उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने कहा कि जब अच्छी सरकार आती है, तो विकास तथा सुरक्षा का बेहतर माहौल बनता है। आवागमन के लिए अच्छी सड़कें बनती हैं। अच्छी सड़कें कनेक्टिविटी तथा प्रगति का आधार बनती हैं। जितनी तेज गति होगी, उतनी ही तेजी के साथ प्रगति होगी। जितनी तेजी के साथ प्रगति होगी, उतनी ही समृद्धि होगी। इससे प्रत्येक नागरिक के जीवन में परिवर्तन होगा और प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी की विकसित भारत की संकल्पना साकार होगी।
मुख्यमंत्री जी आज जनपद सुलतानपुर में 819 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 99 परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करने के उपरान्त आयोजित कार्यक्रम में अपने विचार व्यक्त कर रहे थे। इन परियोजनाओं में राजकीय मेडिकल कॉलेज का लोकार्पण भी किया गया। यह परियोजनाएँ विधान सभा सुलतानपुर एवं इसौली के विकास से सम्बन्धित हैं। उन्होंने विभिन्न विभागों की योजनाओं के लाभार्थियों को प्रतीकात्मक चेक एवं प्रशस्ति पत्र, आवास की प्रतीकात्मक चाभी तथा थर्मल प्रिण्टर सहित विभिन्न सहायता सामग्री का वितरण किया। मुख्यमंत्री जी ने विभिन्न विभागों द्वारा लगायी गयी प्रदर्शनी का अवलोकन किया तथा इस दौरान स्कूली बच्चों को बैग, पुस्तकें आदि वितरित किए। उन्होंने गर्भवती महिलाआें की गोदभराई तथा बच्चों का अन्नप्राशन किया।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि जनपद सुलतानपुर रामायणकालीन स्मृतियों से जुड़ी पावन धरा है। मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों के बावजूद यहाँ आप सबकी बड़ी संख्या में उपस्थिति है। आज जनपद सुलतानपुर की सुलतानपुर और इसौली विधानसभा क्षेत्रों के विकास की 819 करोड़ रुपये लागत की परियोजनाओं का उपहार दिया जा रहा है। सुलतानपुर की हर विधान सभा क्षेत्र में विकास कार्य हो रहे हैं। विकास के लिए डबल इंजन सरकार एकमात्र विकल्प है। सुरक्षित और सुशासन युक्त व्यवस्था डबल इंजन सरकार की गारण्टी है। यह परियोजनाएँ जनपद सुलतानपुर को एक नई पहचान देने वाली हैं।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि जनप्रतिनिधियों द्वारा किये गये प्रयासों का परिणाम हम सभी के सामने है। प्रदेश सरकार प्रत्येक जनपद में एक मेडिकल कॉलेज दे रही है। जनपद सुलतानपुर में मेडिकल कॉलेज बन गया है। मेडिकल कॉलेज में नर्सिंग कॉलेज की स्थापना की जा रही है। इसका शिलान्यास आज हुआ है। नर्सिंग कॉलेज के बनने के साथ ही, यहाँ की बेटियाँ इसमें एडमिशन ले पाएंगी। नर्सिंग के पाठ्यक्रम में शत-प्रतिशत प्लेसमेण्ट की गारण्टी है। यह बेटियाँ न केवल नर्सिंग केयर के क्षेत्र में नौकरी पाएंगी, बल्कि अपनी सेवा के माध्यम से जनपद को भी एक पहचान दिलाएंगी।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि पूर्ववर्ती सरकार के समय अराजकता और गुण्डागर्दी चरम पर थी। गरीबों का शोषण और उनकी जमीनों पर कब्जा होता था। बहन-बेटी और व्यापारी असुरक्षित थे। अब नया उत्तर प्रदेश इसे स्वीकार नहीं कर सकता। वर्ष 2017 से पहले सुलतानपुर में पर्व और त्योहार के पहले उपद्रव शुरू हो जाते थे। दुर्गा पूजा नहीं होने दी जाती थी। राम नवमी के जुलूस नहीं निकलने दिये जाते थे। गरीबों को योजनाओं का लाभ नहीं मिलता था। अन्नदाता किसान बेहाल था। नौजवान पलायन करने के लिए मजबूर थे। विकास कार्य ठप पड़े थे। अयोध्या से सुलतानपुर होते हुए प्रयागराज मार्ग अच्छा नहीं था। वाराणसी की कनेक्टिविटी खराब थी। लखनऊ जाना कठिन था।