12 जुलाई से प्रारम्भ होगा वृहद वृक्षारोपण अभियान-2026, प्रदेश की 57 हजार से अधिक ग्राम पंचायतों में लगाए जाएंगे 1.42 करोड़ पौधे
मुख्यमंत्री जी की मंशा के अनुरुप पंचायती राज विभाग प्रारम्भ करेगा मेरी पंचायत: हरित पंचायत अभियान
ग्राम सभाओं के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, जल संवर्धन एवं सतत विकास को मिलेगा जनआंदोलन का स्वरूप
-माननीय मंत्री श्री ओमप्रकाश राजभर
लखनऊ: 10 जुलाई, 2026
प्रदेश में 12 जुलाई, 2026 से वृहद वृक्षारोपण अभियान-2026 का शुभारम्भ किया जाएगा। अभियान के अंतर्गत प्रदेश की 57 हजार से अधिक ग्राम पंचायतों में 1.42 करोड़ पौधों का रोपण किया जाएगा। माननीय मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी मंशा के अनुरुप पंचायती राज विभाग द्वारा 12 जुलाई से प्रदेशव्यापी मेरी पंचायत: हरित पंचायत अभियान प्रारम्भ किया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य ग्राम पंचायतों को केवल वृक्षारोपण तक सीमित न रखते हुए पर्यावरण संरक्षण, जल संवर्धन, प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण, स्वच्छता तथा सतत विकास का सशक्त केंद्र बनाना है।
अभियान के अंतर्गत प्रदेश की सभी ग्राम पंचायतों में विशेष ग्राम सभाओं का आयोजन किया जाएगा, जिनके माध्यम से पर्यावरण संरक्षण को ग्राम पंचायतों के विकास एजेंडा का अभिन्न हिस्सा बनाया जाएगा। ग्राम सभाओं में स्थानीय स्तर पर चारागाहों, तालाबों, अमृत सरोवरों, वेटलैंड क्षेत्रों एवं अन्य सार्वजनिक स्थलों का चिन्हांकन करते हुए व्यापक वृक्षारोपण की कार्ययोजना तैयार की जाएगी। साथ ही ग्राम पंचायत विकास योजना में हरित विकास से संबंधित गतिविधियों को प्राथमिकता प्रदान की जाएगी।
अभियान के तहत पंचायत भवनों, विद्यालयों, सामुदायिक परिसरों, सड़क किनारों, तालाबों, अमृत सरोवरों, चारागाहों तथा अन्य उपलब्ध सार्वजनिक भूमि पर बड़े पैमाने पर पौधारोपण किया जाएगा। स्थानीय परिस्थितियों के अनुरूप पीपल, बरगद, पाकड़, नीम, सहजन एवं विभिन्न फलदार प्रजातियों के पौधों का रोपण किया जाएगा। पौधों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए नर्सरियों का चिन्हांकन किया जाएगा तथा रोपित पौधों की सुरक्षा हेतु ट्री-गार्ड, नियमित सिंचाई एवं उनकी जीवित रहने की स्थिति का सतत अनुश्रवण सुनिश्चित किया जाएगा।
अभियान के अंतर्गत एक पेड़ माँ के नाम जैसे जनभागीदारी आधारित अभियानों को विशेष रूप से प्रोत्साहित किया जाएगा। ग्राम प्रधानों, पंचायत प्रतिनिधियों, स्वयं सहायता समूहों, महिला समूहों, युवाओं, विद्यार्थियों एवं सामाजिक संगठनों की सक्रिय सहभागिता से वृक्षारोपण को जनआंदोलन का स्वरूप प्रदान किया जाएगा। साथ ही रोपित पौधों की सुरक्षा एवं संरक्षण को सामुदायिक उत्तरदायित्व के रूप में विकसित किया जाएगा।
मेरी पंचायत: हरित पंचायत अभियान केवल वृक्षारोपण कार्यक्रम नहीं है, बल्कि ग्राम पंचायतों में हरित एवं सतत विकास की व्यापक अवधारणा पर आधारित अभियान है। इसके अंतर्गत वर्षा जल संचयन, तालाबों एवं कुओं का संरक्षण और पुनर्जीवन, ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन, गोबर गैस एवं सामुदायिक कम्पोस्टिंग को बढ़ावा, सौर ऊर्जा के उपयोग का विस्तार, जैविक खेती को प्रोत्साहन, रासायनिक उर्वरकों के संतुलित उपयोग के प्रति जागरूकता, पराली प्रबंधन तथा सूक्ष्म एवं ड्रिप सिंचाई जैसी जल संरक्षण तकनीकों को बढ़ावा देने संबंधी गतिविधियाँ भी संचालित की जाएँगी।
अभियान के प्रभावी अनुश्रवण के लिए सभी ग्राम सभाओं की कार्यवाही ऑनलाइन पोर्टल पर अपलोड की जाएगी। वृक्षारोपण एवं जन-जागरूकता कार्यक्रमों का फोटो एवं वीडियो प्रलेखन सुनिश्चित किया जाएगा तथा ग्राम पंचायतों द्वारा यूट्यूब, फेसबुक, एक्स, इंस्टाग्राम एवं व्हाट्सएप सहित विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा। विभागीय सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर साझा की जा रही गतिविधियों को भी ग्राम पंचायतों द्वारा व्यापक रूप से प्रसारित किया जाएगा, जिससे प्रदेशभर में सफल प्रयासों का आदान-प्रदान हो सके।
यह अभियान ग्राम पंचायतों में पर्यावरण संरक्षण, प्राकृतिक संसाधनों के सतत उपयोग, जल सुरक्षा, स्वच्छता, हरित ऊर्जा एवं जनसहभागिता को संस्थागत रूप प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल सिद्ध होगा। इसके माध्यम से ग्राम पंचायतों को आत्मनिर्भर, पर्यावरण-अनुकूल एवं सतत विकास के मॉडल के रूप में विकसित करने की दिशा में प्रभावी प्रयास किए जाएंगे।
माननीय पंचायती राज मंत्री श्री ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी के नेतृत्व में प्रदेश में पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने की दिशा में प्रभावी कार्य किए जा रहे हैं। मेरी पंचायत: हरित पंचायत अभियान ग्राम पंचायतों में जनसहभागिता आधारित हरित विकास की नई कार्यसंस्कृति स्थापित करेगा। यह अभियान केवल वृक्षारोपण तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण, जल संवर्धन, स्वच्छता एवं पर्यावरणीय उत्तरदायित्व को ग्राम पंचायतों की विकास प्रक्रिया का अभिन्न हिस्सा बनाएगा।
पंचायती राज विभाग के निदेशक श्री अमित कुमार सिंह ने कहा कि विभाग द्वारा अभियान के सफल क्रियान्वयन हेतु सभी जनपदों को विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए जा चुके हैं। ग्राम पंचायत स्तर पर विशेष ग्राम सभाओं के आयोजन से लेकर पौधारोपण, पौध संरक्षण, जल संरक्षण, अपशिष्ट प्रबंधन एवं हरित विकास की सभी गतिविधियों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाएगी।
.jpeg)
0 टिप्पणियाँ
If you have any doubts, please let me know