मुख्यमंत्री ने जनपद देवरिया में बरहज एवं रुद्रपुर विधान सभा क्षेत्र की 456 करोड़ रु0 से अधिक लागत की 106 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया

प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में डबल इंजन सरकार डबल
स्पीड के साथ प्रदेश में विकास कार्यों को आगे बढ़ा रही : मुख्यमंत्री

प्रदेश सरकार जनता की अपेक्षाओं पर खरी उतर रही, देवरिया, कुशीनगर, बलिया,
मऊ तथा आजमगढ़ सहित प्रदेश के सभी जनपदों में तेजी के साथ विकास हो रहा

जनपद देवरिया महर्षि देवरहा बाबा की पावन साधना स्थली, डबल इंजन सरकार के माध्यम से जनपद में विरासत और विकास का बेहतरीन समन्वय दिखायी दे रहा
 
पडरौना से कसया, पत्थरदेवा, सोनू घाट तथा बरहज होते हुए, दोहरी घाट व वाराणसी-
गोरखपुर मार्ग से जोड़कर पूर्व-पश्चिम की बेहतरीन रोड कनेक्टिविटी प्रदान की गयी

हाटा से गौरी बाजार तथा रुद्रपुर होते हुए कौड़ीराम तक सड़क निर्माण कार्य देवरिया जनपद की पूर्व-पश्चिम तथा उत्तर-दक्षिण रोड कनेक्टिविटी को बेहतरीन बनाएगा

पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे की कनेक्टिविटी ने लोगों के जीवन में व्यापक परिवर्तन किया
जनपद देवरिया में मोहन सेतु के निर्माण के लिए प्रदेश सरकार ने धनराशि स्वीकृत की

सोनू घाट से बरहज तक मार्ग निर्माण किया जाएगा, बरहज की कनेक्टिविटी बेहतरीन होगी

प्रदेश सरकार युवाओं की स्किलिंग करते हुए उन्हें रोजगार देने का कार्य
कर रही, प्रदेश के 09 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी से जोड़ा गया

परम्परागत उद्यम को पुनर्जीवित करते हुए 03 करोड़
युवाओं को नौकरी व रोजगार की सुविधा उपलब्ध

प्रदेश सरकार ने जीरो टॉलरेन्स की नीति के अन्तर्गत कार्य
करते हुए राज्य में सुरक्षा का बेहतरीन वातावरण निर्मित किया

प्रदेश में इनलैण्ड वॉटर-वे के कार्यक्रम आगे बढ़ रहे, आने वाले समय में अयोध्या के
लिए बनने जा रही इनलैण्ड वॉटर-वे कनेक्टिविटी का एक मुख्य केन्द्र बरहज में बनेगा

राप्ती व घाघरा नदी की बाढ़ की समस्या के निस्तारण, गांवों की
कनेक्टिविटी सहित अन्य विकास कार्यों की दिशा में तेजी से काम चल रहा

कल 6,18,000 गरीबों के लिए प्रधानमंत्री आवास योजना के अन्तर्गत
नए आवास स्वीकृत, गरीबों को यह आवास शीघ्र उपलब्ध कराए जाएंगे

विगत दिनों अयोध्या के विषय में जो समाचार प्रसारित हो रहे, उस विषय की
जांच के लिए गठित एस0आई0टी0 की रिपोर्ट आने के पश्चात त्वरित कार्रवाई प्रारम्भ



