मुख्यमंत्री ने जनपद रामपुर में मिलक एवं बिलासपुर विधान सभा क्षेत्रों में 690 करोड़
रु0 से अधिक लागत की 102 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया

आज रामपुर विकास के पथ पर निरन्तर अग्रसर हो रहा, यहाँ विकास
की नयी-नयी योजनाएँ आ रहीं, नये भारत के नये उ0प्र0 का नया रामपुर
विकास और विरासत की नई कार्ययोजना के साथ कार्य कर रहा : मुख्यमंत्री

रामपुर भारत की समृद्ध एवं सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक, यहां
की धरती एवं पौराणिक स्थलों ने विरासत, सनातन आस्था तथा
भारत की आध्यात्मिक चेतना को नई ऊँचाई प्रदान की

रामपुर में पैच वर्क, जरी वर्क, वॉयलिन निर्माण एवं मेंथा ऑयल
उत्पादन कार्य किसानों और उद्यमियों के बेहतर समन्वय से लगातार
आगे बढ़ रहा, यहाँ हाईवे, एक्सप्रेस-वे, रेलवे फ्लाई ओवर बन रहे

प्रदेश सरकार ने ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट योजना’ के
माध्यम से रामपुर के परम्परागत उद्यम को नयी पहचान दी

रुद्र बिलास चीनी मिल के पुनरुद्धार, विस्तारीकरण और विकास
करने के लिए सर्वे रिपोर्ट आते ही, सरकार धनराशि उपलब्ध कराएगी

जब अच्छे जनप्रतिनिधि चुनकर आते, तो क्षेत्र का विकास
होता, गरीबों को लोक कल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिलता

गोरखपुर-शामली इकोनॉमिक कॉरिडोर रामपुर से गुजर रहा, यह गोरखपुर से
सिलीगुड़ी और शामली को पानीपत से जोड़कर विकास को और मजबूती प्रदान करेगा

डबल इंजन सरकार तुष्टिकरण नहीं, बल्कि आमजन की संतुष्टिकरण पर विश्वास करती

प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में आज उ0प्र0 बीमारू
राज्य की श्रेणी से उबर कर भारत की टॉप थ्री अर्थव्यवस्था में खड़ा

प्रदेश में विरासत को सम्मान दिया जा रहा, नैमिषारण्य, मथुरा-वृन्दावन,
शुकतीर्थ जैसे पौराणिक एवं विरासत से जुड़े स्थलों का पुनरुद्धार हो रहा

आज प्रदेश का अन्नदाता किसान खुशहाल, उद्यमी प्रदेश को नयी पहचान दिला रहे

मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व में उ0प्र0 ने विकास की नई गाथा लिखी, उ0प्र0
देश के बेहतर कानून-व्यवस्था, निवेश, आधारभूत संरचना, किसानों के
कल्याण, गरीबों के उत्थान का उदाहरण बन चुका : कृषि राज्य मंत्री

