मुख्यमंत्री ने जनपद आजमगढ़ में विधान सभा सदर आजमगढ़ तथा मुबारकपुर की 955 करोड़ रु0 लागत की 39 परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया
हम सभी गौरवशाली, क्योंकि हम प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में नए भारत का दर्शन कर रहे : मुख्यमंत्री
भारत के लोगों को प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व पर गौरव की अनुभूति हो रही, हमारा देश नये भारत के रूप में अपनी कीर्ति विस्तारित कर रहा
नए भारत के साथ नया उ0प्र0 प्रगति के पथ पर निरन्तर आगे बढ़ रहा
नया भारत वैश्विक व ऊर्जा संकट में भी अपने लोगों को बचा रहा, पूरी दुनिया त्रस्त, लेकिन भारत अनवरत रूप से विकास यात्रा को आगे बढ़ा रहा
आजमगढ़ का गौरवशाली इतिहास, भंवरनाथ एवं महाराजा सुहेलदेव की पावन धरा ने सन्तों, ऋषि-मुनियों की साधना से प्रत्येक कालखण्ड में देश को नई दिशा प्रदान की
भारत के अमर सेनानी व राष्ट्रनायक महाराजा सुहेलदेव ने विदेशी आक्रान्ताओं को नेस्तानाबूत किया
स्वतंत्र व नया भारत गुलामी के किसी भी प्रतीक व चिन्ह को स्वीकार नहीं करेगा, बहराइच में महाराजा सुहेलदेव का भव्य स्मारक बना
आजमगढ़ में महाराजा सुहेलदेव के नाम पर भव्य विश्वविद्यालय का निर्माण किया गया, इस विश्वविद्यालय में उनकी भव्य प्रतिमा की स्थापना की जाएगी
आजमगढ़ में एयरपोर्ट तथा पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे की सुविधा, यहां से प्रदेश के अन्य शहरों तक जाने के लिए फोर-लेन कनेक्टिविटी
‘एक जनपद एक उत्पाद योजना’ के माध्यम से यहां की ब्लैक पॉटरी को प्लेटफॉर्म मिला, वाराणसी की साड़ी को वैश्विक स्तर पर पहचान मिल रही
प्रत्येक जरूरतमन्द को शासन की योजनाओं का लाभ बिना भेदभाव प्रदान किया जा रहा
आजमगढ़ में फिल्मों की शूटिंग की व्यवस्था करनी चाहिए, ताकि युवाओं को कला से जोड़ा जा सके
हरिहरपुर की धरा को विकास पथ पर आगे बढ़ाते हुए, वहां के नवोदित कलाकारों को मंच देना आवश्यक
आजमगढ़ विकास प्राधिकरण के माध्यम से यहां की पुरानी जेल को अच्छे कन्वेंशन सेन्टर के रूप में आगे बढ़ाने के लिए एक व्यापक कार्य योजना बनानी चाहिए
लखनऊ : 13 जून, 2026
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने कहा कि हम सभी गौरवशाली हैं, क्योंकि हम प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में नए भारत का दर्शन कर रहे हैं। भारत के लोगों को प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व पर गौरव की अनुभूति हो रही है। हमारा देश नये भारत के रूप में अपनी कीर्ति विस्तारित कर रहा है। पूरी दुनिया इसका लोहा मान रही है। नए भारत के साथ नया उत्तर प्रदेश प्रगति के पथ पर निरन्तर आगे बढ़ रहा है।
मुख्यमंत्री जी आज जनपद आजमगढ़ में विधान सभा सदर आजमगढ़ तथा मुबारकपुर की 955 करोड़ रुपये लागत की 39 परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करने के पश्चात आयोजित कार्यक्रम में अपने विचार व्यक्त कर रहे थे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री जी ने विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण-पत्र व प्रतीकात्मक चेक वितरित किए। इसके पूर्व, मुख्यमंत्री जी ने विभिन्न विभागों द्वारा लगायी गयी प्रदर्शनी का अवलोकन, महिलाओं की गोद भराई तथा बच्चों का अन्नप्राशन किया। मुख्यमंत्री जी ने महाराजा सुहेलदेव राज्य विश्वविद्यालय परिसर में पौधरोपण भी किया।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि नया भारत वैश्विक व ऊर्जा संकट में भी अपने लोगों को बचा रहा है। पूरी दुनिया त्रस्त है, लेकिन भारत अनवरत रूप से विकास यात्रा को आगे बढ़ा रहा है। अभी हाल ही में निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में प्रधानमंत्री जी के कार्यकाल के 12 वर्ष पूर्ण होने पर उनके अभिनन्दन के लिए दिल्ली में एक बड़ा कार्यक्रम आयोजित किया गया था। वहां देश के कोने-कोने से लोग आए थे। सभी ने अपने-अपने यहां की नई कहानी व गाथा का वर्णन किया। देश कैसे बदला है और एक भारतीय कैसे आज दुनिया में सिर उठाकर चलता है। दुश्मन के घर में घुसकर उसे ठिकाने लगाने का काम किया जा रहा है। आज यह सभी परिवर्तन नए भारत में देखने को मिल रहे हैं।