मुख्यमंत्री ने झांसी में विकास कार्यां एवं कानून व्यवस्था की समीक्षा की

अधिकारियों को जनप्रतिनिधियों के साथ लगातार संवाद किये जाने के निर्देश, नए कार्यों का शिलान्यास एवं लोकार्पण जनप्रतिनिधियों से कराये जाने का सुझाव

अवैध खनन, गौ तस्करी, भू-माफिया/शराब माफिया पर कड़ी कार्यवाही की जाए : मुख्यमंत्री

स्वयं सहायता समूहों की महिला सदस्यों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रोत्साहित किया जाए

जनपद में तैयार किए जा रहे मिलेट्स उत्पादों को मार्केट उपलब्ध कराने की कार्यवाही आगे बढ़ायी जाए

बीडा के अन्तर्गत भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने पर बल

स्थानीय युवाओं को स्वावलम्बी बनाने के लिए उन्हें गाँव में ही प्रशिक्षण दिया जाए

पुलिस द्वारा नियमित फुट पैट्रोलिंग किये जाने के निर्देश

लखनऊ : 20 जून, 2026

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने आज झाँसी में विकास कार्यां एवं कानून-व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को जनप्रतिनिधियों के साथ लगातार संवाद किये जाने के निर्देश देते हुए कहा कि ऐसा करने से विकास को गति मिलती है। उन्होंने नए कार्यों का शिलान्यास एवं लोकार्पण जनप्रतिनिधियों से कराये जाने का सुझाव दिया।
    मुख्यमंत्री जी ने जनपद झांसी के जिलाधिकारी द्वारा ‘जन संवाद’ एक नई पहल को प्रदेश स्तर तक लागू किए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने मुख्य सचिव के समक्ष वी0सी0 के माध्यम से जनसंवाद की जानकारी दिए जाने का सुझाव दिया, ताकि अन्य जिलों में भी इस पहल को प्रारम्भ कराया जा सके। उन्हें जिलाधिकारी द्वारा ‘न्यायालय आपके द्वार’ अन्तर्गत वादों की सुनवाई भी जनसंवाद के माध्यम से किए जाने की जानकारी दी गयी।
     समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री जी ने कहा कि जनपद में अवैध खनन, गौ तस्करी, भू-माफिया/शराब माफिया पर कड़ी कार्यवाही की जाए। जहां से अवैध खनन होता है, उसे वहीं रोका जाए। सी0सी0टी0वी0 कैमरां के माध्यम से अवैध खनन पर प्रभावी रोक लगायी जाए। उन्होंने ओवरलोडिंग के विरुद्ध सख्त कार्यवाही किये जाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश अकेला ऐसा राज्य है जहां खनन नीति बनाई गई है।
      मुख्यमंत्री जी ने कहा कि कुपोषित बच्चों के अभिभावकों को पशुपालन विभाग की सहभागिता योजना का लाभ दिलाया जाए। निराश्रित गो-आश्रय स्थल से ऐसे परिवार को एक गाय दी जाए, जिसका लालन-पालन करते हुए दूध का इस्तेमाल लाभार्थी परिवार करे। ऐसे इच्छुक पशुपालकों को सरकार 1,500 रुपये प्रतिमाह का भुगतान गाय के भरण-पोषण के लिए करती है।
स्वास्थ्य विभाग के कार्यां की समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री जी ने आयुष्मान भारत योजना में सूचीबद्ध अस्पतालों को किये जाने वाले भुगतान के सम्बन्ध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अन्तर्गत स्वयं सहायता समूहों की महिला सदस्यों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रोत्साहित किया जाए। जनपद में तैयार किए जा रहे हैं मिलेट्स उत्पादों को मार्केट उपलब्ध कराने की कार्यवाही आगे बढ़ायी जाए।
    मुख्यमंत्री जी ने बुन्देलखण्ड औद्योगिक विकास प्राधिकरण (बीडा) के अन्तर्गत भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने पर बल दिया। स्थानीय युवाओं को स्वावलम्बी बनाने के लिए उन्हें गाँव में ही प्रशिक्षण दिया जाए ताकि क्षेत्र में जो औद्योगिक इकाई स्थापित हो, वहां उन्हें नौकरी मिल सके। उन्होंने बीडा में स्किलिंग के लिए भी ट्रेनिंग कराए जाने का सुझाव दिया ताकि क्षेत्र के युवाआें को यहीं पर रोजगार मिल सके। बीडा में डेटा सेंटर की स्थापना के इच्छुक उद्यमी की जरूरत के मुताबिक भूमि उपलब्ध कराई जाए।
      मुख्यमंत्री जी ने कहा कि जनपद में माफियाओं के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस नीति के साथ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। महिलाओं और बालिकाओं को किसी भी तरह की कोई परेशानी न हो इसके लिए पेट्रोलिंग को और बेहतर किया जाए। उन्होंने पुलिस द्वारा नियमित फुट पैट्रोलिंग किये जाने के निर्देश भी दिए।
     समीक्षा बैठक में जनप्रतिनिधियों द्वारा सुझाव दिए गये। जिलाधिकारी ने जनपद झांसी के विकास कार्यों की विस्तार से जानकारी दी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने कानून व्यवस्था के सम्बन्ध में अवगत कराया।
इस अवसर पर सांसद श्री अनुराग शर्मा, विधायक सदर श्री रवि शर्मा, विधायक बबीना श्री राजीव सिंह पारीछा, विधायक डॉ रश्मि आर्य, विधायक गरौठा श्री जवाहर लाल राजपूत, विधान परिषद सदस्य श्री बाबूलाल तिवारी, विधान परिषद सदस्य श्री रामतीर्थ सिंघल, विधान परिषद सदस्य श्रीमती रमा निरंजन, महापौर श्री बिहारी लाल आर्य, अध्यक्ष जिला पंचायत श्री पवन गौतम, अध्यक्ष उत्तर प्रदेश गौ-सेवा आयोग श्री श्याम बिहारी गुप्ता सहित शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

-------------