लखनऊ | दिनांक : 27 जून 2026


 डॉ राजेश्वर सिंह की सरोजनी नगर स्पोर्ट्स लीग में युवाओं ने दिखाया दमखम और खेल भावना


इंटर स्कूल और क्लब क्रिकेट में दिखा शानदार प्रदर्शन — डॉ राजेश्वर सिंह की पहल बनी युवाओं की पहचान


खेल मैदानों से उभर रहा आत्मविश्वासी युवा सरोजनीनगर — डॉ राजेश्वर सिंह


युवाओं के सपनों को मिल रही नई उड़ान, सरोजनी नगर स्पोर्ट्स लीग बना सशक्त मंच — डॉ राजेश्वर सिंह


डॉ राजेश्वर सिंह के नेतृत्व में सरोजनी नगर स्पोर्ट्स लीग बन रही प्रतिभाओं की नई पाठशाला


लखनऊ। सरोजनीनगर विधायक डॉ राजेश्वर सिंह द्वारा आयोजित सरोजनी नगर स्पोर्ट्स लीग के अंतर्गत खेले जा रहे इंटर स्कूल एवं इंटर स्पोर्ट्स क्लब क्रिकेट मुकाबले लगातार क्षेत्र के युवाओं में खेल भावना, अनुशासन और आत्मविश्वास का संचार कर रहे हैं। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।


इंटर स्कूल क्रिकेट प्रतियोगिता के दूसरे मुकाबले में कृष्णा पब्लिक स्कूल ने रेड रोज इंटर कॉलेज को 7 विकेट से पराजित किया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी करते हुए रेड रोज इंटर कॉलेज की टीम मात्र 38 रन पर ऑल आउट हो गई और कृष्णा पब्लिक स्कूल को 39 रनों का लक्ष्य मिला। लक्ष्य का पीछा करते हुए कृष्णा पब्लिक स्कूल ने शानदार बल्लेबाज़ी का प्रदर्शन कर आसानी से जीत दर्ज की। इस मैच में अंशुल ने 4 विकेट लेकर शानदार प्रदर्शन किया और उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया।


तीसरे मुकाबले में पीजेंट डे एकेडमी इंटर कॉलेज और यूनिवर्सल सिटी कॉन्वेंट, मौंदा के बीच रोमांचक मुकाबला खेला गया। टॉस जीतकर यूनिवर्सल सिटी कॉन्वेंट ने पहले गेंदबाज़ी का निर्णय लिया। पहले बल्लेबाज़ी करते हुए पीजेंट डे एकेडमी इंटर कॉलेज ने 105 रन बनाए और विपक्षी टीम को 106 रनों का लक्ष्य दिया। शानदार गेंदबाज़ी के दम पर पीजेंट डे एकेडमी ने यूनिवर्सल सिटी कॉन्वेंट को 62 रनों से पराजित कर प्रभावशाली जीत दर्ज की। कृष्ण पाल ने 4 विकेट और 16 रन बनाकर ऑलराउंड प्रदर्शन किया तथा मैन ऑफ द मैच बने।


चौथे मुकाबले में के.डी. पब्लिक स्कूल की अनुपस्थिति के कारण मैच आयोजित नहीं हो सका। प्रतियोगिता नियमों के अनुसार अंबेडकर विद्या मंदिर जूनियर हाई स्कूल को वॉकओवर प्रदान कर अगले चरण में प्रवेश दिया गया।


इंटर स्पोर्ट्स क्लब क्रिकेट प्रतियोगिता के अंतर्गत खेले गए मुकाबलों में भी खिलाड़ियों और क्लबों का उत्साह देखने योग्य रहा। खिलाड़ी सत्यापन प्रक्रिया के दौरान अयोग्य खिलाड़ियों की सहभागिता पाए जाने पर लखनऊ लायंस क्रिकेट क्लब को अयोग्य घोषित कर दिया गया। इसके परिणामस्वरूप रणीपुर क्रिकेट क्लब को मैच प्रदान करते हुए दूसरे चरण में प्रवेश दिया गया।


इसी क्रम में पात्रता मानकों पर खरा न उतरने के कारण लायंस 11 क्रिकेट क्लब को भी अयोग्य घोषित किया गया। प्रतियोगिता नियमों के अनुसार वेस्ट 11 क्रिकेट क्लब को वॉकओवर प्रदान कर दूसरे चरण में प्रवेश दिया गया।


सातवें मुकाबले में लखनऊ नाइट राइडर्स क्रिकेट क्लब और देशी दबंग क्रिकेट क्लब के बीच मुकाबला खेला गया। टॉस जीतकर लखनऊ नाइट राइडर्स ने पहले गेंदबाज़ी करने का निर्णय लिया। पहले बल्लेबाज़ी करते हुए देशी दबंग क्रिकेट क्लब ने 63 रन बनाए और 64 रनों का लक्ष्य रखा। लक्ष्य का पीछा करते हुए लखनऊ नाइट राइडर्स क्रिकेट क्लब ने शानदार बल्लेबाज़ी करते हुए 9 विकेट से एकतरफा जीत दर्ज की। आर्यन यादव के उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया।


सरोजनी नगर स्पोर्ट्स लीग आज युवाओं के लिए केवल एक खेल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि उनके सपनों, संघर्ष और प्रतिभा को नई दिशा देने का सशक्त मंच बन चुकी है। खेल मैदानों में उमड़ता उत्साह इस बात का प्रमाण है कि सरोजनीनगर का युवा खेलों के माध्यम से अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और सकारात्मक सोच के साथ अपने उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव रख रहा है।