लखनऊ : 30 जून, 2026

     उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने कहा कि रामपुर भारत की समृद्ध एवं सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है। रामपुर की धरती एवं पौराणिक स्थलों ने विरासत, सनातन आस्था तथा भारत की आध्यात्मिक चेतना को नई ऊँचाई प्रदान की है। यह धरती भगवान बामेश्वर महादेव, श्री पातालेश्वर महादेव, ओम नागेश्वर महादेव, कोसी मन्दिर, माँ बाला सुन्दरी के दिव्य आशीर्वाद से निरन्तर लाभान्वित होती है। जनपद रामपुर में पैच वर्क, जरी वर्क, वॉयलिन निर्माण एवं मेंथा ऑयल उत्पादन कार्य किसानों और उद्यमियों के बेहतर समन्वय से लगातार आगे बढ़ रहा है। यह जनपद युवाओं को रोजगार प्रदान करने के लिए नये-नये अभिनव नवाचार के साथ आगे बढ़ रहा है।
मुख्यमंत्री जी आज जनपद रामपुर के मिलक एवं बिलासपुर विधान सभा क्षेत्रों में 690 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 102 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करने के उपरान्त आयोजित कार्यक्रम में अपने विचार व्यक्त कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने इण्टरमीडिएट तथा हाईस्कूल की बोर्ड परीक्षा-2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को पुरस्कार व प्रशस्ति पत्र तथा मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के लाभार्थियों को लैपटॉप प्रदान किए। मुख्यमंत्री जी ने सामाजिक विकास में योगदान देने वाले उत्कृष्ट व्यापारियों को सम्मानित किया एवं विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रतीकात्मक चेक, स्वीकृति पत्र आदि प्रदान किए। इसके पूर्व, मुख्यमंत्री जी ने विभिन्न विभागों द्वारा लगायी गयी प्रदर्शनी का अवलोकन तथा बच्चों का अन्नप्राशन किया। कार्यक्रम के दौरान जनपद रामपुर की विकास यात्रा पर आधारित एक लघु फिल्म प्रदर्शित की गयी।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले और वर्ष 2017 के बाद के रामपुर में हुए परिवर्तन आपके सामने हैं। आज रामपुर विकास के पथ पर निरन्तर अग्रसर हो रहा है। यहाँ विकास की नयी-नयी योजनाएँ आ रही हैं। आज नये भारत के नये उत्तर प्रदेश का नया रामपुर प्रभावी ढंग से अपनी विकास और विरासत की नई कार्ययोजना के साथ कार्य करता दिखायी दे रहा है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि वर्ष 2017 से पूर्व रामपुर का परम्परागत उद्यम ठप पड़ चुका था। रामपुर के पैच वर्क, जरी वर्क एवं वॉयलिन निर्माण आदि उद्यमों के लिए अनुकूल माहौल नहीं था। प्रदेश सरकार ने ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट योजना’ के माध्यम से रामपुर के परम्परागत उद्यम को नयी पहचान दी है। डबल इंजन सरकार में रामपुर का चाकू जनता की सुरक्षा के लिए उपयोग में आ रहा है और वही सुरक्षा का माहौल विकास का पर्याय बन रहा है। रामपुर में हाईवे, एक्सप्रेस-वे, रेलवे फ्लाई ओवर बन रहे हैं। अब 03 मीटर की सड़कें 07 मीटर, 10 मीटर या 4-लेन की हो रही है। राज्य सरकार ने यहाँ से प्राप्त प्रस्तावों को अपनी सहमति प्रदान करते हुए आगे बढ़ाने का कार्य किया है। हमारा प्रण है कि कोई कोई भी विकास प्रक्रिया से वंचित न रहने पाए। हम विकास प्रक्रिया में सभी लोगों को एक समान रूप से आगे बढ़ाएंगे। अब पिक एण्ड चूज़ नहीं होता। प्रदेश के सभी 75 जनपदों, 350 तहसीलों एवं 825 विकास खण्डों में विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि जब वे पिछली बार बिलासपुर आए थे, तो श्री बलदेव सिंह ओलख ने रुद्र बिलास चीनी मिल के बारे में उन्हें अवगत कराया था। मुख्यमंत्री जी ने मिल के पुनरुद्धार, विस्तारीकरण और