मुख्यमंत्री ने जनपद गौतमबुद्धनगर में संचालित होने वालीं 45 इलेक्ट्रिक बसों का फ्लैग ऑफ व नोएडा इलेक्ट्रिक बस डिपो का शुभारम्भ किया

प्रधानमंत्री जी ने देश को ग्रीन मोबिलिटी और सस्टेनेबल डेवलपमेन्ट का विजन दिया,प्रदेश सरकार प्रधानमंत्री जी के इस विजन को धरातल पर उतारने के लिए निरन्तर कार्य कर रही : मुख्यमंत्री

वर्तमान में प्रदेश में 17 नगर निगमों में 700 से अधिक इलेक्ट्रिक बसों का संचालन हो रहा

गौतमबुद्धनगर जनपद में नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यीडा के तत्वावधान में उ0प्र0 राज्य सड़क परिवहन निगम द्वारा इलेक्ट्रिक बसां का संचालन प्रारम्भ

15 जून, 2026 को भारत के सबसे बड़े एयरपोर्ट, नोएडा इण्टरनेशनल एयरपोर्ट का संचालन प्रारम्भ होने जा रहा

15 जून तक इलेक्ट्रिक बसों के बेड़े को 110 तक पहुंचाया जाएगा, गौतमबुद्धनगर जनपद में 500 इलेक्ट्रिक बसों के संचालन का लक्ष्य

पहले इलेक्ट्रिक बसें बाहर से मंगानी पड़ती थीं, अब प्रदेश में 02 इलेक्ट्रिक बस मैन्युफैक्चरिंग प्लाण्ट स्थापित

ग्रीन हाइड्रोजन मोबिलिटी आज अभिनव अवधारणा, आज यमुना अथॉरिटी में तीन हाइड्रोजन बसें भी संचालित की जा रहीं

‘नए भारत के नए उ0प्र0’ में स्पष्ट परिवर्तन देखने को मिल रहा, यह परिवर्तन डबल इंजन सरकार ने विगत 09 वर्षां में करके दिखाया

वर्ष 2017 के पश्चात प्रदेश वर्ल्ड क्लास रोड व एयर कनेक्टिविटी के लिए जाना जाता, आज देश में सबसे अच्छा सड़क नेटवर्क उ0प्र0 में

गंगा एक्सप्रेस-वे नागरिकों को सुखद अनुभूति करा रहा, बहुत शीघ्र लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेस-वे का लोकार्पण होगा

नोएडा इण्टरनेशनल एयरपोर्ट का सुचारु संचालन से देश के सबसे बड़े आई0टी0 एण्ड इलेक्ट्रॉनिक्स हब में नेट जीरो का लक्ष्य प्राप्त करने में सहायक होगा

प्रदेश के 07 शहरों में मेट्रो का संचालन

प्रदेश में लगाई गईं 15 लाख से अधिक एल0ई0डी0 स्ट्रीट लाइटें ऊर्जा बचत तथा कार्बन उत्सर्जन को कम करने में उपयोगी


