कालेज बोर्ड, अमेरिका की एडवांस प्लेसमेन्ट (एपी) परीक्षा
में सी.एम.एस. छात्रों ने लहराया परचम
21 छात्रों ने एपी स्कोर 4 एवं 5 स्कोर अर्जित कर वैश्विक शैक्षणिक उत्कृष्टता की मिसाल प्रस्तुत की
लखनऊ, 8 जुलाई। सिटी मोन्टेसरी स्कूल के प्रतिभाशाली छात्रों ने कालेज बोर्ड, अमेरिका द्वारा आयोजित एडवांस प्लेसमेन्ट (एपी) परीक्षा में शानदार प्रदर्शन कर अन्तर्राष्ट्रीय पटल पर लखनऊ का गौरव बढ़ाया है। इस परीक्षा के अंको के आधार पर विश्व के प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों में छात्रों को एडवांस प्लेसमेन्ट एवं कालेज क्रेडिट प्रदान किया जाता है, जिससे उन्हें उच्च शिक्षा के दौरान अनेक शैक्षणिक लाभ प्राप्त होते हैं। इस परीक्षा में सी.एम.एस. के 12 छात्रों ने एपी स्कोर 5 एवं 9 छात्रों ने एपी स्कोर 4 वैश्विक स्तर पर अपनी शैक्षणिक उत्कृष्टता का परचम लहराया है। इस प्रकार, कुल 21 छात्रों ने वैश्विक शैक्षणिक उत्कृष्टता की मिसाल प्रस्तुत की है। इन सभी छात्रों ने इस सफलता का श्रेय विद्यालय के अपने शिक्षकों को दिया है, जिन्होंने एपी परीक्षा की तैयारी में हर प्रकार से मार्गदर्शन दिया। एपी परीक्षा विश्व भर में अपनी उच्चस्तरीय एवं चुनौतीपूर्ण शैक्षणिक संरचना के लिए जानी जाती है, ऐसे में, इस परीक्षा में 4 एवं 5 का स्कोर अर्जित करना एक अभूतपूर्व शैक्षणिक उपलब्धि है। यह उपलब्धि इस बात का प्रमाण है कि सी.एम.एस. अपने छात्रों को विश्व स्तरीय शिक्षा प्रदान कर रहा है, साथ ही विश्व के प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों में उच्च शिक्षा हेतु एक सुदृढ़ आधार भी उपलब्ध करा रहा है। एपी परीक्षा में चयन इस बात का परिचायक है कि छात्र ने स्कूल की पढ़ाई के दौरान ही कालेज स्तर की तैयारी पूरी कर ली है।
सी.एम.एस. प्रबन्धक प्रो. गीता गाँधी किंगडन ने सभी सफल छात्रों, उनके अभिभावकों एवं शिक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि कालेज बोर्ड की एपी परीक्षा विश्व के सर्वाधिक प्रतिष्ठित शैक्षणिक कार्यक्रमों में से एक है, जिसमें सफलता अर्जित करना वैश्विक स्तर की शैक्षणिक तैयारी का प्रमाण होता है। सी.एम.एस. अपने छात्रों को अन्तर्राष्ट्रीय मानकों के अनुरूप उत्कृष्ट शिक्षा प्रदान कर उन्हें विश्व के अग्रणी विश्वविद्यालयों में उच्चशिक्षा हेतु तैयार करने को निरन्तर प्रतिबद्ध है।
कालेज बोर्ड एपी परीक्षा में एपी स्कोर 5 स्कोर अर्जित करने वाले 12 छात्रों में कोपल अली, प्रणव मित्तल, सोहम अग्रवाल, अद्वय जैन, कृतिका जावलकर, अक्षज कुमार, ऋषभ सुखवानी, अनन्या शर्मा, युवराज सिंह, अचिंत्य कुशवाहा, अथर्व सचान एवं ख्याति वर्मा शामिल हैं जबकि एपी स्कोर 4 अर्जित करने वाले छात्रों में अरुंधति सिंह डागुर, अभिज्ञान, शौर्य कौशिक, अक्षय मिश्रा, तेजस्वी कनौजिया, आदित्य पांडे, नेहा राय, शुशांत शुक्ला एवं अभिजीत मुखर्जी शामिल हैं। इन छात्रों ने बायोलॉजी, कम्प्यूटर साइंस, साइकोलॉजी, माइक्रोेइकोनोमिक्स, स्टैटिस्टिक्स, कैलकुलस एबी, कम्पेरेटिव गवर्नमेन्ट एवं पॉलिटिक्स, ह्यूमन जियोग्राफी एवं वर्ल्ड हिस्ट्री जैसे विविध विषयों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर अपनी बहुमुखी प्रतिभा, गहन विषय-ज्ञान एवं वैश्विक स्तर की शैक्षणिक तैयारी का प्रभावशाली प्रदर्शन किया है।
सी.एम.एस. के हेड, कम्युनिकेशन्स श्री ऋषि खन्ना ने बताया कि सी.एम.एस. अपने छात्रों में वैश्विक दृष्टिकोण के विकास एवं उनकी प्रतिभा को प्रोत्साहित करने हेतु सदैव प्रयासरत है और इसी कड़ी में छात्रों को विदेशों में उच्चशिक्षा प्राप्त करने का अवसर प्रदान कर रहा है। सी.एम.एस. एस.ए.टी. (सैट) एवं एडवान्स प्लेसमेन्ट
(ए.पी.) टेस्ट सेन्टर भी है, जिसके माध्यम से प्रदेश भर के छात्र विश्व के सर्वश्रेष्ठ विश्वविद्यालयों में उच्च शिक्षा प्राप्त करते हैं। प्रतिवर्ष भारी संख्या में सी.एम.एस. छात्र अमेरिका, इंग्लैण्ड, कैनडा, आस्ट्रेलिया, जापान, सिंगापुर, जर्मनी आदि विभिन्न देशों के सर्वश्रेष्ठ विश्वविद्यालयों में स्कॉलरशिप के साथ उच्चशिक्षा हेतु चयनित होते हैं।

0 टिप्पणियाँ
If you have any doubts, please let me know