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि आजमगढ़ का गौरवशाली इतिहास रहा है। भंवरनाथ एवं महाराजा सुहेलदेव की पावन धरा आजमगढ़ ने सन्तों, ऋषि-मुनियों की साधना से पवित्र होकर प्रत्येक कालखण्ड में देश को नई दिशा प्रदान की है। यह जनपद साहित्यिक साधना के केन्द्र बिन्दु रहा है। यह रांगेय राघव और अयोध्या सिंह उपाध्याय ‘हरिऔध’ की पावन धरती है। यहां के लोगों ने स्वतंत्रता आन्दोलन में बढ़चढ़ कर हिस्सा लेते हुए देश को स्वतंत्र कराने में अपना अमूल्य योग्यदान दिया। यह वही धरा है, जहां वीर कुंवर सिंह ने 1857 में अंग्रेजों को नाकों चने चबवा दिये थे। यहां के हस्तशिल्पियों, कारीगरों, अन्नदाता किसानों तथा युवाओं ने जनपद को नई पहचान दिलायी है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि भारत के अमर सेनानी व राष्ट्रनायक महाराजा सुहेलदेव ने विदेशी आक्रान्ताओं को नेस्तानाबूत कर दिया था। विदेशी आक्रान्ता उनके भय के कारण भारत की धरती पर आने से डरते थे। जब हम जाति, मत-मजहब, क्षेत्र, परिवारवाद व भाषा के नाम पर बंटने लगे, तो इसके दुष्पारिणामस्वरूप मोहम्मद गोरी का हमला हुआ। महाराजा पृथ्वीराज चौहान ने 17 बार उस कायर आक्रान्ता को परास्त किया। वह क्षमा मांगने पर मजबूर हो गया। चूक होने पर उसने धोखे से पृथ्वीराज चौहान को बन्धक बना लिया और उसके बाद उसने महाराजा पृथ्वीराज चौहान से जो व्यवहार किया, वह इतिहास में उल्लिखित है। हम वह गलती बार-बार करते रहे, जिस गलती का परिमार्जन 01 हजार वर्ष पूर्व महाराजा सुहेलदेव ने किया था।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि पहले बहराइच में आक्रान्ता सालार मसूद गाजी के नाम मेला लगता था, लेकिन डबल इंजन सरकार ने महाराजा सुहेलदेव के नाम पर आयोजन करने का निर्णय लिया। विदेशी आक्रान्ता को सम्मान देना मानसिक गुलामी का प्रतीक है। स्वतंत्र व नया भारत गुलामी के किसी भी प्रतीक व चिन्ह को स्वीकार नहीं करेगा। अब बहराइच में महाराजा सुहेलदेव का भव्य स्मारक बन चुका है। बहराइच अपनी गौरवपूर्व पहचान के साथ आगे बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री जी ने कहा था कि 01 हजार वर्ष पूर्व महाराजा सुहेलदेव ने अपने शौर्य और पराक्रम से एक विदेशी आक्रान्ता को परास्त किया था, आजमगढ़ में उनके नाम पर विश्वविद्यालय का निर्माण होना चाहिए। डबल इंजन सरकार द्वारा यहां महाराजा सुहेलदेव के नाम पर भव्य विश्वविद्यालय का निर्माण किया गया है। इस विश्वविद्यालय में उनकी भव्य प्रतिमा की स्थापना की जाएगी।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि आज आजमगढ़ में एयरपोर्ट तथा पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे की सुविधा है। यहां से वाराणसी, गोरखपुर, प्रयागराज तथा लखनऊ आदि शहरों तक जाने के लिए फोर-लेन कनेक्टिविटी की व्यवस्था है। जितनी तेज गति होती है, उतनी ही तेज प्रगति होती है। बिना गति के प्रगति व विकास असम्भव है। आज आजमगढ़ का व्यक्ति एक घण्टे में गोरखपुर, डेढ़ से पौने दो घण्टे में वाराणसी तथा ढाई घण्टे में लखनऊ पहुंच जाता है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि अब ‘एक जनपद एक उत्पाद योजना’ के माध्यम से यहां की ब्लैक पॉटरी को प्लेटफॉर्म मिला है। वाराणसी की साड़ी को वैश्विक स्तर पर पहचान मिल रही है। हरिहरपुर का संगीत घराना शास्त्रीय संगीत परम्परा को सफलतापूर्वक आगे बढ़ा रहा है। आज यहां कार्यक्रम से पूर्व प्रदर्शनी के अवलोकन के दौरान ब्लैक पॉटरी से जुड़े कारीगर ने बताया कि उत्तर प्रदेश में जब से डबल इंजन सरकार आयी है, कारोबार कई गुना बढ़ गया है। आमदनी बढ़ने से हमारा परिवार अब सम्मानपूर्वक जीवन व्यतीत कर रहा है। साड़ियों के कारोबार से जुड़े व्यक्तियों, अन्नदाता किसानों तथा अन्य लोगों ने भी यही बात कही और अपनी नई कहानी सुनायी।