मुख्यमंत्री ने जनपद गौतमबुद्धनगर में 6,785 करोड़ रु0 की लागत के
अम्बर एण्टरप्राइजेज इण्डिया लि0 एवं कोरिया गणराज्य के एसेण्ट-के
सर्किट के इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग प्लाण्ट का शिलान्यास किया
प्रधानमंत्री जी के दूरदर्शी नेतृत्व में भारत की अर्थव्यवस्था तेजी के
साथ विकसित होते हुए नए प्रतिमान स्थापित कर रही : मुख्यमंत्री
उ0प्र0 देश के विकास का ग्रोथ इंजन बनकर अपनी भूमिका का निर्वहन कर रहा
कानून व्यवस्था की बेहतर स्थिति, 36 सेक्टोरल पॉलिसीज तथा 75,000 एकड़ के
व्यापक लैण्ड बैंक के साथ उ0प्र0 देश-दुनिया के निवेशकों को आकर्षित कर रहा
प्रत्येक निवेशक मानवीय हस्तक्षेप के बिना अपना निवेश कर प्रदेश के
विकास की गति को कई गुना आगे बढ़ाने में अपना योगदान दे सकता
6,785 करोड़ रु0 का यह निवेश युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने
तथा अन्य एंकर यूनिट को स्थापित करने में अपना योगदान देगा
आक्रामक रणनीति, समर्पण भाव और आत्मानुशासन से कोई
देश इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग का हब बन सकता, कोरिया
इसका उदाहरण, कोरिया के साथ उ0प्र0 का पुराना सम्बन्ध
प्रदेश में हो रहे निवेश के परिणामस्वरूप यहां के
युवाओं को नौकरी व रोजगार के अवसर प्राप्त हो रहे
प्रदेश में 56 हजार एकड़ क्षेत्रफल में बीडा के रूप
में नया इण्डस्ट्रियल शहर विकसित किया जा रहा
प्रदेश में 96 लाख एम0एस0एम0ई0 इकाइयां, प्रधानमंत्री जी की प्रेरणा से उन्हें ‘वन
डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट’ योजना के माध्यम से देश और दुनिया के सामने प्रस्तुत किया गया
प्रधानमंत्री जी के विजन के कारण प्रदेश मोबाइल मैन्युफैक्चरिंग का हब
बना, देश में मोबाइल फोन निर्माण में प्रदेश की 55 प्रतिशत भागीदारी
प्रधानमंत्री जी के विजन के अनुरूप वर्ष 2047 तक भारत को विकसित, खुशहाल तथा
आत्मनिर्भर भारत बनाना, यह शुरुआत हमारे जनपद, नगर, गांव, नागरिक से होती
आत्मनिर्भर भारत बनाना, यह शुरुआत हमारे जनपद, नगर, गांव, नागरिक से होती
मुख्यमंत्री जी प्रधानमंत्री जी के इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग के विजन को उ0प्र0
के जेवर में चरितार्थ कर रहे : केन्द्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री
हम मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में उ0प्र0 को उत्तम प्रदेश बनाने
के उनके संकल्प को जमीन पर उतरता हुआ देख रहे : केन्द्रीय पर्यावरण मंत्री
लखनऊ : 27 जून, 2026
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के दूरदर्शी नेतृत्व में भारत की अर्थव्यवस्था तेजी के साथ विकसित होते हुए, नए प्रतिमान स्थापित कर रही है। उत्तर प्रदेश देश के विकास का ग्रोथ इंजन बनकर अपनी भूमिका का निर्वहन कर रहा है। कानून व्यवस्था की बेहतर स्थिति, 36 सेक्टोरल पॉलिसीज तथा 75,000 एकड़ के व्यापक लैण्ड बैंक के साथ उत्तर प्रदेश आज देश और दुनिया के निवेशकों को अपने यहां आकर्षित कर रहा है। प्रत्येक निवेशक पॉलिसी के दायरे में रहकर मानवीय हस्तक्षेप के बिना अपना निवेश कर प्रदेश के विकास की गति को कई गुना आगे बढ़ाने में अपना योगदान दे सकता है।
मुख्यमंत्री जी आज जनपद गौतमबुद्धनगर के यमुना एक्सप्रेस-वे औद्योगिक विकास प्राधिकरण क्षेत्र के सेक्टर-10 में 6,785 करोड़ रुपये की लागत के अम्बर एण्टरप्राइजेज इण्डिया लि0 एवं कोरिया गणराज्य के एसेण्ट-के सर्किट के इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग प्लाण्ट का शिलान्यास करने के पश्चात आयोजित कार्यक्रम में अपने विचार व्यक्त कर रहे थे। मुख्यमंत्री जी ने कहा कि सेमीकण्डक्टर आज की दुनिया की सबसे बड़ी ताकत है। यह क्षेत्र इस ताकत का केन्द्र बिन्दु तथा इलेक्ट्रॉनिक कम्पोनेन्ट का नया हब बनेगा। जो सेमीकण्डक्टर अभी हम दुनिया से आयात करते हैं, इस यूनिट के माध्यम से, वह यहीं निर्मित हो सकेगा और हम उसे दुनिया को निर्यात कर सकेंगे।