लखनऊ : 26 जून, 2026

     मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में डबल इंजन सरकार डबल स्पीड के साथ प्रदेश में विकास कार्यों को आगे बढ़ा रही है। प्रदेश सरकार जनता की प्रत्येक अपेक्षाओं पर खरी उतर रही है। देवरिया, कुशीनगर, बलिया, मऊ तथा आजमगढ़ सहित प्रदेश के सभी जनपदों में तेजी के साथ विकास हो रहा है। जनपदों को बेहतर इन्फ्रास्ट्रक्चर, सड़क कनेक्टिविटी तथा अनेक विकासपरक योजनाओं से जोड़ा जा रहा है।
मुख्यमंत्री जी आज जनपद देवरिया में बरहज एवं रुद्रपुर विधान सभा क्षेत्र की 456 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 106 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करने के पश्चात आयोजित कार्यक्रम में अपने विचार व्यक्त कर रहे थे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री जी ने विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रतीकात्मक चेक, स्वीकृति पत्र, चाभी तथा प्रमाण पत्र आदि प्रदान किये। इसके पूर्व, मुख्यमंत्री जी ने महिलाओं की गोदभराई, बच्चों का अन्नप्राशन तथा आयोजित प्रदर्शनी का अवलोकन किया।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि जनपद देवरिया को बाबा दुग्धेश्वर नाथ तथा बाबा महेन्द्र नाथ का आशीर्वाद प्राप्त है। यह जनपद महर्षि देवरहा बाबा की पावन साधना स्थली है। राघव बाबा ने इस क्षेत्र से देश की आजादी की अलख को आगे बढ़ाने का कार्य किया था। डबल इंजन सरकार के माध्यम से जनपद में विरासत और विकास का बेहतरीन समन्वय दिखायी दे रहा है। विगत दिनों देवरिया में पत्थरदेवा और रामपुर कारखाना की परियोजनाओं का शिलान्यास करने का अवसर प्राप्त हुआ था।
पडरौना से कसया, पत्थरदेवा, सोनू घाट तथा बरहज होते हुए, दोहरी घाट व वाराणसी-गोरखपुर मार्ग से जोड़कर पूर्व-पश्चिम की बेहतरीन रोड कनेक्टिविटी प्रदान की गयी है। अब उत्तर-दक्षिण की कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने का काम हो रहा है। हाटा से गौरी बाजार तथा रुद्रपुर होते हुए कौड़ीराम तक सड़क निर्माण का कार्य देवरिया जनपद की पूर्व-पश्चिम तथा उत्तर-दक्षिण रोड कनेक्टिविटी को बेहतरीन बनाएगा, जिससे विकास यहां की जनता के द्वार तक स्वयं आता हुआ दिखाई देगा।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि जितनी अच्छी कनेक्टिविटी तथा जितना अच्छा इन्फ्रास्ट्रक्चर होगा, विकास उतनी ही तेज गति के साथ आगे बढ़ेगा। अच्छी रोड, रेल की बेहतरीन व्यवस्था, स्किल्ड मैन पावर, पर्याप्त लैण्ड बैंक, जल संसाधन की उपलब्धता उत्तर प्रदेश की खूबी है। दुनिया में सर्वाधिक युवा शक्ति उत्तर प्रदेश में है। यह युवा शक्ति प्रतिभावान व ऊर्जावान है। युवा शक्ति के बल पर हम प्रदेश के विकास कार्यक्रमों को आगे बढ़ाने का कार्य करते हैं। प्रदेश सरकार युवाओं की स्किलिंग करते हुए उन्हें रोजगार देने का कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि प्रदेश के 09 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी से जोड़ा गया है। उत्तर प्रदेश पुलिस आरक्षी भर्ती में जनपद देवरिया के सैकड़ों युवा चयनित हुए। यदि डबल इंजन सरकार नहीं होती, तो यह युवा सरकारी नौकरी से वंचित हो गए होते। युवाओं को नौकरी इसलिए प्राप्त हो पा रही है, क्योंकि यहां की जनता ने सही लोगों को चुना है। परम्परागत उद्यम को पुनर्जीवित करते हुए 03 करोड़ युवाओं को नौकरी और रोजगार की सुविधा उपलब्ध करायी गयी है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के अन्तर्गत युवाओं को 05 लाख रुपये का ब्याज तथा गारण्टी मुक्त ऋण दिया जा रहा है। मार्जिन मनी भी उपलब्ध करायी जा रही है। इस योजना के माध्यम से युवा विभिन्न कार्यां से जुड़कर आमदनी कमा रहे हैं तथा अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहे हैं। यही स्वावलम्बन और सपने को साकार करने का तरीका है।