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि वर्ष 2017 से पूर्व आजमगढ़ पहचान के संकट से जूझ रहा था। तब वहां विश्वविद्यालय, हरिहरपुर संगीत महाविद्यालय तथा पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे का अस्तित्व नहीं था। एयरपोर्ट ठीक ढंग से कार्य नहीं कर रहा था। आजमगढ़ की साड़ियों तथा मुबारकपुर की ब्लैक पॉटरी को अच्छा मंच नहीं मिल पा रहा था। गरीबों के लिए शौचालय, मकान, स्वास्थ्य सुविधा, राशन का अभाव था। युवाओं की नौकरियों पर सेंध लगती थी और उनकी सौदेबाजी होती थी। बेटियों की सुरक्षा, पढ़ाई तथा उनके आगे बढ़ने के लिए कोई व्यवस्था नहीं थी। गरीब कन्याओं के विवाह तथा निराश्रित महिलाओं के जीवन-यापन के लिए सुविधाओं का अभाव था। बुजुर्गों तथा दिव्यांगजनों को 300 रुपये प्रति महीने पेंशन मिलती थी। इस पेंशन का आधा पैसा कमीशन खोरी में चला जाता था। प्रदेश सरकार ने बेटी के जन्म से लेकर उसकी स्नातक तक की पढ़ाई के लिए व्यवस्था की है। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अन्तर्गत गरीब बेटियों का विवाह सम्पन्न कराया जाता है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि गरीब बच्चों की पढ़ाई के लिए अटल आवासीय विद्यालयों का निर्माण हो रहा है। प्रत्येक विभाग कुछ न कुछ नया कार्य करते हुए विकास प्रक्रिया से जुड़ रहा है। वर्ष 2017 से पूर्व, पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे, महाराजा सुहेलदेव राज्य विश्वविद्यालय, नर्सिंग कॉलेज, नौकरी व रोजगार, अच्छी कनेक्टिविटी तथा अन्य सुविधाओं की व्यवस्था न होना पूर्ववर्ती सरकारों में इच्छाशक्ति के अभाव को दर्शाता है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व व मार्गदर्शन में 500 वर्षों की प्रतीक्षा के उपरान्त अयोध्या में भगवान श्रीराम का भव्य मंदिर निर्मित हुआ। प्रदेश सरकार द्वारा प्रत्येक जरूरतमन्द को शासन की योजनाओं का लाभ बिना भेदभाव प्रदान किया जा रहा है। प्रत्येक बेटी व व्यापारी की सुरक्षा की व्यवस्था की गयी है। यदि कोई किसी गरीब की जमीन हड़पने, बेटी की सुरक्षा में सेंध लगाने तथा किसी व्यापारी को परेशान करने का काम करेगा तो, उसे इसका अंजाम भुगतना पड़ेगा।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि आजमगढ़ में फिल्मों की शूटिंग की व्यवस्था करनी चाहिए, ताकि युवाओं को कला से जोड़ा जा सके। हरिहरपुर की धरा को विकास पथ पर आगे बढ़ाते हुए, वहां के नवोदित कलाकारों को मंच देना आवश्यक है। आजमगढ़ की ब्लैक पॉटरी, साड़ियों, अन्नदाता किसानों तथा ऊर्जावान युवाओं को भी प्लेटफॉर्म मिलना चाहिए। आज जनपद को 1,000 करोड़ रुपये की परियोजनाएं उपलब्ध करायी जा रही हैं। यह परियोजनाएं केवल दो विधानसभाओं से सम्बन्धित हैं। अन्य विधानसभाओं के लिए भी ऐसे ही कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। आजमगढ़ विकास प्राधिकरण के माध्यम से यहां की पुरानी जेल को अच्छे कन्वेंशन सेन्टर के रूप में आगे बढ़ाने के लिए एक व्यापक कार्य योजना बनानी चाहिए।
कार्यक्रम को पंचायती राज एवं अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री श्री ओम प्रकाश राजभर, कारागार मंत्री श्री दारा सिंह चौहान, श्रम एवं सेवायोजन मंत्री श्री अनिल राजभर ने सम्बोधित किया।
इस अवसर पर जनप्रतिनिधिगण तथा शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
---------

0 टिप्पणियाँ
If you have any doubts, please let me know