत्र में झाँसी के पास कर रहे हैं। यहाँ अभी से निवेश प्रस्ताव आने प्रारम्भ हो गए हैं। अब बुन्देलखण्ड के नौजवानों को नौकरी के लिए पलायन नहीं करना पड़ेगा। विगत 09 वर्षों में हिन्दुस्तान यूनीलिवर, जे0के0 सीमेण्ट, रिमझिम इस्पात, एन0टी0पी0सी0 सोलर प्लाण्ट, गेल इण्डिया का फ्लोटिंग सोलर प्लाण्ट जैसी अनेक परियोजनाएं हमीरपुर सहित बुन्देलखण्ड की औद्योगिक संभावनाओं को और मजबूती के साथ आगे बढ़ाने में अपना योगदान दे रही हैं।  
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि पूरी दुनिया ने दिव्य और भव्य महाकुम्भ का आयोजन देखा है। अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि मन्दिर का निर्माण हो गया। यहाँ लाखों श्रद्धालु प्रतिदिन आ रहे हैं। काशी में श्री काशी विश्वनाथ धाम का भव्य कॉरिडोर बन गया है। माँ विन्ध्यवासिनी धाम बनकर तैयार है। प्रदेश सरकार सभी जनप्रतिनिधियों द्वारा दिए गए आस्था के केन्द्रों के पर्यटन विकास तथा सौन्दर्यीकरण कार्यों के प्रस्तावों को लागू करती है। अब जनता-जनार्दन के पैसे का दुरुपयोग नहीं होता, बल्कि यह आस्था को सम्मान देने और विकास व इन्फ्रास्ट्रक्चर की बड़ी-बड़ी योजनाओं को साकार करने में उपयोग किया जाता है। यह सभी कार्य प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व और मार्गदर्शन में ही सम्भव हो पाए हैं।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि कुम्भ हजारों वर्षों से आयोजित हो रहा है। प्रधानमंत्री जी के प्रयासों से कुम्भ के आयोजन को मानवता की अमूर्त सांस्कृतिक धरोहर के रूप में मान्यता मिली। आज भारतीय परम्पराओं को दुनिया मान्यता दे रही है। अब हमारे सामने पहचान का संकट नहीं है। प्रधानमंत्री जी के लिए 140 करोड़ देशवासी ही उनका परिवार हैं। हमारे लिए उत्तर प्रदेश के 25 करोड़ लोग ही हमारा परिवार हैं। जब 25 करोड़ जनता-जनार्दन के हित के लिए कार्य किया जाता है, उनके लिए योजनाएँ बनाकर प्रभावी ढंग से लागू किया जाता है, तो परिणाम आने में भी देर नहीं लगती।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि हमें जाति, क्षेत्र तथा भाषा के नाम पर विभाजित नहीं होना है। विकास, विरासत, आस्था और अर्थव्यवस्था के लिए एक स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को आगे बढ़ाना है। इसी स्वस्थ प्रतिस्पर्धा के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य, सिंचाई और रोजगार जैसे क्षेत्रों में हम नई-नई योजनाएं लेकर आपके बीच आ रहे हैं। इन योजनाओं का लाभ आने वाले लम्बे समय तक भावी पीढ़ी को प्राप्त होगा।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री जी ने विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को 6.49 करोड़ रुपये से अधिक की सहायता राशि के प्रतीकात्मक चेक तथा स्वीकृति पत्र वितरित किए। उन्होंने ‘मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना’ एवं ‘मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान’ के अन्तर्गत लाभार्थियों को स्वरोजगार हेतु वित्तीय सहायता प्रदान की। उन्होंने उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के अन्तर्गत महिला स्वयं सहायता समूह को 6.30 करोड़ रुपये का सामुदायिक निवेश कोष (सी0आई0एफ0) प्रदान किया। इसके अतिरिक्त प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के अन्तर्गत आयुष्मान कार्ड, ओ0डी0ओ0पी0 योजना के अन्तर्गत टूलकिट तथा मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के अन्तर्गत पात्र बालक को लैपटॉप भी प्रदान किया।
इस अवसर पर जलशक्ति राज्य मंत्री श्री रामकेश निषाद, सांसद श्री बाबूराम निषाद, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती जयन्ती राजपूत, विधायक श्रीमती मनीषा अनुरागी व डॉ0 मनोज कुमार प्रजापति सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण तथा गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
---------