लखनऊ : 12 जून, 2026


मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने देश को ग्रीन मोबिलिटी और सस्टेनेबल डेवलपमेन्ट का विजन दिया है। उनका यह विजन उन वैश्विक चुनौतियों का सामना करने के लिए उपयुक्त है, जिन्हें दुनिया ने भौतिक विकास लक्ष्यों को प्राप्त करने या वर्चस्व स्थापित करने के लिए युद्ध के रूप में निर्मित किया है। आज इन परिस्थितियों की कीमत पूरी दुनिया चुका रही है, लेकिन भारत इन चुनौतियों का सामना सफलतापूर्वक कर रहा है। प्रदेश सरकार प्रधानमंत्री जी के विजन को धरातल पर उतारने के लिए निरन्तर कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री जी आज यहां अपने सरकारी आवास पर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जनपद गौतमबुद्धनगर के नोएडा, ग्रेटर नोएडा एवं यीडा प्राधिकरण क्षेत्र में संयुक्त रूप से नोएडा इण्टरनेशनल एयरपोर्ट, जेवर तक संचालित होने वाली उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम की 45 इलेक्ट्रिक बसों का फ्लैग ऑफ तथा नोएडा इलेक्ट्रिक बस डिपो के शुभारम्भ के पश्चात आयोजित कार्यक्रम को सम्बोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि वर्तमान में प्रदेश में 17 नगर निगमों में 700 से अधिक इलेक्ट्रिक बसों का संचालन हो रहा है। आज का दिन जनपद गौतमबुद्धनगर के लिए अत्यन्त महत्वपूर्ण है। गौतमबुद्धनगर जनपद में नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यीडा के तत्वावधान में उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम द्वारा इलेक्ट्रिक बसां का संचालन प्रारम्भ हो रहा है। 15 जून तक इस बेड़े को 110 तक पहुंचाया जाएगा। मांग के अनुरूप बढ़ोत्तरी कर इन तीनों अथॉरिटी के माध्यम से गौतमबुद्धनगर जनपद में 500 इलेक्ट्रिक बसों के संचालन का लक्ष्य लेकर हम आगे बढ़ रहे हैं।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि प्रदेश में ग्रीन व क्लीन मोबिलिटी के लिये बसों के क्रय हेतु गत वर्ष परिवहन विभाग को 500 करोड़ रुपये उपलब्ध कराये गये थे। परिवहन मंत्री से अच्छी बसों के क्रय में तेजी दिखाते हुए पॉलिसी निर्माण के लिए कहा गया था, ताकि प्रदेश के गांव-गांव तक कनेक्टिविटी प्रदान की जा सके। प्रत्येक व्यक्ति को अच्छी परिवहन सेवा प्रदान करने के लिए परिवहन विभाग की बसों का बेड़ा निरन्तर बढ़ाया जा रहा है।
दुनिया की बड़ी-बड़ी कम्पनियों को गौतमबुद्धनगर में स्थापित करने के लिए पर्यावरण अनुकूल परिवहन व्यवस्था समय की मांग है। इस आवश्यकता को ध्यान में रखकर वहां कुछ क्षेत्रों में मेट्रो ट्रेन का संचालन प्रारम्भ किया गया है। वहां लास्ट माइल कनेक्टिविटी की दृष्टि से इलेक्ट्रिक बस का संचालन महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होने जा रहा है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि पहले इलेक्ट्रिक बसें बाहर से मंगानी पड़ती थीं। अब प्रदेश में 02 इलेक्ट्रिक बस मैन्युफैक्चरिंग प्लाण्ट स्थापित हो चुके हैं। ग्रीन हाइड्रोजन मोबिलिटी आज अभिनव अवधारणा बन चुकी है। आज यमुना अथॉरिटी में तीन हाइड्रोजन बसें भी संचालित की जा रही हैं। यह बसें यमुना अथॉरिटी को एन0टी0पी0सी0 ने उपलब्ध करायी हैं। जल में दो भाग हाइड्रोजन और एक भाग ऑक्सीजन का होता है। सेपरेशन प्रक्रिया के पश्चात सीवर के पानी का ट्रीटमेन्ट करते हुए ऑक्सीजन को वायुमण्डल में प्रवाहित किया जाता है तथा हाइड्रोजन को कम्प्रेस्ड कर सिलेण्डर में भरकर उपयोग किया जाता है। यह बसें वायु प्रदूषण को कम करने तथा जहरीले वातावरण से समाज को बचाने में बड़ी भूमिका का निर्वहन करेंगी।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि ‘नए भारत के नए उत्तर प्रदेश’ में आज स्पष्ट परिवर्तन देखने को मिल रहा है। यह परिवर्तन डबल इंजन सरकार ने विगत 09 वर्षां में करके दिखाया है। वर्ष 2017 से पूर्व प्रदेश टूटी व जर्जर सड़कों, बिजली की कमी, अराजकता पूर्ण वातावरण जैसी समस्याओं से ग्रस्त था। प्रदेश के नागरिकों के सामने पहचान का संकट था। वर्ष 2017 के पश्चात प्रदेश वर्ल्ड क्लास रोड व एयर कनेक्टिविटी के लिए जाना जाता है। आज देश में सबसे अच्छा सड़क नेटवर्क उत्तर प्रदेश में है। प्रदेश में 04 लाख किलोमीटर का सड़क नेटवर्क है। स्टेट हाई-वे, एक्सप्रेस-वे, इण्टरस्टेट कनेक्टिविटी देश में सबसे बेहतर है।
