मुख्यमंत्री ने जनपद फतेहपुर में फतेहपुर सदर एवं अयाह शाह विधान सभा क्षेत्रों की 489 करोड़ रु0 से अधिक लागत की 125 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया

सैकड़ों करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं से न केवल फतेहपुर के लोगों को लाभ मिलेगा, बल्कि विकसित फतेहपुर के माध्यम से विकसित उ0प्र0 और विकसित भारत के संकल्प को नई गति मिलेगी : मुख्यमंत्री

आने वाले समय में फतेहपुर आकांक्षी जनपद के बजाय विकसित जनपदों की श्रेणी में अपना स्थान बनाएगा

जनपद फतेहपुर माँ गंगा और माँ यमुना से अभिसिंचित दोआबा की धरा, इस माटी पर ठाकुर दरियांव सिंह, सुजान सिंह, अमर शहीद जोधा सिंह अटैया, निर्भीक पत्रकार श्री गणेश शंकर विद्यार्थी और महान साहित्यकार सोहन लाल द्विवेदी ने जन्म लिया

उ0प्र0 सरकार ने विगत 09 वर्षों में प्रदेश में 09 लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां उपलब्ध कराई, आज सरकारी भर्तियों में फतेहपुर के युवा भी दिखाई देते

सड़क, पुल, फ्लाईओवर, बिजली, अस्पताल, कंपोजिट विद्यालय तथा मेडिकल कॉलेज जैसी विकास परियोजनाएं फतेहपुर में साकार हो रही

 फतेहपुर में अमर शहीद जोधा सिंह अटैया ठाकुर दरियांव सिंह मेडिकल कॉलेज जनपद की स्वास्थ्य सेवाओं का महत्वपूर्ण केन्द्र, यहां से छात्र शिक्षा प्राप्त कर प्रदेश एवं देश में अपनी पहचान बनाएंगे

पिछले 03 दिनों में महत्वपूर्ण व बड़े निर्णय लिए गए, नकल माफिया के विरुद्ध कठोर कानून लाने का निर्णय लिया गया

प्रधानमंत्री जी ने युवाओं के साथ संवाद बनाया, देश के छात्रों के उज्ज्वल भविष्य को ध्यान में रखते हुए कड़े कदम उठाये

आज भारत का युवा वैश्विक स्तर पर अपनी पहचान बना रहा, विभिन्न क्षेत्रों में सम्मान प्राप्त कर रहा

बिना किसी भेदभाव पात्र लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंच रहा, गांवों तक विकास कार्य पहुंच रहे, किसान खुशहाल हो रहे