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि आक्रामक रणनीति, समर्पण भाव और आत्मानुशासन से कोई भी देश इलेक्ट्रॉनिक मैन्युफैक्चरिंग का हब बन सकता है। कोरिया इसका उदाहरण है। प्रदेश सरकार निवेशकों को समय-समय पर सिंगल विण्डो प्लेटफॉर्म के माध्यम से इन्सेन्टिव उपलब्ध कराती है। प्रदेश में हो रहे निवेश के परिणामस्वरूप यहां के युवाओं को नौकरी व रोजगार के अवसर प्राप्त हो रहे हैं। यह निवेश अन्य एंकर यूनिट को स्थापित करने में अपना योगदान देगा। इस प्रकार के निवेश प्रदेश को नई पहचान दिलाते हैं, युवाओं को अधिक से अधिक रोजगार प्रदान करते हैं। नए स्टार्टअप को स्थापित होने के लिए प्लेटफॉर्म उपलब्ध करवाते हैं। निर्यात शक्ति को और अधिक मजबूत करते हैं तथा आत्मनिर्भर भारत की संकल्पना को पूरा करते हैं।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि भारत को इलेक्ट्रॉनिक मैन्युफैक्चरिंग के नए हब के रूप में स्थापित करने के प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के विजन को प्रभावी ढंग से धरातल पर उतारने के लिए केन्द्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव के नेतृत्व में अभिनव प्रयास प्रारम्भ हुए हैं। इस प्रकार के बड़े प्रोजेक्ट को किसी भी प्रकार की बाधा से मुक्त करने तथा पर्यावरण की सहमति प्रदान करने के लिए केन्द्रीय पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्री श्री भूपेन्द्र यादव ने अपना अमूल्य सहयोग प्रदान किया है।
प्रदेश में कानपुर और झांसी के बीच 56 हजार एकड़ क्षेत्रफल में बीडा के रूप में नया इण्डस्ट्रियल शहर विकसित किया जा रहा है। हमने इस प्रोजेक्ट को पर्यावरणीय सहमति के लिए भारत सरकार के पास भेजा, तो केन्द्रीय मंत्री श्री भूपेन्द्र यादव ने सभी औपचारिकताओं को समय सीमा में पूरा करते हुए, स्वीकृति प्रदान की और हमें फोन से अवगत भी कराया। जब यह आक्रामकता दिखती है, तब देश आगे बढ़ता है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि उत्तर प्रदेश का जंगल राज कहा जाने वाला जेवर क्षेत्र आज मंगल राज में बदल गया है। प्रधानमंत्री जी के कर-कमलों से जेवर को एयरपोर्ट की सौगात मिली है, जहां कॉमर्शियल फ्लाइट प्रारम्भ हो चुकी हैं। यहां अनेक निवेश प्रस्ताव प्राप्त हो रहे हैं। आज यहां अम्बर ग्रुप व कोरिया सर्किट ज्वॉइण्ट वेंचर के साथ 6,785 करोड़ रुपये लागत की परियोजना का शिलान्यास हो रहा है। कोरिया के साथ उत्तर प्रदेश का बहुत पुराना सम्बन्ध है। कोरिया के इतिहास में यह मान्यता है कि उनकी रानी ‘क्वीन हो’ अयोध्या की राजकुमारी रत्ना थी, जो जलमार्ग से कोरिया पहुंची थी। अयोध्या में क्वीन-हो की स्मृति में पार्क भी बनाया गया है। कोरिया गणराज्य की तत्कालीन फर्स्ट लेडी के प्रदेश आगमन पर इसका शिलान्यास हुआ था। वहां के एम्बेसडर भी स्वयं अयोध्या पधारे थे। उस क्षण का स्मरण करते हुए वह आज भी भावुक हो जाते हैं। भारत के साथ आत्मीय सम्बन्ध भी जोड़ते हैं।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि प्रदेश में 96 लाख एम0एस0एम0ई0 इकाइयां हैं। प्रधानमंत्री जी की प्रेरणा से उन्हें ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट’ योजना के माध्यम से देश और दुनिया के सामने प्रस्तुत किया गया है। प्रधानमंत्री जी के विजन के कारण प्रदेश मोबाइल मैन्युफैक्चरिंग का हब बना है। देश में मोबाइल फोन निर्माण में प्रदेश की 55 प्रतिशत भागीदारी है। यह मोबाइल फोन ग्रेटर नोएडा, नोएडा और प्रदेश के अन्य जनपदों में बन रहे हैं। 