कबीर जयंती के अवसर पर तीन दिवसीय ‘निर्गुण त्रिधारा भक्ति उत्सव’ का आयोजन
लखनऊ: 15 जून, 2026
संत कबीर अकादमी, मगहर (संस्कृति विभाग, उत्तर प्रदेश) द्वारा कबीर जयंती के पावन अवसर पर 27 से 29 जून, 2026 तक ‘निर्गुण त्रिधारा भक्ति उत्सव’ का आयोजन विभिन्न स्थलों पर किया जा रहा है। इस त्रिदिवसीय उत्सव का उद्देश्य संत कबीरदास जी के मानवतावादी विचारों, सामाजिक समरसता, प्रेम, सद्भाव एवं निर्गुण भक्ति परंपरा का व्यापक प्रचार-प्रसार करना तथा नई पीढ़ी को उनकी शिक्षाओं से जोड़ना है।
यह जानकारी कबीर संस्थान के निदेशक श्री अतुल द्विवेदी ने दी। उन्होंने बताया कि उत्सव के प्रथम दिवस 27 जून, 2026 को संत कबीर अकादमी, मगहर में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम, कबीर निर्गुण भजन तथा विद्यालय एवं विश्वविद्यालय स्तर के विद्यार्थियों हेतु चित्रकला, निबंध, रंगोली एवं क्विज प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। द्वितीय दिवस 28 जून, 2026 को सद्गुरु कबीर आश्रम, छावनी लाइन, गाजीपुर में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होगा। इसी दिन सायंकाल कबीर मठ, बेलसड़ी (गाजीपुर) में कबीर दर्शन एवं वाणी पर आधारित विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम तथा निर्गुण भजन प्रस्तुत किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि उत्सव के समापन दिवस 29 जून, 2026 को प्राचीन श्री सद्गुरु कबीर प्राकट्य स्थली, लहरतारा (वाराणसी) में भव्य सांस्कृतिक संध्या एवं कबीर निर्गुण भजन कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर कबीर गायन एवं निर्गुण परंपरा के देश के प्रतिष्ठित कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे, जिनमें पद्मश्री कालूराम बमानिया (देवास, मध्य प्रदेश), पद्मश्री भेरूसिंह चौहान (मध्य प्रदेश), पद्मश्री प्रह्लाद सिंह टिपान्या (मध्य प्रदेश), देवेन्द्र दास, ताना-बाना बैंड (वाराणसी) तथा बंजारन सिस्टर्स (इंदौर) प्रमुख हैं। इसके अतिरिक्त नवोदित कलाकारों को भी अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने हेतु मंच प्रदान किया जाएगा।
कार्यक्रम के अंतर्गत दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय, गोरखपुर के छात्रों द्वारा 23 जून से 27 जून, 2026 तक संत कबीर अकादमी, मगहर परिसर में पांच दिवसीय चित्रकला कार्यशाला का आयोजन किया जाएगा। साथ ही कबीर मठ, लहरतारा वाराणसी में संगोष्ठी का भी आयोजन प्रस्तावित है।
इस त्रिदिवसीय उत्सव में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, साहित्यकारों, कलाकारों, शोधार्थियों, विद्वानों एवं विशिष्ट गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति रहेगी।
संत कबीर अकादमी, मगहर सभी श्रद्धालुओं, साहित्य प्रेमियों, कलाकारों एवं आम जनमानस से इस सांस्कृतिक आयोजन में सहभागिता हेतु सादर आमंत्रण करती है।

0 टिप्पणियाँ
If you have any doubts, please let me know