उसका विकास करने के लिए आश्वस्त किया था। इस दिशा में उन्होंने सर्वे रिपोर्ट मँगवाई है। सर्वे रिपोर्ट आते ही, सरकार चीनी मिल के विस्तारीकरण और विकास के लिए धनराशि उपलब्ध कराएगी। उन्होंने आश्वस्त किया कि जनपद रामपुर के समस्त विधान सभा क्षेत्रों से प्राप्त प्रस्ताव मजबूती के साथ आगे बढ़ाए जाएंगे। विकास की प्रक्रिया अनवरत रूप से आगे बढ़ेगी। जब अच्छे जनप्रतिनिधि चुनकर आते हैं, तो क्षेत्र का विकास होता है, गरीबों को लोक कल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिलता है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि जब सरकारें अच्छी आती हैं, तो विकास भी अच्छा होता है। गरीबों का कल्याण होता है। जब अच्छा इन्फ्रास्ट्रक्चर होता है तथा अच्छी सड़कें और पुल बनते हैं, यह फोर व्हीलर और टू व्हीलर की स्पीड को ही नहीं बढ़ाता, बल्कि अर्थव्यवस्था की स्पीड को भी बढ़ाता है। अर्थव्यवस्था किस गति से आगे बढ़नी है, यह आपका इन्फ्रास्ट्रक्चर तय करता है। अगर इन्फ्रास्ट्रक्चर कमजोर है, तो इकोनॉमी गर्त में तथा दुर्गति की ओर जाती है। अर्थव्यवस्था गर्त में जाने का अर्थ है सामान्य नागरिकों को दुर्गति की ओर धकेलना। यदि अच्छा इन्फ्रास्ट्रक्चर है, उसमें गति है, तो वह गति अर्थव्यवस्था की प्रगति तथा समृद्धि का कारण बनती है। आम नागरिक के जीवन में संतुष्टि और प्रगति का कारण भी बनती है। इसी प्रगति को साथ जोड़ने के लिए आज डबल इंजन सरकार सभी कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि प्रदेश में 4-लेन कनेक्टिविटी बेहतर हुई है। गोरखपुर-शामली इकोनॉमिक कॉरिडोर रामपुर से गुजर रहा है। यह गोरखपुर से सिलीगुड़ी और शामली को पानीपत से जोड़कर विकास को और मजबूती प्रदान करेगा। आने वाले समय में विकास की प्रक्रिया और मजबूती के साथ आगे बढ़ेगी।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि एक समय था, जब यहाँ गरीबों की जमीनों पर कब्जा होता था। रामपुर में वाल्मीकि समुदाय के लोगों को उनकी जमीनों से जबरन वंचित कर दिया जाता था। सत्ता जब निरकुंश होती है, तो अन्याय का पर्याय बन जाती है। अन्यायी सत्ता ने दलितों तथा गरीबों की आवाज को दबाने का कार्य किया था। जब सत्ता अन्यायी होती है, तो जनता-जनार्दन उसे पलट कर रख देती है। रामपुर से निकला यह संदेश पूरे प्रदेश के अन्दर गया था। जनता द्वारा पूर्ववर्ती सरकार की निरकुंश सत्ता को बदलने के फलस्वरूप रामपुर को नई पहचान मिली।
मुख्यमंत्री जी ने विधान सभा क्षेत्रों मिलक एवं बिलासपुर के जनप्रतिनिधियों के सम्बोधन का उल्लेख करते हुए कहा कि विकास की जो योजनाएँ पहले असम्भव थीं, वह आज डबल इंजन सरकार के प्रयासों के कारण सम्भव हुई हैं। यह योजनाएँ इसलिए सम्भव हुईं, क्योंकि वर्ष 2017 में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के आह्वान पर उत्तर प्रदेश की जनता-जनार्दन ने डबल इंजन सरकार पर विश्वास जताया। प्रधानमंत्री जी  पर विश्वास ही आज के विकास का आधार है। प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में आज उत्तर प्रदेश बीमारू राज्य की श्रेणी से उबर गया है। अब उत्तर प्रदेश बीमारू राज्य नहीं, बल्कि भारत की टॉप थ्री अर्थव्यवस्था में खड़ा है। सबसे तेज गति से बढ़ती हुई अर्थव्यवस्था के रूप में उत्तर प्रदेश का नाम आता है। आज उत्तर प्रदेश सबसे ज्यादा युवाओं को रोजगार, अन्नदाता किसानों को अनुदान, चीनी, एथेनॉल, खाद्यान्न, दुग्ध उत्पादन करने वाला प्रदेश है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले उत्तर प्रदेश प्रत्येक पैरामीटर में बॉटम-5 में होता था। प्रदेश के सामने पहचान का संकट था। यहाँ बहन-बेटियाँ तथा व्यापारी असुरक्षित थे। अन्नदाता किसान आत्महत्या करने के लिए मजबूर थे। अन्नदाता किसानों के लिए सरकारी योजनाओं का अभाव था। युवाओं के लिए रोजगार उपलब्ध नहीं था। सरकारी भर्तियों में भ्रष्टाचार व्याप्त था। सरकार की निरकुंश नीतियों के कारण परम्परागत उद्यम बन्दी के कगार पर थे। गरीबों के कल्याण के लिए कोई योजना नहीं थी। सड़क, पुल आदि विकासपरक कार्यां के लिए सरकार के पास धनराशि उपलब्ध नहीं थी। प्रत्येक वर्ग विकास से वंचित था।