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि आज सुलतानपुर से अयोध्या 4-लेन सड़क से जुड़ गयी है। पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे सुलतानपुर से होकर जा रहा है। यहाँ से 45 मिनट में महर्षि वाल्मीकि अन्तरराष्ट्रीय एयरपोर्ट अयोध्या, डेढ़ घण्टे में लखनऊ, डेढ़ घण्टे में प्रयागराज तथा दो घण्टे में वाराणसी पहुँचा जा सकता है। महर्षि वाल्मीकि अन्तरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के माध्यम से आने वाले समय में दुनिया के अन्य देशों में आसानी से पहुँचा जा सकता है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि अयोध्या से सुलतानपुर होते हुए प्रयागराज, वाराणसी से सुल्तानपुर होते हुए लखनऊ या फिर पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के माध्यम से बेहतरीन कनेक्टिविटी जनपद सुलतानपुर की पहचान को आगे बढ़ा रही है। हमने पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर एक इण्डस्ट्रियल क्लस्टर बनाए जाने की कार्यवाही को आगे बढ़ाया है। वहां पर उद्योग लगेंगे। यहाँ के नौजवानों को यहीं पर रोजगार मिलेगा। यहीं पर उन्हें स्किलफुल बनाकर और उसके अनुरूप उन्हें कार्य उपलब्ध कराया जाना, यह सरकार की कार्ययोजना का हिस्सा है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि उत्तर प्रदेश को पूर्ववर्ती सरकारों ने बीमारू राज्य बना दिया था। नौजवान के सामने पहचान का संकट था। विकास के कोई कार्य नहीं हो रहे थे। आज उत्तर प्रदेश का नौजवान कहीं भी बाहर जाता है, तो कोई उस पर प्रश्न नहीं खड़ा करता है। अब युवाओं के सामने पहचान का संकट नहीं है। यह नया उत्तर प्रदेश है। उत्तर प्रदेश ने अब विरासत और विकास के अनुपम समन्वय के रूप में अपने आपको स्थापित किया है। अब बीमारू राज्य नहीं, बल्कि भारत की अर्थव्यवस्था के ग्रोथ इंजन के रूप में उत्तर प्रदेश ने अपनी एक नई पहचान बनायी है। उत्तर प्रदेश अब देश के विकसित राज्यों में गिना जा रहा है। देश में सबसे तेज गति से उभरती हुई अर्थव्यवस्था उत्तर प्रदेश की है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि डबल इंजन सरकार ने सबसे पहला कार्य सुरक्षा के मोर्चे पर किया है। बहन और बेटियों, व्यापारी और उद्यमियों तथा आम नागरिक को बिना किसी भेदभाव के सुरक्षा उपलब्ध करायी गयी है। जब प्रदेश में सुरक्षा का बेहतर वातावरण निर्मित हुआ, तो निवेश और विकास के बड़े-बड़े कार्य आए। यहाँ हाई-वे, रेलवे लाइन, रेल ओवरब्रिज, पुल, 4-लेन व 6-लेन की सड़कें तथा बाईपास बन रहे हैं। बिजेठुआ धाम के सौन्दर्यीकरण का कार्यक्रम आगे बढ़ा है। विरासत से जुड़े हुए स्थलों का विकास हुआ है। सरकार के पास पैसा पहले भी था, लेकिन पहले यही पैसा गलत कार्यां में खर्च होता था। अब वही पैसा मन्दिरों के सौन्दर्यीकरण के कार्य में खर्च हो रहा है। आज इसी पैसे से गरीबों के घर में रसोई गैस उपलब्ध करायी जा रही है, उन्हें निःशुल्क राशन तथा आयुष्मान भारत की स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध करायी जा रही है, गरीबों के लिए पक्के आवास बन रहे हैं।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि उत्तर प्रदेश पुलिस बल में 60,244 नौजवानों की भर्ती में सुलतानपुर के भी सैकड़ों नौजवान भर्ती हुए हैं। पहले कोई भी नियुक्ति ईमानदारी से नहीं पूर्ण होती थी। अब बिना किसी पैसे के उत्तर प्रदेश में नौकरी पायी जा सकती है। विगत 09 वर्षां में 09 लाख नौजवानों को सरकारी नौकरी दी गई है। उत्तर प्रदेश के परम्परागत उद्यमों में लगभग 3.25 करोड़ नौजवान कार्य कर रहे हैं। प्रदेश में हुए निवेश के माध्यम से भी लाखों नौजवानों को नौकरी और रोजगार प्राप्त हुआ है। यह कार्य तब हुए हैं, जब सरकार ने परिवारवाद, वंशवाद और जातिवाद से ऊपर उठकर सोचा है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि हमारी सरकार विकासपरक सोच को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। पिछली सरकारों में यह विजन नहीं था। इसलिए मेडिकल कॉलेज नहीं बनते थे, बल्कि मेडिकल कॉलेज, वन डिस्ट्रिक्ट-वन प्रोडक्ट तथा वन डिस्ट्रिक्ट-वन कुज़ीन की जगह वन डिस्ट्रिक्ट वन माफिया की स्थिति थी। सार्वजनिक जमीनों पर जबरन कब्जा कर लिया जाता था। हमने सरकारी व गरीबों की जमीनों को माफियाओं से कब्जा मुक्त कराया। ऐसी लगभग 64,000 एकड़ भूमि कब्जामुक्त करायी गयी थी। लखनऊ में एयरपोर्ट के पास 120 एकड़ भूमि पर एक भू-माफिया ने कब्जा कर लिया था। हमने उस जमीन को कब्जामुक्त कराते हुए वहाँ उत्तर प्रदेश स्टेट इंस्टीट्यूट ऑफ फॉरेंसिक साइंस का निर्माण कराया है। उत्तर प्रदेश के नौजवान वहाँ आर्टिफिशियल इण्टेलिजेन्स, ड्रोन टेक्नोलॉजी, फॉरेन्सिक साइंस, रोबोटिक्स व 3-डी प्रिण्टिंग में सर्टिफिकेट, डिप्लोमा और डिग्री के पाठ्यक्रम से अपने आप को कुशल बना रहे हैं।