सी.एम.एस. छात्र भारत सरकार के 

‘इन्स्पायर-मानक अवार्ड’ से सम्मानित

लखनऊ, 10 जून। सिटी मोन्टेसरी स्कूल, स्टेशन रोड कैम्पस के कक्षा-8 के प्रतिभाशाली छात्र ऋषि करन पाल को विज्ञान विषय में उसकी रूचि, उत्कृष्ट ज्ञान एवं अभूतपूर्व वैज्ञानिक प्रतिभा हेतु भारत सरकार के विज्ञान एवं प्रोद्योगिकी विभाग द्वारा ‘इन्स्पायर-मानक अवार्ड’ से सम्मानित किया गया है। इस अवार्ड के अन्तर्गत ऋषि करन पाल को दस हजार रूपये का नगद पुरस्कार प्रदान किया गया है, जिससे ये छात्र समाजोपयोगी विज्ञान माडल का निर्माण कर राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में अपनी वैज्ञानिक प्रतिभा का परचम लहरायेगा। यह जानकारी सी.एम.एस. के हेड, कम्युनिकेशन्स श्री ऋषि खन्ना ने दी है। श्री खन्ना ने बताया कि इस प्रतिष्ठित सम्मान हेतु देश भर के विभिन्न विद्यालयों से लगभग दस लाख छात्रों ने अपने विज्ञान प्रोजेक्ट/प्रविष्टियों को प्रेषित किया था, जिनमें सी.एम.एस. छात्र रिशी करन पाल की विज्ञान प्रविष्टि को ‘इन्स्पायर-मानक अवार्ड’ (मिलियन माइंड अगमेन्टिंग नेशनल एस्पिरेशन्स एण्ड नॉलेज अवार्ड) हेतु चयनित किया गया। देश भर के लाखों छात्रों के बीच सी.एम.एस. छात्र का इस प्रतिष्ठित पुरस्कार हेतु चयनित होना वास्तव में गर्व की बात है। सी.एम.एस. संस्थापिका-निदेशिका डा. भारती गाँधी ने विद्यालय के इस मेधावी छात्र के उज्वल भविष्य की कामना की है।

श्री खन्ना ने बताया कि सी.एम.एस. अपने छात्रों को उनकी शैक्षिक रूचि के अनुसार विभिन्न विषयों में उचित मार्गदर्शन व प्रोत्साहन प्रदान करता है, जिसकी बदौलत सी.एम.एस. छात्र न सिर्फ शैक्षिक क्षेत्र में अपितु समाज के अन्य बहुतेरे क्षेत्रों में भी विद्यालय का नाम राष्ट्रीय व अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर रोशन कर रहे हैं, साथ ही साथ रचनात्मक एवं सृजनात्मक प्रतियोगिताओं में अपनी बहुमुखी प्रतिभा की छाप छोड़कर विद्यालय का गौरव बढ़ा रहे हैं।