पूर्ववर्ती सरकार ने सामाजिक ताने-बाने को छिन्न-भिन्न तथा जनभावनाओं के साथ खिलवाड़ किया। विरासत तथा बहन-बेटियों को अपमानित करने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ी। उत्सव व त्योहार से पहले उपद्रव एवं दंगे शुरू हो जाते थे। प्रदेश में होली, दीपावली, रामनवमी, विजयादशमी, काँवड़ यात्रा, जन्माष्टमी का आयोजन शान्तिपूर्वक नहीं होने दिया जाता था। आज उत्तर प्रदेश में काँवड़ यात्रा धूम-धड़ाके के साथ निकलती है। कोई रोक-टोक नहीं करता। दुर्गा पूजा शानदार तरीके से सम्पन्न होती है। दीपावली का आयोजन पूरी भव्यता के साथ होता है। श्रीकृष्ण जन्मोत्सव जन्माष्टमी, रामनवमी, होली, दीपावली, विजयादशमी, दुर्गा पूजा आदि पर्व व त्योहार बिना बाधाओं के उत्सवपूर्ण माहौल में सम्पन्न होते हैं। विरासत को सम्मान देते हुए अर्थव्यवस्था को कैसे आगे बढ़ाया जा सकता है, प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश इसका मॉडल बना है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि आज प्रदेश में विरासत को सम्मान दिया जा रहा है। नैमिषारण्य, मथुरा-वृन्दावन, शुकतीर्थ जैसे पौराणिक एवं विरासत से जुड़े स्थलों का पुनरुद्धार हो रहा है। युवाओं को नौकरी प्रदान की जा रही है। प्रदेश सरकार में जब कोई सरकारी भर्ती निकलती है, तो उसमें रामपुर, मिलक, बिलासपुर, स्वार, चमरव्वा विधान सभा क्षेत्रों के युवाओं को भी नियुक्ति पत्र मिलता है। आज रामपुर में उद्योग स्थापित करने के लिए निवेश प्रस्ताव प्राप्त हो रहे हैं। इस विकास प्रक्रिया में यहाँ के युवाओं को रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे। जब प्रत्येक नौजवान अपनी प्रतिभा और परिश्रम का फल राज्य को देता है, तब उत्तर प्रदेश जैसा बीमारू राज्य बीमारूपन से उबरकर भारत की अर्थव्यवस्था का ग्रोथ इंजन बनकर टॉप थ्री इकोनॉमी के रूप में स्वयं को स्थापित करता है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि प्रदेश सरकार का संकल्प है कि प्रत्येक तहसील पर एक फायर स्टेशन की स्थापना की जाए। इस सम्बन्ध में जो भी प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं, हमने उन्हें सहमति व स्वीकृति दे दी है। इसके लिए धनराशि भी मुक्त कर दी गई है। जहाँ पॉलीटेक्निक, आई0टी0आई0, इण्टर कॉलेज तथा डिग्री कॉलेज नहीं हैं, वहाँ इनकी स्थापना की जा रही है। पुराने इण्टर कॉलेजों को ‘प्रोजेक्ट अलंकार’ तथा परिषदीय विद्यालयों को ‘ऑपरेशन कायाकल्प’ के माध्यम से नई ऊँचाई प्रदान करते हुए भव्य स्वरूप प्रदान किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि अब विकास रुकने तथा थमने वाला नहीं है। अब युवाओं के जीवन के साथ कोई खिलवाड़ नहीं कर सकता। बहन-बेटियों की सुरक्षा में कोई सेंध नहीं लगा सकता। आज प्रदेश का अन्नदाता किसान खुशहाल है। नौजवान रोजगार पाकर प्रदेश के विकास में अपनी ऊर्जा का उपयोग कर रहा है। हमारा उद्यमी फिर से एम0एस0एम0ई0 के माध्यम से प्रदेश को नयी पहचान दिला रहा है। प्रदेश में क्रियाशील 96 लाख एम0एस0एम0ई0 यूनिट्स को उत्तर प्रदेश सरकार ने 05 लाख रुपये का सुरक्षा बीमा