मुख्यमंत्री ने जनपद गाजियाबाद में मुरादनगर एवं मोदीनगर विधान
सभा क्षेत्रों की 868 करोड़ रु0 से अधिक लागत की 90 विकास
परियोजनाआें का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया

विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रतीकात्मक
चेक, चाभी, प्रमाण पत्र, लैपटॉप, स्वीकृति पत्र आदि प्रदान किये

मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों द्वारा लगायी गयी प्रदर्शनी का अवलोकन,
पौधरोपण, महिलाओं की गोदभराई तथा बच्चों का अन्नप्राशन किया

मुख्यमंत्री ने प्रदेश के पूर्व कैबिनेट मंत्री स्व0 राजपाल त्यागी की प्रथम पुण्य
तिथि के अवसर पर उनकी मूर्ति का अनावरण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की

डबल इंजन सरकार प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व
एवं मार्गदर्शन में विकास कार्य कर रही : मुख्यमंत्री

गाजियाबाद दिल्ली का प्रवेश द्वार तथा ग्रोथ इंजन, गाजियाबाद
विकास, सुशासन एवं आधुनिक आधारभूत संरचना के कारण
राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में एक नई पहचान स्थापित कर रहा

 देश की सबसे बड़ी कांवड़ यात्रा हरिद्वार से गाजियाबाद के बीच निकलती

गाजियाबाद अपने हस्तशिल्प के लिए विख्यात,
भगवान दूधेश्वरनाथ का प्रसिद्ध मंदिर यहीं स्थित

गाजियाबाद सुशासन व विकास के मॉडल के रूप में अपनी पहचान बना रहा

प्रधानमंत्री जी विगत 12 वर्षों से देश के
नागरिकों को सुशासन का मॉडल प्रदान कर रहे

कानून के राज के लिए अपराध और अपराधियों
के प्रति जीरो टॉलरेन्स की नीति अत्यन्त महत्वपूर्ण
 
शीघ्र ही यमुना अथॉरिटी में फिल्म सिटी व देश
की सबसे बड़ी इलेक्ट्रॉनिक सिटी का निर्माण किया जाएगा

