मुख्यमंत्री ने डॉ0 श्यामा प्रसाद मुखर्जी की
जयन्ती के अवसर पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी
डॉ0 श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने देश की आजादी के
आन्दोलन में सक्रिय भूमिका निभायी : मुख्यमंत्री
लखनऊ : 06 जुलाई, 2026
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने डॉ0 श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयन्ती के अवसर पर आज यहां डॉ0 श्यामा प्रसाद मुखर्जी (सिविल) चिकित्सालय के परिसर में स्थापित उनकी प्रतिमा के सम्मुख स्थित चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
मुख्यमंत्री जी ने डॉ0 श्यामा प्रसाद मुखर्जी की पावन स्मृतियों को नमन करते हुए कहा कि आज भारतमाता के महान सपूत डॉ0 श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं पावन जयन्ती है। डॉ0 श्यामा प्रसाद मुखर्जी जी महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, शिक्षाविद्, स्वतंत्र भारत के प्रथम उद्योग एवं आपूर्ति मंत्री थे। उनका जन्म सन् 1901 में बंगाल की धरती पर हुआ था। डॉ0 श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने उच्च शिक्षा अर्जित कर एक प्राध्यापक के रूप में अपने जीवन की शुरुआत की। उन्होंने 33 वर्ष की उम्र में कोलकाता विश्वविद्यालय के कुलपति तथा शिक्षाविद् के रूप में अपनी महत्वपूर्ण सेवाएं दी।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि डॉ0 श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने देश की आजादी के आन्दोलन में सक्रिय भूमिका निभायी। जब बंगाल को पाकिस्तान का हिस्सा बनाने की साजिशें चल रही थी, तो इसके विरुद्ध डॉ0 श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने आवाज उठायी। उन्होंने बंगाल को पाकिस्तान के खूनी पंजे से बचाने में महती भूमिका का निर्वहन किया था। वर्तमान पश्चिमी बंगाल को भारत का हिस्सा बनाये रखने में डॉ0 श्यामा प्रसाद मुखर्जी का नाम प्रमुखता से लिया जाता है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि स्वतंत्र भारत में केन्द्रीय उद्योग मंत्री के रूप में डॉ0 श्यामा प्रसाद मुखर्जी देश में खाद्य और उद्योग नीति को प्रमुखता लागू किया। जब तुष्टीकरण की नीति देश की अखण्डता के समक्ष चुनौती बनी, तो वह सत्ता की राजनीति को तिलांजलि देते हुए सरकार से अलग हो गए थे। भारतीय जनसंघ के संस्थापक अध्यक्ष के रूप में उन्होंने देश की अखण्डता के लिए एक देश में दो विधान, दो प्रधान और दो निशान नहीं चलेंगे का उद्घोष करते हुए कश्मीर की परमिट प्रणाली का विरोध किया था। उस समय उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। उनका बलिदान वर्ष 1953 में कश्मीर में हुआ।
डॉ0 श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने देश की एकता और अखण्डता को चुनौती दे रही धारा 370 तथा तुष्टीकरण की नीति के खिलाफ शंखनाद किया था। डॉ0 श्यामा प्रसाद मुखर्जी के सपने को साकार करते हुए प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में वर्ष 2019 में कश्मीर में धारा-370 समाप्त करते हुए बाबा साहब डॉ0 भीमराव आंबेडकर द्वारा बनाए गए संविधान तथा भारतीय कानून को प्रभावी ढंग से लागू किया गया। डबल इंजन सरकार बंगाल में डॉ0 श्यामा प्रसाद मुखर्जी से जुड़े सभी स्थलों का पुनरुद्धार प्रभावी ढंग से कर रही है।
इस अवसर पर जनप्रतिनिधिगण एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
---------
.jpg)
0 टिप्पणियाँ
If you have any doubts, please let me know