उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने आज जनपद आगरा के विकास कार्यों एवं कानून-व्यवस्था की समीक्षा की। मुख्यमंत्री जी ने कहा कि जनपद में संचालित विकास परियोजनाओं तथा जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। सभी कार्यों को निर्धारित समय-सीमा एवं गुणवत्ता के साथ पूर्ण कराया जाए। उन्होंने आमजन को बेहतर सुविधाएँ उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने एवं शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप कार्य करने पर विशेष बल दिया।
मुख्यमंत्री जी ने जनपद आगरा में आयुष्मान कार्डधारकों का पैनल्ड अस्पतालों में किए गए इलाज के भुगतान आदि की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कहा कि पैनल्ड अस्पतालों के सभी भुगतानों का वेरिफिकेशन कराते हुए ससमय तत्काल निस्तारण कराया जाए। उन्होंने टीबी उन्मूलन अभियान के सम्बन्ध में सभी जनप्रतिनिधियों से निक्षय मित्र बनने तथा जनपद को टीबी मुक्त कार्य में अपना योगदान देने की अपील की।
मुख्यमंत्री जी ने बेसिक शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान जनपद में हुए इस वर्ष कुल नामांकन, स्कूल चलो अभियान की प्रगति, बच्चों को किताब, ड्रेस, बैग इत्यादि हेतु भुगतान की स्थिति की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कहा कि जहाँ डी0बी0टी0 के माध्यम से धनराशि का भुगतान कर दिया गया है, वहाँ अभिभावकों के साथ बैठक कर धनराशि का उपयोग सुनिश्चित कराएं। उन्होंने प्रोजेक्ट अलंकार के तहत जनपद के सभी अशासकीय स्कूलों के प्रबन्ध तंत्र तथा प्रधानाचार्य के साथ बैठक कर सभी इण्डीकेटर पर प्रभावी कार्य करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री जी ने गौ-आश्रय स्थलों में कार्यरत कर्मचारियों के समय से वेतन तथा गौ-शालाओं के संचालन हेतु समय से धनराशि निर्गत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण अभियान के अन्तर्गत लगाये गए पेड़ों की सुरक्षा, संरक्षा सुनिश्चित की जाए।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि फुटपाथों पर खाद्य पदार्थ की दुकान लगाने वाले रेहड़ी पटरी दुकानदारों को विस्थापित न किया जाए तथा उन्हें उचित जगह पर वेण्डिंग जोन बनाकर उनके पुनर्वास की व्यवस्था की जाए। उन्होंने जल जीवन मिशन के तहत पेयजल पाइप लाइन डालने हेतु खोदी गई सड़कों को रीस्टोर करने के निर्देश देते हुए कहा कि अगर विभाग द्वारा सी0सी0 सड़क तोड़ी गई है, तो सी0सी0 सड़क बनायी जाए। रोड कटिंग कर कार्य करने के बाद मोटरेबल करना पर्याप्त नहीं है, खुदाई से पूर्व सड़क जिस स्थिति में थी, कार्यदायी संस्था व कॉन्ट्रैक्टर उसी स्थिति में सड़क तैयार कराएं। उन्होंने सड़कों के नवनिर्माण व उनकी मरम्मत के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जल निगम के अधिकारियों की जवाबदेही सुनिश्चित की जाए। कार्य संतुष्टिजनक न होने पर कॉन्ट्रैक्टर को ब्लैक लिस्ट करने तथा सम्बन्धित पर एफ0आई0आर0 की जाए।
मुख्यमंत्री जी ने लम्बित राजस्व वादों की समीक्षा करते हुए कहा कि राजस्व वादों का समयबद्ध व शीर्ष प्राथमिकता पर निस्तारण किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को जनसुनवाई को प्राथमिकता देने तथा जनप्रतिनिधियों को जनसुनवाई कर जनता से संवाद स्थापित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्राप्त शिकायतों तथा आई0जी0आर0एस0 पर प्राप्त समस्याओं का मेरिट के आधार पर निस्तारण किया जाए।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि अवैध खनन व ओवरलोडिंग से सड़क क्षतिग्रस्त होती है। उन्होंने सम्बन्धित से भरपाई करने तथा अवैध खनन के विरुद्ध निरन्तर अभियान चलाने व प्रभावी समीक्षा के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आगरा के सभी टैम्पो, थ्री-व्हीलर, ई-रिक्शा आदि के चालकों का सत्यापन कराते हुए बाहरी तथा आपराधिक तत्वों को चिन्हित किया जाए। उन्होंने शहर को पूर्णतः प्लास्टिक पॉलीथीन मुक्त करने, सी0एम0 ग्रिड के अन्तर्गत बनायी जा रही सड़कों को पूर्ण करने, प्रभावी अतिक्रमण पर इन्फोर्समेण्ट की कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि आगरा में लेदर प्रोडक्ट, डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग कॉरिडोर के कार्य को आगे बढ़ाने की अत्यधिक सम्भावनाएँ हैं। इस सम्बन्ध में उद्योगों को बढ़ाने हेतु कार्ययोजना तैयार की जाए। उन्होंने इण्टरनेशनल पोटैटो सेण्टर के क्षेत्रीय केन्द्र की प्रगति की जानकारी प्राप्त की। मुख्यमंत्री जी को अवगत कराया गया कि जनवरी, 2027 तक कार्य पूर्ण हो जाएगा। किसानों का प्रशिक्षण का कार्य प्रारम्भ हो गया है। उन्होंने कहा कि इण्टरनेशनल पोटैटो सेण्टर के क्षेत्रीय केन्द्र का लाभ दिलाने हेतु किसानों के साथ कॉन्क्लेव आयोजित की जाए। किसानों को गुणवत्ता बनाए रखते हुए वैल्यू एडिशन प्रक्रिया की जानकारी दी जाए, जिससे किसानों को पूर्ण लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि किसानों को डी0ए0पी0 यूरिया तथा अन्य उर्वरक समय से उपलब्ध कराए जाएं। शिकायत मिलने पर सम्बन्धित की जवाबदेही तय की जाए। खाद की उपलब्धता की तत्काल जानकारी प्राप्त की जाए, ताकि खाद की आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके। इसमें किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं होगी।
मुख्यमंत्री जी ने भूमि अधिग्रहण की समीक्षा करते हुए कहा कि जिन किसानों की अधिग्रहीत भूमि का भुगतान नहीं हुआ है, उन किसानों को वर्तमान दर से ही भुगतान किया जाए। उन्होंने कहा कि सभी विभाग जनप्रतिनिधियों के साथ संवाद स्थापित कर आपसी समन्वय से नवीन कार्ययोजनाएँ तैयार करें। उन्होंने आगामी काँवड़ यात्रा की तैयारी करने के निर्देश देते हुए कहा कि काँवड़ यात्रा समाज में सामाजिक सद्भाव, समरसता द्वारा समाज को जोड़ती है। इसके दृष्टिगत शासन-प्रशासन के साथ सभी को इसे बढ़ावा देना चाहिए।
इस अवसर पर केन्द्रीय मत्स्य पालन राज्य मंत्री प्रो0 एस0पी0 सिंह बघेल, प्रदेश के एम0एस0एम0ई0 मंत्री श्री भूपेन्द्र सिंह चौधरी, महिला कल्याण एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती बेबी रानी मौर्य, उच्च शिक्षा मंत्री श्री योगेन्द्र उपाध्याय, होमगार्ड्स राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री धर्मवीर प्रजापति सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण तथा शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

0 टिप्पणियाँ
If you have any doubts, please let me know