प्रदेश का अन्नदाता किसान तेजी के साथ खुशहाली की ओर बढ़ रहा है। राज्य की कृषि विकास दर 08 प्रतिशत से बढ़कर 18 प्रतिशत  हुई है। आज प्रदेश अनेक खाद्यान्नों में नम्बर एक पर रहते हुए देश को लीड कर रहा है। जब आमजन जागरूक होता है, तो विकास होने से कोई नहीं रोक सकता।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि प्रदेश सरकार ने जीरो टॉलरेन्स की नीति के अन्तर्गत कार्य करते हुए राज्य में सुरक्षा का बेहतरीन वातावरण निर्मित किया है। बेटी और व्यापारी सुरक्षित किये गये हैं। अपराधियों, माफियाओं तथा अराजक तत्वों को उन्हीं की भाषा में जवाब दिया जा रहा है। अब कोई सड़कों पर गुण्डागर्दी तथा उत्सव के वातावरण में उपद्रव नहीं कर सकता है। सुरक्षा के वातावरण के परिणामस्वरूप देवरिया, गोरखपुर तथा कुशीनगर जैसे शहरों में भी निवेश हो रहा है व उद्यम लग रहे हैं।  डबल इंजन सरकार ने प्रदेश में निवेश की प्रक्रिया के साथ 65 लाख युवाओं को जोड़ने का काम किया है। यही कार्य विकसित भारत की संकल्पना को साकार करेगा।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पूर्वी उत्तर प्रदेश की दूरी को बहुत कम कर रहा है। पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे की कनेक्टिविटी ने लोगों के जीवन में व्यापक परिवर्तन किया है। पिछली सरकारों ने इसके निर्माण की लागत 15,800 करोड़ रुपये तथा चौड़ाई 110 मीटर तय की थी। प्रदेश सरकार ने इस एक्सप्रेस-वे की चौड़ाई 120 मीटर रखी तथा एक्सप्रेस-वे के निर्माण में मात्र 11,200 करोड़ रुपये खर्च हुए।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि आज प्रदेश के प्रत्येक क्षेत्र में सड़कों का निर्माण किया जा रहा है। जनप्रतिनिधिगण से सम्बन्धित क्षेत्रों की आवश्यकता के अनुसार निर्माण कार्यां, पुल तथा सेतु आदि के बारे में प्रस्ताव मांगे जाते हैं। जब यहां के जनप्रतिनिधि ने बताया कि मोहन सेतु अभी तक नहीं बन पाया है, तो हमने उन्हें आश्वस्त किया कि यह सेतु अवश्य बनेगा। सरकार ने इसके लिए धनराशि स्वीकृत की है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि सोनू घाट से बरहज तक मार्ग का निर्माण किया जाएगा। जिससे बरहज की कनेक्टिविटी और बेहतरीन होगी। एक समय बरहज घाघरा नदी के क्षेत्र का प्रमुख व्यापार केन्द्र था। प्रदेश में इनलैण्ड वॉटर-वे के कार्यक्रम आगे बढ़ाए जा रहे हैं। आने वाले समय में अयोध्या के लिए बनने जा रही इनलैण्ड वॉटर-वे कनेक्टिविटी का एक मुख्य केन्द्र बरहज में बनेगा। बरहज में किसानों की सब्जियों, फलों, फूलों, खाद्यान्न तथा मिलेट्स को अन्तरराष्ट्रीय बाजार में पहुंचाने के लिए पानी के जहाज तैयार रहेंगे। यहां से उन्हें दुनिया के अन्य देशों की बाजारों तक पहुंचाया जा सकेगा। राप्ती व घाघरा नदी की बाढ़ की समस्या के निस्तारण तथा गांवों की कनेक्टिविटी सहित अन्य विकास कार्यों की दिशा में तेजी से काम चल रहा है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि कल ही 6,18,000 गरीबों के लिए प्रधानमंत्री आवास योजना के अन्तर्गत नए आवास स्वीकृत हुए हैं। गरीबों को यह आवास शीघ्र उपलब्ध कराने के लिए तेजी के साथ कार्यक्रम को आगे बढ़ाया जाएगा। प्रत्येक गरीब को आवास, शौचालय, आयुष्मान कार्ड तथा निःशुल्क राशन की सुविधा प्रदान करना डबल इंजन सरकार की पहचान है। हमारी संवेदना गरीब व कमजोर के प्रति तथा हमारी सहानुभूति युवाओं और आधी आबादी के साथ है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि पीक आवर में बिजली की मांग बहुत ज्यादा बढ़ जाती है। पी0एम0 सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के अन्तर्गत रूफ टॉप सोलर प्लाण्ट की व्यवस्था बिजली के बिल को आधे से कम कर रही है। सभी को इस योजना का लाभ लेना चाहिए। डबल इंजन सरकार मासूम बच्चों के जीवन को सुरक्षित करने वाली सरकार है। पहले पूर्वी उत्तर प्रदेश में इन्सेफेलाइटिस बीमारी से हजारों बच्चे काल-कवलित हो जाते थे। प्रदेश सरकार द्वारा उठाये गये कदमों के परिणामस्वरूप अब यह बीमारी पूर्ण रूप से समाप्त हो चुकी है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि हमारा दायित्व बनता है कि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे। हम उन्हें साक्षर बनाने में योगदान दें तथा स्कूल भेजें। प्रदेश सरकार ऑपरेशन कायाकल्प के माध्यम से स्कूलों में अवसंरचनात्मक सुधार कर रही है। बच्चों को जूते, मोजे, किताबें आदि उपलब्ध करवा कर उन्हें स्कूल जाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि अयोध्या के चारों ओर फोर लेन की कनेक्टिविटी है। महर्षि वाल्मीकि इण्टरनेशनल एयरपोर्ट, अयोध्या धाम के यात्री विश्रामालय का नाम निषादराज के नाम पर रखा गया है। भगवान श्रीराम जब वन जा रहे थे, तो उन्होंने सबसे पहला विश्राम निषादराज के यहां किया था। भगवान श्रीराम ने 14 वर्ष के वनवास के दौरान माता शबरी के बेर खाए थे, इसलिए अयोध्या धाम में माता शबरी के नाम पर रसोई बन रही है। त्रिकालदर्शी ऋषि महर्षि वाल्मीकि ने भगवान श्रीराम के साथ सबसे पहले हम सभी को जोड़ने का काम किया। इसलिए महर्षि वाल्मीकि के नाम पर अयोध्या के इण्टरनेशनल एयरपोर्ट का नाम रखा गया है।  
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि जन आस्था का सम्मान आवश्यक है। अयोध्या नगरी भारत के सनातन धर्म की आस्था की प्रतीक है। अयोध्या पर आक्षेप मत करो। प्रभु श्रीराम की मर्यादा का पालन करना सीखो। विगत दिनों अयोध्या के विषय में जो समाचार प्रसारित हो रहे थे, उस विषय की जांच के लिए  गठित एस0आई0टी0 की रिपोर्ट आने के पश्चात त्वरित कार्रवाई प्रारम्भ हो गई है। दूध का दूध और पानी का पानी किया जाएगा। जन व सनातन आस्था के साथ खिलवाड़ कतई स्वीकार नहीं है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि जो लोग आज आक्षेप लगाने का प्रयास कर रहे हैं। उनकी मंशा अच्छी नहीं है। यह वह लोग हैं, जो भगवान श्रीराम को नकार चुके थे। उनके अस्तित्व पर प्रश्न चिन्ह लगा चुके थे। यह कतई स्वीकार्य नहीं। राम भक्तों की अग्नि परीक्षा मत लो। उनकी आस्था के साथ खिलवाड़ करना बन्द करो। यदि पुष्ट तथ्य व प्रमाण नहीं है, तो आरोप-प्रत्यारोप बन्द करो। यदि प्रमाण हैं, तो एस0आई0टी0 को सौंप दो। जब वरिष्ठ अधिकारियों की टीम कार्य कर रही है, तो राजनीतिक बयानबाजी बन्द होनी चाहिए।
कार्यक्रम को केन्द्रीय ग्रामीण राज्य मंत्री श्री कमलेश पासवान ने सम्बोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन  उत्तर प्रदेश विकास के नये कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। विगत 09 वर्षों में रुद्रपुर और बरहज विधानसभा का कायाकल्प हो गया है। इन क्षेत्रों में बेहतर सड़कों का निमार्ण किया गया है।
कार्यक्रम के दौरान जनपद देवरिया के विकास से सम्बन्धित एक लघु फिल्म प्रदर्शित की गयी।
इस अवसर पर कृषि मंत्री श्री सूर्य प्रताप शाही, परिवहन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री दयाशंकर सिंह, ग्राम्य विकास राज्य मंत्री श्रीमती विजय लक्ष्मी गौतम, सांसद श्री शशांक मणि त्रिपाठी, विधान परिषद सदस्य डॉ0 रतनपाल सिंह, विधायक श्री दीपक कुमार मिश्रा ‘शाका’, श्री जयप्रकाश निषाद, श्री शलभ मणि त्रिपाठी, श्री सुरेन्द्र चौरसिया, श्री सभा कुंवर कुशवाह सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।