दिनांक: 13 जुलाई 2026, सोमवार


डॉ. राजेश्वर सिंह ने किया बैंक ऑफ महाराष्ट्र, सेक्टर-4 वृंदावन योजना शाखा का उद्घाटन


डॉ. राजेश्वर सिंह: बैंक अर्थव्यवस्था की वित्तीय रीढ़, बैंक ऑफ महाराष्ट्र का एनपीए मात्र 0.13 प्रतिशत सबसे कम


डॉ. राजेश्वर सिंह ने मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के अंतर्गत पाँच लाभार्थियों को सौंपे स्वीकृति पत्र


डॉ. राजेश्वर सिंह ने बैंकों से ग्रीन फाइनेंस के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण में भागीदारी की अपील


डॉ. राजेश्वर सिंह: सरोजनीनगर के लिए नई बैंक शाखा बनेगी विकास की नई उपलब्धि


सरोजनीनगर विधानसभा क्षेत्र के विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह आज बैंक ऑफ महाराष्ट्र की सेक्टर-4, वृंदावन योजना शाखा के उद्घाटन समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।


 माननीय विधायक ने कहा कि बैंक किसी भी देश की अर्थव्यवस्था की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी होते हैं और देश की समृद्धि का रास्ता बैंकों से होकर गुजरता है। सेविंग्स बैंक अकाउंट्स में जमा धन को बैंक निवेश में परिवर्तित करते हैं, जो उद्योगों और उद्यमों तक पहुँचकर रोजगार के नए अवसर सृजित करता है। यही कारण है कि बैंक किसी भी देश की अर्थव्यवस्था की वित्तीय रीढ़ होते हैं।


डॉ. राजेश्वर सिंह ने बताया कि बैंक ऑफ महाराष्ट्र का पंजीकरण वर्ष 1935 में हुआ था। लगभग 90 वर्षों के अपने गौरवशाली इतिहास में इस बैंक ने वर्ष 1969 में राष्ट्रीयकरण के पश्चात भी निरंतर प्रगति की नई ऊँचाइयों को प्राप्त किया। अपनी पारदर्शिता, उत्कृष्ट कार्यप्रणाली एवं जनविश्वास के बल पर बैंक ऑफ महाराष्ट्र ने देशभर में एक विशिष्ट पहचान स्थापित की है


माननीय विधायक ने बैंक की जिम्मेदार ऋण प्रदान प्रक्रिया की सराहना करते हुए कहा कि महाप्रबंधक एवं क्षेत्रीय प्रबंधक द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार बैंक का एनपीए (NPA) मात्र 0.13 प्रतिशत है, जो देशभर में सबसे कम है। उन्होंने इसके लिए बैंक की पूरी टीम को हार्दिक बधाई दी और कहा कि इसका अर्थ है कि बैंक न केवल सोच-समझकर ऋण प्रदान कर रहा है, बल्कि उसकी प्रभावी मॉनिटरिंग और रिकवरी भी सुनिश्चित कर रहा है।


अपने अनुभव साझा करते हुए डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि प्रवर्तन निदेशालय में कार्यकाल के दौरान उन्हें बैंकों के कार्यों को निकट से देखने और समझने का अवसर मिला। उन्होंने बताया कि बैंक किस प्रकार राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, बड़े उद्योगों को वित्तीय सहायता देकर उन्हें आगे बढ़ाते हैं और देश की आर्थिक प्रगति को गति देते हैं। उन्होंने बैंक ऑफ महाराष्ट्र के लगभग साढ़े छह लाख करोड़ रुपये के व्यवसाय को बैंक की क्षमता और विश्वसनीयता का प्रमाण बताया।


मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र: कार्यक्रम के दौरान गोविंद सिंह, दीवाकर पांडे, अजय कुमार मौर्य, ममता यादव एवं रिद्धि पाण्डेय को मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के अंतर्गत स्वीकृति पत्र प्रदान कर उनके उज्ज्वल एवं आत्मनिर्भर भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी गईं।


ग्रीन फाइनेंस पर बल: माननीय विधायक ने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी के नेतृत्व में तथा आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी  के मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश में बड़े स्तर पर वृक्षारोपण अभियान चलाया जा रहा है। बढ़ता हुआ तापमान, गिरता हुआ भूजल स्तर और बढ़ता हुआ प्रदूषण आने वाली पीढ़ियों के लिए गंभीर चुनौती हैं।


 उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण में बैंकों की भी अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका होनी चाहिए, विशेषकर ग्रीन फाइनेंस के माध्यम से। जो कंपनियाँ ग्रीन एनर्जी, सौर ऊर्जा एवं रेन वाटर हार्वेस्टिंग जैसे सतत विकास के क्षेत्रों में कार्य कर रही हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर वित्तीय सहायता प्रदान की जानी चाहिए। उन्होंने शाखा प्रबंधक से आग्रह किया कि ऐसी कंपनियों को प्राथमिकता दी जाए, जो न केवल बैंक बल्कि देश और आने वाली पीढ़ियों के लिए भी बड़ा योगदान होगा।


इस अवसर पर पूर्व राज्य मंत्री वीरेंद्र तिवारी, जोनल मैनेजर अमित गोयल, डिप्टी जोनल मैनेजर संजू कुमारी, ब्रांच मैनेजर माधवी मिश्रा एवं समस्त बैंक स्टाफ की गरिमामयी उपस्थिति रही। साथ ही मंडल अध्यक्ष राजन मिश्रा, पार्षद मनोज रावत, पार्षद संजीव अवस्थी, आमोद कुमार, विनय मिश्रा, शेर अली, सेक्टर संयोजक आराधना पाण्डेय, निर्मल सिंह एवं शैलेंद्र सिंह सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे।


कार्यक्रम के समापन पर डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि यह शाखा अत्यंत सुंदर है और यहाँ का स्टाफ बेहद सहयोगी एवं स्वागतपूर्ण है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह नई शाखा सरोजनीनगर के लिए एक नई उपलब्धि सिद्ध होगी और बैंकिंग सुविधाओं का विस्तार, स्वरोजगार को बढ़ावा एवं वित्तीय समावेशन के माध्यम से क्षेत्र के विकास को नई ऊर्जा मिलेगी। उन्होंने बैंकिंग सेक्टर के सभी कर्मचारियों और अधिकारियों तथा सरोजनीनगर परिवार की ओर से हृदय से धन्यवाद और शुभकामनाएं दीं।