लखनऊ : 25 जुलाई, 2026

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने कहा कि सैकड़ों करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं से न केवल फतेहपुर के लोगों को लाभ मिलेगा, बल्कि विकसित फतेहपुर के माध्यम से विकसित उत्तर प्रदेश और विकसित भारत के संकल्प को भी नई गति मिलेगी। प्रदेश सरकार चरणबद्धढंग से जनपद में अन्य विकास परियोजनाओं को भी आगे बढ़ाती रहेगी। आने वाले समय में नीति आयोग के मानकों पर फतेहपुर आकांक्षी जनपद के बजाय विकसित जनपदों की श्रेणी में अपना स्थान बनाएगा।
मुख्यमंत्री जी आज जनपद फतेहपुर में फतेहपुर सदर एवं अयाह शाह विधान सभा क्षेत्रों की 489 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 125 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करने के उपरान्त आयोजित कार्यक्रम में अपने विचार व्यक्त कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रतीकात्मक चेक, प्रमाण पत्र, स्वीकृति पत्र, आवास की चाभी, आयुष्मान कार्ड, टूल किट आदि प्रदान किये। इसके पूर्व, मुख्यमंत्री जी ने विभिन्न विभागों द्वारा लगायी गयी प्रदर्शनी का अवलोकन, महिलाओं की गोद भराई तथा बच्चों का अन्नप्राशन किया। उन्होंने स्कूली बच्चों को चॉकलेट भी प्रदान किया। कार्यक्रम के दौरान जनपद फतेहपुर की विकास यात्रा पर आधारित एक लघु फिल्म प्रदर्शित की गयी।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि जनपद फतेहपुर माँ गंगा और माँ यमुना से अभिसिंचित दोआबा की धरा है। इसे पौराणिक काल से ही ऋषि-मुनियों का आशीर्वाद प्राप्त होता रहा है। अनेक शिवालयों के माध्यम से यहां की आस्था को सम्मान मिलता रहा है। देश की आजादी के लिए इस धरा ने एक नई श्रृंखला खड़ी की थी। इस धरा पर स्थित खजुहा की बावनी इमली अमर बलिदान की साक्षी है। यहां पर देश की आजादी के लिए 52 स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को फांसी दी गयी थी। इस माटी पर ठाकुर दरियांव सिंह व उनके वीर पुत्र सुजान सिंह तथा अमर शहीद जोधा सिंह अटैया जैसे वीर सपूतों ने जन्म लिया। यहां पर निर्भीक पत्रकार श्री गणेश शंकर विद्यार्थी और महान साहित्यकार व राष्ट्र कवि सोहन लाल द्विवेदी ने भी जन्म लिया।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि उन्हें काफी दिनों बाद फतेहपुर जनपद आने का सौभाग्य प्राप्त हुआ है। वर्ष 2017 से पहले फतेहपुर आकांक्षी जनपदों में शामिल था। शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि विकास, रोजगार, औद्योगिक विकास तथा आधारभूत संरचना के विभिन्न मानकों पर यह जनपद पिछड़े जिलों में गिना जाता था। उस समय विकास का लाभ जनपद तक नहीं पहुंच पाया था और विकास कार्य अपेक्षित गति से नहीं हो सके थे।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि पहले जनपद में सड़क, बिजली, स्वास्थ्य तथा औद्योगिक निवेश जैसी बुनियादी सुविधाओं का अभाव था। कानपुर और प्रयागराज जैसे औद्योगिक क्षेत्रों के मध्य स्थित होने के बावजूद फतेहपुर विकास की मुख्यधारा से पीछे था। युवाओं के सामने रोजगार और पहचान का संकट था तथा सरकारी नौकरियों में पारदर्शिता दिखायी नहीं देती थी। वर्ष 2012 से 2017 के बीच हुई अनेक भर्तियां विवादों में रहीं और योग्य युवाओं को उनके अधिकार के अनुरूप अवसर नहीं मिल सके।
मुख्यमंत्री जी ने वर्ष 2017 के बाद प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में हुए परिवर्तन का उल्लेख करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार ने विगत 09 वर्षों में प्रदेश में 09 लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां उपलब्ध कराई हैं। नियुक्ति पत्र वितरण के अवसर पर फतेहपुर के युवाओं को भी उनकी योग्यता के आधार पर नियुक्ति प्राप्त करता देख उन्हें सुखद अनुभूति होती है। आज सरकारी भर्तियों में फतेहपुर के युवा भी दिखाई देते हैं।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि आज सड़क, पुल, फ्लाईओवर, बिजली, अस्पताल, कंपोजिट विद्यालय तथा मेडिकल कॉलेज जैसी विकास परियोजनाएं फतेहपुर में साकार हो रही हैं। जिस जनपद की पहचान कभी स्वतंत्रता संग्राम के वीरों से रही, वहां अब विकास की नई पहचान भी स्थापित हो रही है। फतेहपुर में अमर शहीद जोधा सिंह अटैया ठाकुर दरियांव सिंह के नाम पर स्थापित मेडिकल कॉलेज आज जनपद की स्वास्थ्य सेवाओं का महत्वपूर्ण केन्द्र बन चुका है। साथ ही, बेहतर कनेक्टिविटी और औद्योगिक क्षेत्र के विकास की दिशा में भी कार्य हो रहा है।
