योगी सरकार के प्रयासों से उद्यानिकी क्षेत्र में उत्तर प्रदेश बना देश का अग्रणी राज्य रू दिनेश प्रताप सिंह
आम, अमरूद, आलू, मटर, लौकी, तरबूज, खरबूजा एवं शहद उत्पादन में प्रदेश देश में प्रथम
लखनऊ: 13 जून, 2026
प्रदेश के उद्यान, कृषि विपणन, कृषि विदेश व्यापार एवं कृषि निर्यात राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री दिनेश प्रताप सिंह ने कहा है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा किसानों की आय बढ़ाने, फसल विविधीकरण को प्रोत्साहन देने तथा उद्यानिकी क्षेत्र के समग्र विकास के लिए किए गए सतत प्रयासों का परिणाम है कि आज उत्तर प्रदेश देश का अग्रणी उद्यानिकी राज्य बनकर उभरा है।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2025-26 के द्वितीय अग्रिम अनुमान के अनुसार उत्तर प्रदेश देश के कुल औद्यानिक उत्पादन में प्रथम स्थान पर है। प्रदेश में लगभग 26.01 लाख हेक्टेयर क्षेत्रफल में उद्यानिकी फसलों की खेती की जा रही है तथा 618.23 लाख मीट्रिक टन उत्पादन प्राप्त हो रहा है। राज्य देश के कुल उद्यानिकी उत्पादन में लगभग 16.36 प्रतिशत योगदान दे रहा है।
श्री सिंह ने बताया कि उत्तर प्रदेश सब्जी उत्पादन में देश में प्रथम तथा फल उत्पादन में तृतीय स्थान पर है। प्रदेश आम, अमरूद, आलू, हरी मटर, शिमला मिर्च, लौकी, तरबूज, खरबूजा, सिंघाड़ा, मशरूम तथा शहद के उत्पादन में देश में प्रथम स्थान रखता है। वहीं आंवला, शकरकंद और गाजर के उत्पादन में द्वितीय तथा केले के उत्पादन में तृतीय स्थान पर है।
योगी सरकार ने उद्यानिकी क्षेत्र में आधुनिक तकनीक, गुणवत्तायुक्त पौध सामग्री, माइक्रो इरिगेशन, संरक्षित खेती, प्रसंस्करण एवं विपणन सुविधाओं के विस्तार पर विशेष ध्यान दिया है। इसके परिणामस्वरूप किसानों को बेहतर उत्पादन, अधिक लाभकारी मूल्य और निर्यात के नए अवसर प्राप्त हो रहे हैं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश की कृषि अर्थव्यवस्था में उद्यानिकी फसलों का योगदान लगभग 28 प्रतिशत है, जो इस क्षेत्र की बढ़ती महत्ता को दर्शाता है। सरकार किसानों को परंपरागत खेती के साथ-साथ फल, सब्जी, पुष्प, औषधीय एवं सुगंधित फसलों की खेती के लिए प्रोत्साहित कर रही है, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई मजबूती मिल रही है।
मंत्री श्री सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में कृषि और उद्यानिकी क्षेत्र में हो रहे परिवर्तन उत्तर प्रदेश को देश की कृषि विकास यात्रा का नेतृत्वकर्ता बना रहे हैं। आने वाले वर्षों में प्रदेश उद्यानिकी उत्पादन, प्रसंस्करण, मूल्य संवर्धन और कृषि निर्यात के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित करेगा।

0 टिप्पणियाँ
If you have any doubts, please let me know