कवर उपलब्ध कराया है। राज्य सरकार उद्यमियों, अन्नदाता किसानों, युवाओं और जनप्रतिनिधियों के साथ मिलकर विकासपरक कार्यक्रमों को आगे बढ़ा रही है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि प्रदेश सरकार प्रधानमंत्री जी के ‘सबका साथ, सबका विकास’ के मंत्र के अनुरूप प्रत्येक गरीब, नौजवान, महिला, अन्नदाता किसान और एम0एस0एम0ई0 यूनिट्स के उद्यमियों व व्यापारियों के लिए संचालित योजनाओं का लाभ पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। राज्य सरकार बिना भेदभाव विरासत का संरक्षण तथा विकास प्रक्रिया को मजबूती के साथ आगे बढ़ा रही है। बिना भेदभाव सभी को सुरक्षा देते हुए शासन की योजनाओं का लाभ प्रदान कर रही है। डबल इंजन सरकार तुष्टिकरण नहीं, बल्कि आमजन की संतुष्टिकरण पर विश्वास करती है। आज आमजन संतुष्ट है। विकास तीव्र गति से आगे बढ़ता दिखायी दे रहा है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि आज अयोध्या को डबल रेल लाइन सुविधा मिली है। अयोध्या ब्रॉड गेज की डबल लाइन से जुड़ा है। अयोध्या की सड़कें 4-लेन कनेक्टिविटी से जुड़ी हैं। अयोध्या का महर्षि वाल्मीकि अन्तरराष्ट्रीय एयरपोर्ट आज त्रेता युग का स्मरण कराता है। वर्ष 2017 से पहले पूर्ववर्ती सरकारें भगवान श्रीराम एवं भगवान श्रीकृष्ण के अस्तित्व को नकार चुकी थीं। आज वह भी कहती है कि भगवान श्रीराम सबके हैं। प्रभु श्रीराम जग नियंता और ब्रह्माण्ड के स्वामी हैं। अब श्री काशी विश्वनाथ धाम, माँ विन्ध्यवासिनी धाम, प्रयागराज में आयोजित महाकुम्भ देश और दुनिया को अपनी ओर आकर्षित कर रहा है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि वर्ष 2017 से पूर्व 02, 03 या 06 महीने में कभी किसी गरीब को राशन मिल पाता था। अब हर महीने मिल रहा है। राशन मिल रहा है या नहीं, हम लखनऊ से ई-पॉस मशीन की मॉनिटरिंग करते हैं। अगर कहीं गड़बड़ होती है, तो वह मशीन हमें अलर्ट कर देती है। फिर छापेमारी और कार्रवाई होती है। आज हर गरीब के पास अपना रसोई गैस सिलेण्डर है। आयुष्मान भारत योजना के तहत 05 लाख रुपये तक का स्वास्थ्य बीमा कवर दिया जा रहा है। आज हर जरूरतमन्द गरीब के पास आयुष्मान कार्ड है। जिनके पास कार्ड नहीं है, जनप्रतिनिधिगण द्वारा प्रस्तुत पत्र के माध्यम से मुख्यमंत्री राहत कोष से उन्हें उपचार के लिए धनराशि उपलब्ध करायी जाती है।
कृषि राज्य मंत्री श्री बलदेव सिंह ओलख ने कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश ने विकास की नई गाथा लिखी है। उत्तर प्रदेश देश के बेहतर कानून-व्यवस्था, निवेश, आधारभूत संरचना, किसानों के कल्याण, गरीबों के उत्थान का उदाहरण बन चुका है। मुख्यमंत्री जी ने प्रदेश को नई पहचान दिलायी है। उन्होंने उत्तर प्रदेश को नये भारत के अग्रिम राज्यों की श्रेणी में स्थापित किया है। वर्ष 2017 के बाद प्रदेश में काफी परिवर्तन हुए हैं। वर्ष 2017 में केवल सरकार नहीं बदली, बल्कि सोच, व्यवस्था और विकास की संस्कृति भी बदली है। विगत 09 वर्षां में जनपद रामपुर एवं विधान सभा बिलासपुर में अनेक विकास कार्य हुए हैं। यहाँं विद्यार्थियों के लिए शिक्षा संस्थान तथा बेहतर कनेक्टिविटी के लिए चौड़ी सड़कें एवं आधुनिक बस अड्डा का निर्माण किया गया है।
इस अवसर पर पशुधन एवं दुग्ध विकास मंत्री श्री धर्मपाल सिंह, विधान परिषद सदस्य डॉ0 जय पाल सिंह व्यस्त, डॉ0 हरि सिंह ढिल्लों, विधायक श्रीमती राजबाला सिंह, श्री आकाश सक्सैना ‘हनी’, श्री शफीक अहमद अंसारी, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री ख्याली राम लोधी सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
--------