 
लखनऊ : 17 जुलाई, 2026

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने कहा कि डबल इंजन सरकार प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में विकास कार्य कर रही है। गाजियाबाद दिल्ली का प्रवेश द्वार तथा ग्रोथ इंजन भी है। आज गाजियाबाद  विकास, सुशासन एवं आधुनिक आधारभूत संरचना के कारण राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में एक नई पहचान स्थापित कर रहा है। देश की स्वच्छता रैंकिंग में गाजियाबाद भी अपना स्थान बनाता है। यहां नये-नये निवेश आते हैं। आवासीय कॉलोनी बनती है तथा विकास की गति आगे बढ़ती है। विकास कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए प्रयास करने पर ही परिणाम सामने आते हैं।
मुख्यमंत्री जी आज जनपद गाजियाबाद में मुरादनगर एवं मोदीनगर विधान सभा क्षेत्रों की 868 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 90 विकास परियोजनाआें का लोकार्पण एवं शिलान्यास करने के पश्चात आयोजित कार्यक्रम में अपने विचार व्यक्त कर रहे थे। इसके पूर्व, मुख्यमंत्री जी ने प्रदेश के पूर्व कैबिनेट मंत्री स्व0 राजपाल त्यागी की प्रथम पुण्य तिथि के अवसर पर उनकी मूर्ति का अनावरण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।  कार्यक्रम में मुख्यमंत्री जी ने विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रतीकात्मक चेक, चाभी, प्रमाण पत्र, लैपटॉप, स्वीकृति पत्र आदि प्रदान किये। मुख्यमंत्री जी ने विभिन्न विभागों द्वारा लगायी गयी प्रदर्शनी का अवलोकन, पौधरोपण, महिलाओं की गोदभराई तथा बच्चों का अन्नप्राशन किया।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि राजनीति जनसेवा का माध्यम है। जब यह जनता की सेवा का माध्यम बनती है, तो राजनेता को लोकप्रियता के चरम पर पहुंचाती है। हमें स्व0 राजपाल त्यागी के सार्वजनिक जीवन में जनसेवा स्पष्ट दिखायी देती है। उत्तर प्रदेश के पूर्व मंत्री स्व0 श्री राजपाल त्यागी जनपद गाजियाबाद और उत्तर प्रदेश की राजनीति में एक अत्यन्त सम्मानित और लोकप्रिय नेता थे। उन्होंने उत्तर प्रदेश सरकार में कई महत्वपूर्ण विभागों के कैबिनेट मंत्री एवं स्वतंत्र प्रभार मंत्री के रूप में अपनी सेवाएं दीं। वह 06 बार विधायक भी बने।
  मुख्यमंत्री जी ने कहा कि माता-पिता का त्याग और उनकी साधना उनके पुत्र के कार्यों में झलकती है। श्री अजीत पाल त्यागी के माता-पिता की तपस्या, त्याग एवं साधना तथा लोक कल्याण के प्रति समर्पण भाव का परिणाम है कि वह विधायक बनकर लगातार विकास कार्य कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि गाजियाबाद अपने हस्तशिल्प के लिए विख्यात है। भगवान दूधेश्वरनाथ का प्रसिद्ध मंदिर यहीं स्थित है। हिण्डन नदी गाजियाबाद को सिंचित करती है। आज से 10 वर्ष पूर्व गाजियाबाद में अराजकता चरम पर थी। आज गाजियाबाद सुशासन व विकास के मॉडल के रूप में अपनी पहचान बना रहा है। गाजियाबाद में अच्छी सड़कें बनी हैं। गाजियाबाद नगर निगम साफ सुथरा हुआ है। देश की पहली रैपिड रेल दिल्ली-मेरठ के बीच संचालित है। आज मेरठ से दिल्ली के बीच यात्रा का समय कम हुआ है। 03 घण्टे की दूरी मात्र 40 मिनट में तय की जा सकती है। आज गाजियाबाद के हिण्डन में सिविल टर्मिनल बनकर तैयार है। गाजियाबाद के लोगों को हिण्डन में ही वायु सेवा उपलब्ध है। यहां 12 लेन के एक्सप्रेस-वे का निर्माण किया गया है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी विगत 12 वर्षों से देश के नागरिकों को सुशासन का मॉडल प्रदान कर रहे हैं। सुशासन तब आता है, जब कानून का राज होता है। कानून के राज के लिए अपराध और अपराधियों के प्रति जीरो टॉलरेन्स की नीति अत्यन्त महत्वपूर्ण होती है। जहां सुरक्षा होगी, वहां सुशासन होगा और जहां सुशासन होगा, वहां समृद्धि होगी। जहां समृद्धि होगी, वहां विकास होगा, निवेश आएगा और रोजगार का सृजन होगा।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि देश की सबसे बड़ी कांवड़ यात्रा हरिद्वार से गाजियाबाद के बीच निकलती है। यह कांवड़ यात्रा का आयोजन हम सभी का है। इसकी मर्यादा और अनुशासन को हमें स्वयं बनाकर रखना है। प्रशासन के साथ बेहतर समन्वय बनाकर कांवड़ यात्रा निकलने का प्रबन्ध किया जाएगा। अब गाजियाबाद से हरिद्वार तक का कांवड़ मार्ग भी बन गया है। आस्था का सम्मान करते हुए दूधेश्वरनाथ मंदिर में कॉरिडोर का निर्माण हो रहा है। पूरा महादेव में आदि योगी की भव्य प्रतिमा व कॉरिडोर का निर्माण हो रहा है। गाजियाबाद में हरनंदीपुरम टाउनशिप जैसी नई आवासीय कॉलोनियां विकसित हो रही हैं। अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि मंदिर, काशी में काशी विश्वनाथ धाम, विन्ध्यवासिनी धाम में विन्ध्य कॉरिडोर का निर्माण किया गया है। यह सभी पवित्र स्थल पुनः जगमगा रहे हैं। यही आस्था का सम्मान है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में संचालित विभिन्न आधारभूत परियोजनाएं विकास की नई गाथा लिख रही हैं। दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस-वे, यमुना एक्सप्रेस-वे, गंगा एक्सप्रेस-वे, ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे जैसी परियोजनाओं ने क्षेत्र की कनेक्टिविटी को सुदृढ़ किया है तथा आर्थिक गतिविधियों को नई गति प्रदान की है। बहुत जल्द ही यमुना अथॉरिटी में फिल्म सिटी का निर्माण भी किया जाएगा। देश की सबसे बड़ी इलेक्ट्रॉनिक सिटी का निर्माण भी यहीं पर किया जाएगा। यमुना अथॉरिटी में अपैरल पार्क, टॉय पार्क, मेडिकल डिवाइस पार्क बन रहा है।
कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री श्री सुनील कुमार शर्मा ने कहा कि उत्तर प्रदेश को पहले बीमारू एवं अपराधियों के प्रदेश के रूप में जाना जाता था। आज उत्तर प्रदेश को सम्मान की दृष्टि से देखा जाता है। मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व मेंं उत्तर प्रदेश विकास का मॉडल बनकर सबके सामने है।
कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री नरेन्द्र कुमार कश्यप ने कहा कि मुख्यमंत्री जी ने उत्तर प्रदेश की तस्वीर व प्रदेश के 25 करोड़ नागरिकों की तकदीर को बदला है। मुख्यमंत्री जी के विकास की इस यात्रा के साथ गाजियाबाद सहित प्रदेश की जनता खड़ी है।
इस अवसर पर सांसद श्री राजकुमार सांगवान, श्री अतुल गर्ग, विधायक श्री अजीत पाल त्यागी, डॉ0 मंजू शिवाच, श्री नंद किशोर गुर्जर, श्री संजीव शर्मा, श्री धर्मेश सिंह तोमर सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण तथा गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।