मुख्यमंत्री जी ने कार्यक्रम स्थल पर लगायी गयी प्रदर्शनी का उल्लेख करते हुए कहा कि फतेहपुर में अपार संभावनाएं हैं। यह क्षमता पहले भी थी, लेकिन उसे उचित अवसर नहीं मिल पाया। ’वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट’ योजना के अन्तर्गत जनपद के उत्पादों को नई पहचान मिल रही है तथा यहां का युवा देशभर में अपनी पहचान बना रहा है। उन्होंने किसानों द्वारा जैविक एवं प्राकृतिक खेती के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की भी सराहना की।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले युवाओं, किसानों और विकास को शासन की प्राथमिकताओं में अपेक्षित स्थान नहीं मिला था, जबकि वर्तमान प्रदेश सरकार प्रधानमंत्री जी के ‘सबका साथ, सबका विकास’ के मंत्र के अनुरूप विकास कार्यों को मजबूती के साथ आगे बढ़ा रही है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि जिन लोगों ने युवाओं और छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया, वह आज घड़ियाली आंसू बहा रहे हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री जी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि छात्रों के हितों को ध्यान में रखते हुए पिछले 03 दिनों में महत्वपूर्ण व बड़े निर्णय लिए गए हैं। नकल माफिया के विरुद्ध कठोर कानून लाने का निर्णय लिया गया है, जिसके तहत दोषियों के लिए कम से कम 10 वर्ष की कड़ी सजा और 10 करोड़ रुपये के आर्थिक दण्ड का प्राविधान किया जाएगा। नये कानून के मसौदे को केन्द्रीय कैबिनेट ने पास कर लिया है, अब सोमवार को यह बिल संसद में आने वाला है। प्रधानमंत्री जी ने घोषणा की है कि छात्रों के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ करने वाले के विरुद्ध सख्त कार्रवाई होगी।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि नीट परीक्षा को एक समय सीमा के अन्तर्गत कराया गया, ताकि छात्रों की साल भर की मेहनत खराब न हो। एक समय सीमा के अन्दर परिणाम भी दे दिया गया। नीट की पहली परीक्षा में लीकेज हुए थे। नीट पेपर से जुड़े मामलों में दोषियों की गिरफ्तारी हुई है। कल ही नेशनल टेस्ट एजेन्सी (एन0टी0ए0) के सबन्धित अधिकारियों को बर्खास्त कर दिया गया। उनकी सेवाएं हमेशा के लिए समाप्त कर दी गयीं। दोषियों की सम्पत्तियां जब्त होंगी तथा उन्हें सजा होगी। उन्होंने कहा कि यह निर्णय देश के छात्रों के उज्ज्वल भविष्य को ध्यान में रखते हुए प्रधानमंत्री जी द्वारा उठाये गये कड़े कदम हैं। प्रधानमंत्री जी ने युवाओं के साथ संवाद बनाया तथा देश की संसद से एक सख्त कानून बनाने के लिए कैबिनेट से एक नये अधिनियम के मसौदे को पास करके इस दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया है। उन्होंने प्रधानमंत्री जी द्वारा उठाए गए इन कदमों का प्रदेश के युवाओं की ओर से स्वागत एवं अभिनन्द करते हुए कहा कि पिछले 12 वर्षों में युवाओं के लिए इसी प्रकार अनेक महत्वपूर्ण कदम उठाए गये हैं।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि डिजिटल इण्डिया, प्रधानमंत्री स्टार्ट-अप योजना, प्रधानमंत्री स्टैण्ड-अप योजना तथा नई शिक्षा नीति जैसी पहलों के माध्यम से देश के युवाओं को नए अवसर प्राप्त हुए हैं। इन योजनाओं के माध्यम से देश के युवाओं के लिए प्रधानमंत्री जी ने एक नई आशा की किरण दी है। आज भारत का युवा वैश्विक स्तर पर अपनी पहचान बना रहा है तथा विभिन्न क्षेत्रों में सम्मान प्राप्त कर रहा है। युवाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर सृजित किए गए हैं और सरकार उनकी प्रतिभा को आगे बढ़ाने के लिए निरन्तर कार्य कर रही है। प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व व मार्गदर्शन में 01 वर्ष में देश के 12 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी तथा विगत 12 वर्षां में करोड़ों युवाओं को सरकारी नौकरी देकर उनके जीवन को उज्ज्वल भविष्य की ओर अग्रसर किया गया है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार पहले दिन से स्पष्ट नीति के साथ कार्य कर रही है कि छात्रों एवं युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वाले माफिया के लिए कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। ऐसे लोगों के विरुद्ध आवश्यकतानुसार गिरफ्तारी, सम्पत्ति जब्ती तथा अन्य विधिक कार्रवाई की जा रही है। यदि प्रदेश में पारदर्शी व्यवस्था स्थापित नहीं की गई होती तो लगभग 09 लाख युवाओं को सरकारी नौकरियां उपलब्ध कराना सम्भव नहीं होता। आज उत्तर प्रदेश में योग्यता एवं पारदर्शिता के आधार पर नियुक्तियां दी जा रही हैं। इसी प्रकार ’वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट’ जैसी योजनाओं के माध्यम से सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों को भी बढ़ावा दिया जा रहा है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि पहले प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति तथा माफिया तंत्र के कारण बड़े निवेश में बाधाएं आती थीं, जबकि आज प्रदेश में सुरक्षित एवं निवेश-अनुकूल वातावरण तैयार हुआ है। सरकार ने स्पष्ट किया है कि चाहे पेशेवर माफिया हो या बेटियों एवं व्यापारियों की सुरक्षा के लिए खतरा बनने वाले तत्व हों अथवा अन्य अपराधी, उनके लिए कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