प्रदेश सरकार ने मेरठ से प्रयागराज के बीच गंगा एक्सप्रेस-वे की घोषणा वर्ष 2019 के प्रयागराज कुम्भ में की थी। आज यह एक्सप्रेस-वे इस पर चलने वाले नागरिकों को सुखद अनुभूति करा रहा है। प्रदेश में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे, बुन्देलखण्ड एक्सप्रेस-वे, गोरखपुर लिंक एक्सप्रेस-वे, दिल्ली-मेरठ 12 लेन एक्सप्रेस-वे यातायात को सुगम बना रहे हैं। बहुत शीघ्र लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेस-वे का लोकार्पण होने जा रहा है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि क्या पहले कोई सोचता था कि प्रदेश में एयर कनेक्टिविटी इतनी बेहतर हो पाएगी। 15 जून, 2026 को भारत के सबसे बड़े एयरपोर्ट, नोएडा इण्टरनेशनल एयरपोर्ट का संचालन प्रारम्भ होने जा रहा है। नोएडा इण्टरनेशनल एयरपोर्ट का सुचारु संचालन से देश के सबसे बड़े आई0टी0 एण्ड इलेक्ट्रॉनिक्स हब में नेट जीरो का लक्ष्य प्राप्त करने में सहायक होगा। नोएडा इण्टरनेशनल एयरपोर्ट न केवल यात्रियों के लिए सुविधापूर्ण होगा बल्कि कारगो व एम0आर0ओ0 के हब के रूप में स्वयं को स्थापित करने जा रहा है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि प्रयागराज में मात्र 11 महीने में एयरपोर्ट बन कर तैयार हुआ है। कभी त्रेता युग में भगवान श्रीराम पुष्पक विमान से अयोध्या आए होंगे, लेकिन उसके बाद अयोध्यावासियों को वायु सेवा प्राप्त नहीं हो पाई थी। आज अयोध्या में महर्षि वाल्मीकि को समर्पित इण्टरनेशनल एयरपोर्ट का संचालन हो रहा है। लखनऊ, काशी तथा कुशीनगर में इण्टरनेशनल एयरपोर्ट वायु सेवा को सुगम बना रहे हैं। देश में 20 और प्रदेश में 07 शहरों में बेहतरीन पब्लिक ट्रांसपोर्ट सेवा के साथ मेट्रो का संचालन हो रहा है। यह आज की आवश्यकता है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि प्रदेश सरकार ने नेट जीरो का लक्ष्य प्राप्त करने की दिशा में अनेक कार्यक्रम आगे बढ़ाए हैं। प्रदेश में विश्व बैंक की सहायता से 2,741 करोड़ रुपये की लागत से उत्तर प्रदेश क्लीन एयर मैनेजमेन्ट प्रोजेक्ट (यू0पी0 कैम्प) प्रारम्भ किया गया है। आज से 09 वर्ष पूर्व प्रदेश के नगरीय क्षेत्रों में हैलोजन स्ट्रीट लाइटें जलती थीं, जिनमें बहुत अधिक ऊर्जा की खपत होती थी। वर्ष 2017 में 15 लाख से अधिक एल0ई0डी0 स्ट्रीट लाइटें लगाई गयीं, जो ऊर्जा की बचत तथा कार्बन उत्सर्जन को कम करने में उपयोगी साबित हो रही हैं।
कार्यक्रम को वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री श्री सुरेश कुमार खन्ना ने सम्बोधित करते हुए कि मुख्यमंत्री जी के कुशल मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश विकास के नये कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। उन्होंने प्रदेश की समस्या को पहचानने के साथ-साथ उसका सार्थक समाधान भी किया है। आज उत्तर प्रदेश में बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण किया जा रहा है, ताकि ग्लोबल वॉर्मिंग को मिनिमाइज और एयर क्वालिटी इण्डेक्स को संतुलित किया जा सके। इसी श्रृंखला में आज बड़े पैमाने पर इलेक्ट्रिक बसों का संचालन किया जा रहा है।
औद्योगिक विकास मंत्री श्री नन्द गोपाल गुप्ता ‘नन्दी’ ने कहा कि मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश प्रगति के पथ पर निरन्तर अग्रसर है। पहले प्रदेश को माफिया, अपराध तथा भ्रष्टाचार प्रदेश के रूप में जाना जाता था। आज उत्तर प्रदेश की पहचान उसकी आदर्श एवं सुदृढ़ कानून व्यवस्था से हो रही है। वर्तमान में प्रदेश में 04 लाख किलोमीटर से अधिक सड़क नेटवर्क है। एक्सप्रेस-वे उत्तर प्रदेश की पहचान बन रहे हैं।
परिवहन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री दयाशंकर सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री जी के मार्गदर्शन में आज प्रदेश के 45 जनपदों में इलेक्ट्रिक बसों का संचालन किया जा रहा है। इलेक्ट्रिक बसें प्रदूषण मुक्त उत्तर प्रदेश की दिशा में अहम योगदान प्रदान करेंगी। यह कदम नेट जीरो का लक्ष्य प्राप्त करने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगा।
इस अवसर पर संसदीय कार्य तथा औद्योगिक विकास राज्य मंत्री श्री जसवन्त सिंह सैनी, मुख्यमंत्री के सलाहकार श्री अवनीश कुमार अवस्थी, औद्योगिक एवं अवसंरचना विकास आयुक्त तथा यूपीडा के अध्यक्ष श्री दीपक कुमार तथा प्रबन्ध निदेशक उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम श्री प्रभु नारायण सिंह सहित अन्य गणमान्य उपस्थित थे।