गन्ना विकास विभाग एवं वाधवानी फाउंडेशन की अनुषंगी संस्था ैक्छ (स्किल्स डेवलपमेंट नेटवर्क) के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफल समापन
13 जुलाई से 15 जुलाई, 2026 तक लाल बहादुर शास्त्री गन्ना किसान संस्थान, लखनऊ में आयोजित हुआ प्रशिक्षण कार्यक्रम
सहकारी गन्ना विकास समितियों के माध्यम से संचालित विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के प्राध्यापकों को प्रदान किया गया रोजगारपरक कौशल विकास प्रशिक्षण
प्रशिक्षण प्राप्त प्राध्यापक अपने शिक्षण संस्थानों में विद्यार्थियों को कौशल विकास एवं रोजगारोन्मुखी शिक्षा प्रदान करेंगे
प्रशिक्षित प्राध्यापक विद्यार्थियों को राष्ट्रीय एवं वैश्विक रोजगार बाजार की आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार करेंगे
लखनऊ: दिनांक 15.07.2026
मा. मुख्यमंत्री जी के निर्देशों के क्रम में गन्ना विकास विभाग एवं वाधवानी फाउंडेशन की अनुषंगी संस्था ैक्छ (स्किल्स डेवलपमेंट नेटवर्क) के संयुक्त तत्वावधान में लाल बहादुर शास्त्री गन्ना किसान संस्थान, लखनऊ में आयोजित तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आज सफलतापूर्वक समापन हो गया। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम दिनांक 13 जुलाई से 15 जुलाई, 2026 तक आयोजित किया गया, जिसका उद्देश्य गन्ना विकास विभाग की सहकारी गन्ना विकास समितियों के माध्यम से संचालित विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के प्राध्यापकों को रोजगारपरक कौशल विकास शिक्षा एवं आधुनिक शिक्षण पद्धतियों का प्रशिक्षण प्रदान करना था।
यह प्रशिक्षण कार्यक्रम गन्ना विकास विभाग एवं वाधवानी फाउंडेशन (स्किल्स डेवलपमेंट नेटवर्क) के मध्य सम्पन्न समझौता ज्ञापन (एम.ओ.यू.) के अंतर्गत आयोजित किया गया, जिसके माध्यम से गन्ना समितियों के सहयोग से संचालित महाविद्यालयों के छात्र-छात्राओं को कौशल आधारित शिक्षा उपलब्ध कराकर उन्हें बेहतर रोजगार के अवसरों से जोड़ना है।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागी प्राध्यापकों को कौशल विकास, रोजगारपरक शिक्षा, आधुनिक शिक्षण तकनीकों, विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास तथा उद्योग एवं वैश्विक रोजगार बाजार की आवश्यकताओं के अनुरूप प्रशिक्षण प्रदान किया गया। प्रशिक्षण प्राप्त करने के उपरान्त ये प्राध्यापक अपने-अपने शिक्षण संस्थानों में विद्यार्थियों को प्रशिक्षित करते हुए उन्हें रोजगार एवं आत्मनिर्भरता की दिशा में मार्गदर्शन प्रदान करेंगे।
आयुक्त द्वारा बताया गया कि इस पहल के माध्यम से प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित हमारे महाविद्यालयों के छात्र-छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण कौशल विकास शिक्षा उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे वे राष्ट्रीय एवं वैश्विक स्तर पर उपलब्ध रोजगार के अवसरों का लाभ प्राप्त करने में सक्षम बन सकेंगे। उन्होंने कहा कि सरकार की बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ पहल के अनुरूप बालिकाओं के कौशल विकास एवं आर्थिक आत्मनिर्भरता को विशेष प्राथमिकता प्रदान की जा रही है। प्रशिक्षित प्राध्यापक मास्टर ट्रेनर्स के रूप में अपने शिक्षण संस्थानों में विद्यार्थियों को आधुनिक एवं रोजगारोन्मुखी कौशल से परिपूर्ण करेंगे, जिससे युवाओं में नवाचार, नेतृत्व क्षमता एवं प्रतिस्पर्धात्मक दक्षता का विकास होगा तथा वे भविष्य की रोजगार आवश्यकताओं के अनुरूप स्वयं को तैयार कर सकेंगे।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर विभागीय अधिकारियों एवं प्रतिभागी प्राध्यापकों ने इस पहल को प्रदेश के युवाओं के कौशल विकास एवं रोजगार सृजन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताते हुए इसे अत्यंत उपयोगी एवं प्रभावी प्रशिक्षण कार्यक्रम बताया। प्रशिक्षण के सफल आयोजन के साथ ही प्रदेश में कौशल आधारित शिक्षा को नई दिशा प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि प्राप्त हुई है। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागी प्राध्यापकों को प्रशिक्षण कार्यक्रम मंें प्रतिभागिता का प्रमाण पत्र भी प्रदान किया गया।

0 टिप्पणियाँ
If you have any doubts, please let me know