55 से 60 प्रतिशत इलेक्ट्रॉनिक कम्पोनेन्ट भी यहीं बन रहे हैं। अम्बर ग्रुप के साथ कोरिया का यह निवेश इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग की दिशा में एक क्रान्तिकारी कदम होगा।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि प्रधानमंत्री जी के विजन के अनुरूप वर्ष 2047 तक देश को विकसित, खुशहाल तथा आत्मनिर्भर भारत बनाना है। आत्मनिर्भर भारत की शुरुआत हमारे जनपद, नगर, गांव तथा प्रत्येक नागरिक से होती है। नागरिक कर्तव्य अत्यन्त महत्वपूर्ण होते हैं, उन कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए प्रत्येक व्यक्ति अपने-अपने क्षेत्र में कार्य करे, तो निश्चित ही विकसित भारत का विजन पूरा होगा।
कार्यक्रम को केन्द्रीय रेल, सूचना एवं प्रसारण तथा इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव ने सम्बोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री जी प्रधानमंत्री जी के इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग के विजन को उत्तर प्रदेश के जेवर में चरितार्थ कर रहे हैं। अब जेवर सेमीकण्डक्टर के बाद इलेक्ट्रॉनिक्स का बहुत बड़ा सेन्टर बन रहा है। आने वाले समय में इलेक्ट्रॉनिक्स के बहुत सारे प्रकल्प उत्तर प्रदेश में आने वाले हैं। प्रदेश इलेक्ट्रॉनिक्स व सेमीकण्डक्टर की मैन्युफैक्चरिंग का बहुत बड़ा गढ़ बनेगा। प्रधानमंत्री जी ने पिछले बजट में दिल्ली से सिलीगुड़ी बुलेट ट्रेन की स्वीकृति दी है। इस बुलेट ट्रेन के माध्यम से दिल्ली से लखनऊ की दूरी मात्र 02 घंटे 10 मिनट में तय की जा सकेगी। जेवर से लखनऊ 1 घंटे 40 मिनट में पहुंचा जा सकेगा। प्रधानमंत्री जी का सपना उत्तर प्रदेश के ट्रांसपोर्टेशन के नक्शे को बदल देने का है।
केन्द्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री श्री भूपेन्द्र यादव ने कहा कि हम मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश को उत्तम प्रदेश बनाने के उनके संकल्प को जमीन पर उतरता हुआ देख रहे हैं। पहले उत्तर प्रदेश में अनेक समस्याएं थी, लेकिन आज यह प्रदेश औद्योगिक व तकनीकी प्रदेश के रूप में आगे बढ़ रहा है। पूरी दुनिया के निवेशक यहां के सुरक्षित व निवेश मित्र वातावरण के कारण आकर्षित हो रहे हैं।
अम्बर एण्टरप्राइजेज के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री जसबीर सिंह ने स्वागत उद्बोधन करते हुए कहा कि हम प्रधानमंत्री जी के विजन के अनुरूप भारत के अगली पीढ़ी के इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग प्लाण्ट का शिलान्यास कर रहे हैं। यह प्लाण्ट विकसित व आत्मनिर्भर भारत के लिए मील का पत्थर साबित होगा। मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में प्रदेश में निवेशकों को निवेश अनुकूल वातावरण प्रदान किया जा रहा है। प्रदेश की सुदृढ़ कानून-व्यवस्था निवेश आकर्षित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
एसेन्ट-के सर्किट के निदेशक एवं सी0ई0ओ0 श्री योंगहो चो ने कहा कि मुख्यमंत्री जी एवं उनकी टीम का उन्हें उत्तर प्रदेश में पूर्ण सहयोग प्राप्त हुआ है। उन्होंने मुख्यमंत्री जी को मैन्युफैक्चरिंग फैसिलिटी की विजिट के लिए कोरिया आमंत्रित किया। श्री योंगहो चो ने कहा कि हमारा उद्देश्य भारत तथा निर्यात के लिए गुणवत्ता युक्त सामग्री का निर्माण करना है।
इस अवसर पर प्रदेश के औद्योगिक विकास मंत्री श्री नन्द गोपाल गुप्ता ’नन्दी’, जनपद के प्रभारी व लोक निर्माण राज्य मंत्री श्री बृजेश सिंह, सांसद डॉ0 महेश शर्मा, श्री सुरेन्द्र नागर, विधायक श्री धीरेन्द्र सिंह, श्री तेजपाल सिंह नागर तथा अम्बर एण्टरप्राइजेज के प्रबन्ध निदेशक श्री दलजीत सिंह सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
------------------------------ --
%20(1).jpeg)
0 टिप्पणियाँ
If you have any doubts, please let me know