सी.एम.एस. छात्र को 70,000 अमेरिकी डालर की स्कॉलरशिप

लखनऊ, 16 जून। सिटी मोन्टेसरी स्कूल, गोमती नगर एक्सटेंशन कैम्पस के कैम्ब्रिज सेक्शन के छात्र आदित्य कुमार को उच्चशिक्षा हेतु अमेरिका के प्रतिष्ठित टेट्र कालेज ऑफ बिजनेस द्वारा 70,000 अमेरिकी डालर की स्कॉलरशिप से नवाजा गया है। इस प्रकार, सी.एम.एस. के एक और छात्र ने अपनी शैक्षणिक उत्कृष्टता की बदौलत अमेरिका की प्रतिष्ठित यूनिवर्सिटी में स्कॉलरशिप के साथ चयनित होकर लखनऊ का गौरव बढ़ाया है। आदित्य को यह स्कॉलरशिप चार वर्षीय उच्चशिक्षा अवधि के दौरान प्रदान की जायेगी। यह जानकारी सी.एम.एस. के हेड, कम्युनिकेशन्स श्री ऋषि खन्ना ने दी है। श्री खन्ना ने बताया कि आदित्य ने अपनी सफलता का सम्पूर्ण श्रेय 

सी.एम.एस. के अपने शिक्षकों व विद्यालय के शान्तिपूर्ण शैक्षिक वातावरण को दिया है। खास बात यह है कि आदित्य को अमेरिका की न्यूयार्क यूनिवर्सिटी ने भी उच्चशिक्षा हेतु आमन्त्रित किया गया है। सी.एम.एस. संस्थापिका-निदेशिका डा. भारती गाँधी ने सी.एम.एस. छात्र की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उसके उज्वल भविष्य की कामना की है।

श्री खन्ना ने बताया कि प्रतिवर्ष भारी संख्या में सी.एम.एस. छात्र विश्व के सर्वश्रेष्ठ विश्वविद्यालयों में उच्चशिक्षा हेतु चयनित होते हैं। इस वर्ष अभी तक सी.एम.एस. के 110 से अधिक छात्रों ने अमेरिका, इंग्लैण्ड, कैनडा, आस्ट्रेलिया, जापान, सिंगापुर, जर्मनी आदि विभिन्न देशों के ख्यातिप्राप्त विश्वविद्यालयों में स्कॉलरशिप के साथ चयनित होकर लखनऊ का नाम रोशन किया है। श्री खन्ना ने आगे बताया कि सी.एम.एस. एस.ए.टी. (सैट) एवं एडवान्स प्लेसमेन्ट (ए.पी.) टेस्ट सेन्टर भी है जो उत्तर प्रदेश एवं आसपास के अन्य राज्यों के छात्रों को विश्व के सर्वश्रेष्ठ विश्वविद्यालयों में स्कॉलरशिप के साथ उच्च शिक्षा प्राप्त करने का अवसर उपलब्ध करा रहा है।