द्वितीय राष्ट्रीय बकरी दिवस-2026 के अवसर पर भा.कृ.अनु.प.-केन्द्रीय बकरी अनुसंधान संस्थान, मखदूम मनाएगा अपना 47वाँ स्थापना दिवस ।


भा.कृ.अनु.प.-केन्द्रीय बकरी अनुसंधान संस्थान, मखदूम द्वारा दिनांक 12 जुलाई, 2026 (रविवार) को संस्थान का 47वाँ स्थापना दिवस एवं द्वितीय राष्ट्रीय बकरी दिवस-2026 का भव्य आयोजन किया जाएगा । इस अवसर पर संस्थान में अतिथिगण, वैज्ञानिक, कृषक, बकरी पालक, उद्यमी, छात्र-छात्राएँ एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी बड़ी संख्या में सहभागिता करेंगे ।


इस अवसर पर सामाजिक वानिकी प्रभाग (वन विभाग), मथुरा के सहयोग से संस्थान परिसर में मेगा वृक्षारोपण अभियान आयोजित किया जाएगा । अभियान का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण, हरित आवरण में वृद्धि तथा प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना है । इस अभियान में अधिकारी, कर्मचारी, छात्र एवं किसान उत्साहपूर्वक सहभागिता करेंगे ।


इसी क्रम में संस्थान द्वारा नेशनल हाईवे पर फरह स्थित पी.डब्ल्यू.डी. अतिथि गृह के समीप संस्थान के भावी अजा केन्द्र पर, के.पी. इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (पार्क हॉस्पिटल), आगरा के सहयोग से निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया जाएगा । शिविर का लाभ संस्थान के कर्मचारियों, किसानों, बकरी पालकों तथा स्थानीय नागरिकों को प्रदान किया जाएगा ।


कार्यक्रम का उद्देश्य बकरी पालन के क्षेत्र में संस्थान द्वारा किए जा रहे अनुसंधान, नवाचार एवं तकनीकी उपलब्धियों को कृषक समुदाय तक पहुँचाना तथा आत्मनिर्भर एवं लाभकारी बकरी पालन को बढ़ावा देना है । कार्यक्रम के दौरान वैज्ञानिक सत्र, तकनीकी व्याख्यान, प्रदर्शनी, उन्नत नस्लों का प्रदर्शन, नवीन तकनीकों का प्रदर्शन तथा बकरी पालन से संबंधित विभिन्न विषयों पर विशेषज्ञों द्वारा मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा । साथ ही बकरी पालन के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले किसानों, वैज्ञानिकों एवं अन्य हितधारकों को सम्मानित भी किया जाएगा ।