मुख्यमंत्री का जनपद सहारनपुर भ्रमण
मुख्यमंत्री ने माँ शाकुम्भरी देवी सिद्धपीठ खोल में अचानक जलप्रवाह के कारण हुई दुर्घटना के सम्बन्ध में जनप्रतिनिधिगण तथा अधिकारियों के साथ बैठक की
दुकानदारों के आर्थिक नुकसान का परीक्षण कराकर उन्हें नियमानुसार मुआवजा देने के निर्देश दिए
भूरा देव मन्दिर के समीप उचित स्थान पर पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित की जाए : मुख्यमंत्री
खोल में जल भराव की स्थिति में आमजन को सुरक्षित रखने के लिए खोल के दोनों तरफ बोल्डर का प्रयोग किया जाए
माँ शाकुम्भरी देवी खोल को चैनलाइज किया जाए
आपदा के दौरान होने वाली जन-धन हानि की सूचना शासन को यथाशीघ्र दी जाए, जिससे समय पर उच्च स्तर पर राहत कार्य संचालित किए जा सकें
मुख्यमंत्री ने भूरा देव मन्दिर से माँ शाकुम्भरी देवी मन्दिर तक एलिवेटेड ब्रिज एवं रोड निर्माण की प्रगति की जानकारी प्राप्त की
अतिरिक्त श्रमिक लगाकर आगामी शारदीय नवरात्रि तक एलिवेटेड ब्रिज एवं रोड के कार्यों को पूर्ण करने का प्रयास किया जाए
मुख्यमंत्री ने सहारनपुर में बाबा भूरा देव मन्दिर एवं माँ शाकुम्भरी देवी मन्दिर में दर्शन-पूजन किया
लखनऊ : 01 जून, 2026
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने आज जनपद सहारनपुर भ्रमण के अवसर पर बाबा भूरा देव मन्दिर एवं माँ शाकुम्भरी देवी मन्दिर में दर्शन-पूजन किया। इसके उपरान्त उन्होंने माँ शाकुम्भरी देवी सिद्धपीठ खोल में अचानक जलप्रवाह के कारण हुई दुर्घटना के सम्बन्ध में जनप्रतिनिधिगण तथा अधिकारियों के साथ बैठक की।
मुख्यमंत्री जी ने अचानक बाढ़ आने से हुई जनहानि एवं धनहानि की विस्तृत जानकारी प्राप्त करते हुए दुकानदारों के आर्थिक नुकसान का परीक्षण कराकर उन्हें नियमानुसार मुआवजा देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि दर्शनार्थ आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए यथासम्भव व्यवस्थाएँ की जाए, जिससे कोई भी श्रद्धालु दर्शन से वंचित न रहे। इस सम्बन्ध में जिलाधिकारी ने अवगत कराया कि जनहानि के प्रकरणों में सम्बन्धित के परिजनों को आर्थिक सहायता दी जा चुकी है।
मुख्यमंत्री जी ने भूरा देव मन्दिर के समीप उचित स्थान पर पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि खोल में जल भराव की स्थिति में आमजन को सुरक्षित रखने के लिए खोल के दोनों तरफ बोल्डर का प्रयोग किया जाए। आपदा की स्थिति में लोगों को समय से अलर्ट किया जाए। आपदा के दौरान होने वाली जन-धन हानि की सूचना शासन को यथाशीघ्र दी जाए, जिससे समय पर उच्च स्तर पर राहत कार्य संचालित किए जा सकें। आपदा मनुष्य के नियंत्रण में नहीं होती है, लेकिन तकनीक का प्रयोग कर जन-धन हानि को कम किया जा सकता है।
मुख्यमंत्री जी ने भूरा देव मन्दिर से माँ शाकुम्भरी देवी मन्दिर तक एलिवेटेड ब्रिज एवं रोड के निर्माण की प्रगति की जानकारी लेते हुए निर्देश दिए कि अतिरिक्त श्रमिक लगाकर आगामी शारदीय नवरात्रि तक इसके कार्यों को पूर्ण करने का प्रयास किया जाए। दिसम्बर माह तक इसको अवश्य पूरा कर लिया जाए। उन्होंने कहा कि कार्यों में समयबद्धता एवं गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए। जब तक पुल निर्माणाधीन है, तब तक आमजन की सुविधा के दृष्टिगत खोल के अन्दर से आवागमन की वैकल्पिक योजना बनायी जाए। माँ शाकुम्भरी देवी खोल को चैनलाइज किया जाए।
बैठक में व्यावसायिक शिक्षा एवं कौशल विकास राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री कपिल देव अग्रवाल, संसदीय कार्य एवं औद्योगिक विकास राज्यमंत्री श्री जसवंत सिंह सैनी सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण तथा शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
---------
--
.jpeg)
0 टिप्पणियाँ
If you have any doubts, please let me know