आज बिना किसी भेदभाव के पात्र लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंच रहा है। गांवों तक विकास कार्य पहुंच रहे हैं, किसान खुशहाल हो रहे हैं तथा युवाओं को रोजगार और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के अवसर मिल रहे हैं। फतेहपुर मेडिकल कॉलेज से यहां के छात्र शिक्षा प्राप्त कर प्रदेश एवं देश में अपनी पहचान बनाएंगे। अब फतेहपुर आकांक्षी जनपद नहीं, बल्कि उत्तर प्रदेश की विकास यात्रा का सहभागी बन रहा है तथा विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। इसी उद्देश्य से सरकार विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में विकास परियोजनाओं को गति दे रही है, जिससे जनपद के सर्वांगीण विकास को नई दिशा मिल रही है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि अच्छी सरकार बिना किसी भेदभाव के विकास योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाती है। आज गरीबों को निःशुल्क राशन, आवास, आयुष्मान भारत योजना तथा अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिल रहा है। किसानों के हित में मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना सहित विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनके माध्यम से पात्र परिवारों को सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना की सुविधा केवल किसान के लिए ही नहीं, बल्कि सह किसान तथा उसके परिवार के लिए भी है। यदि दुर्भाग्य से वह किसी आपदा की चपेट में आ जाते हैं, तो किसान के परिवार को 05 लाख रुपये की सहायता धनराशि प्राप्त हो जाती है। यह हमारी प्रतिबद्धता है। निजी नलकूप को हमने निःशुल्क करवाया है। उनका बिजली बिल 3,000 करोड़ रुपये आता था। आज अन्नदाता किसानों के निजी ट्यूबवेल के विद्युत बिल का भुगतान उत्तर प्रदेश सरकार कर रही है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि वर्तमान सरकार बिना किसी भेदभाव के विकास कार्यों को आगे बढ़ा रही है। उन्होंने जनप्रतिनिधियों द्वारा जनपद के विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इन्हीं प्रयासों के परिणामस्वरूप आज फतेहपुर में अनेक महत्वपूर्ण परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया जा रहा है। आज फतेहपुर-बहुआ हिनौता मार्ग के सृदृढ़ीकरण, बहराइच-बांदा मार्ग, असोथर-जरौली-रामनगर-कौंहन मार्ग के सुदृढ़ीकरण एवं चौड़ीकरण, पुलिस लाइन में बहुमंजिला बैरक का निर्माण, पी0ए0सी0 वाहिनी परिसर में बैरक का निर्माण, राजकीय आई0टी0आई0 फतेहपुर के उन्नयन कार्य, 50 बेड एकीकृत आयुष अस्पताल, ग्राम मेवली बुजुर्ग, आई0टी0आई0 सिविल लाइन फतेहपुर, प्रोजेक्ट अलंकार के अन्तर्गत राजकीय बालिका इण्टर कॉलेज, फतेहपुर के उन्नयन तथा 160 करोड़ रुपये से अधिक की पेयजल पुनर्गठन योजना सहित अनेक परियोजनाओं का लोकार्पण किया गया है।
साथ ही, फतेहपुर-मनावा-सरकण्डी मार्ग, शंकरपुरवा-सतखड़ा-गड़रियन डेरा बंधवा डेरा मार्ग का चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण कार्य, नर्सिंग कॉलेज एवं छात्रावास के निर्माण सहित अनेक परियोजनाओं का शिलान्यास भी किया गया है। नर्सिंग कॉलेज स्थापित होने से जनपद की बेटियों को स्थानीय स्तर पर गुणवत्तापूर्ण नर्सिंग शिक्षा एवं रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे। राजकीय पॉलिटेक्निक फतेहपुर में सेण्टर ऑफ एक्सीलेंस की स्थापना के माध्यम से आर्टिफिशियल इन्टेलिजेंस, ड्रोन टेक्नोलॉजी, रोबोटिक्स तथा 3-डी प्रिंटिंग जैसी आधुनिक तकनीकों का प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाएगा। साथ ही, पुलिस लाइन में ट्रांजिट हॉस्टल, साइबर थाने के प्रशासनिक भवन तथा बहुआ फतेहपुर में ग्रामीण स्टेडियम के निर्माण कार्य भी आगे बढ़ाए जा रहे हैं। हम प्रत्येक विकासखण्ड में हैलीपैड बना रहे हैं। आने वाले समय में अनेक विकास परियोजनाओं को लेकर आएंगे।
कार्यक्रम को अध्यक्ष राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग साध्वी निरंजन ज्योति, पशुधन एवं दुग्ध विकास राज्य मंत्री श्रीमती कृष्णा पासवान तथा विधायक श्री विकास गुप्ता ने भी सम्बोधित किया।
इस अवसर पर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री अजीत सिंह पाल, विधान परिषद सदस्य श्री अविनाश सिंह चौहान, विधायक श्री राजेन्द्र सिंह पटेल, श्री जय कुमार सिंह जैकी सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
---------