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि पिछली सरकारों में विकास का कोई विजन नहीं था। विरासत के प्रति भी उनमें श्रद्धा का भाव नहीं था। विगत दिनों अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि मन्दिर में घटित हुई घटना के सम्बन्ध में श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अनुरोध पर उत्तर प्रदेश सरकार ने एक हाई लेवल एस0आई0टी0 गठित की है। एस0आई0टी0 के माध्यम से सच्चाई समाज के सामने आएगी। अयोध्या में मन्दिर से सम्बन्धित बाहर के इन्फ्रास्ट्रक्चर का निर्माण उत्तर प्रदेश सरकार ने कराया है। लेकिन मन्दिर परिसर का कार्य जनता-जनार्दन के पैसे से हुआ है। एस0आई0टी0 की प्रारम्भिक जाँच रिपोर्ट के आधार पर ट्रस्ट ने कार्यवाही की है। इसके बाद भी कुछ लोगों ने पावन अयोध्या धाम को बदनाम करने की मुहिम चला रखी है। श्रीराम जन्मभूमि को बदनाम किया जा रहा है। आस्था पर प्रहार करते हुए देश में नकारात्मक वातावरण बनाने का कुत्सित प्रयास हो रहा है। आस्था के नाम पर धर्म और संस्कृति पर प्रहार करना, इन लोगों की एक कुटिल चाल है, जबकि आज की अयोध्या त्रेता युग की अयोध्या का स्मरण कराती है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि नकारात्मक राजनीति देश और समाज, अन्नदाता और गरीब का हित नहीं करेगी। यह राजनीति बेटी और बहन को सुरक्षा तथा नौजवान को रोजगार और नौकरी की सुविधा नहीं दे सकती है। यह कार्य केवल डबल इंजन की सरकार ही कर सकती है। प्रधानमंत्री जी के इसी संदेश को लेकर हम आपके पास आए हैं।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि आज उन्होंने जनपद सुलतानपुर में अयोध्या मण्डल के विकास कार्यों की समीक्षा भी की है। यहाँ के सभी जनप्रतिनिधियों ने अपने विकास प्रस्ताव और उसकी पूरी कार्ययोजना बनाकर प्रस्तुत की है। आने वाले समय में इस जनपद में और भी विकास कार्य तेजी के साथ होंगे। यहाँ के प्रभारी मंत्री खेल एवं युवा कल्याण विभाग के मंत्री भी हैं। ग्रामीण स्टेडियम, स्टेडियम के निर्माण सहित स्पोर्ट्स के क्षेत्र में अनेक कार्य तेजी के साथ उत्तर प्रदेश में आगे बढ़ रहे हैं। यह उत्तर प्रदेश के नौजवानों की पहचान का एक प्लेटफॉर्म बन गया है। हम प्रदेश में खेल प्रतिभाओं को सम्मान और सरकारी नौकरी दे रहे हैं। उन्हें हर स्तर पर आगे बढ़ाने का कार्य कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि ओलम्पिक में मेडल जीतने वाले श्री ललित उपाध्याय व श्री राजकुमार पाल को सीधे डिप्टी एस0पी0 बनाया गया है। अगर नौजवान देश के लिए ओलम्पिक, एशियाड, कॉमनवेल्थ गेम्स, वर्ल्ड चैम्पियनशिप या नेशनल गेम्स में मेडल जीतते हैं, तो उत्तर प्रदेश सरकार उन्हें विशेष भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से नौकरी देती है। प्रदेश में इण्डोर स्टेडियम, ग्रामीण स्टेडियम, खेल के मैदान तथा स्टेडियम के रूप में जो खेल इन्फ्रास्ट्रक्चर तैयार हो रहा है, यह उन प्रतिभाओं के लिए एक प्लेटफॉर्म होगा तथा युवा शक्ति और उनकी प्रतिभा को आगे बढ़ाने का एक अवसर होगा।
खेल और युवा कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) और जनपद के प्रभारी मंत्री श्री गिरीश चन्द्र यादव ने कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व उत्तर प्रदेश निरन्तर ऊँचाइयों पर जा रहा है। उत्तर प्रदेश उत्तम प्रदेश बनने की दिशा में अग्रसर है। आज लोकार्पित हो रहीं परियोजनाएँ सुलतानपुर के विकास की गति को तीव्रता के साथ आगे बढ़ाएंगी। प्रदेश सरकार ईमानदारी और प्रतिबद्धता से जनता की सेवा कर रही है। यह सरकार युवाओं के लिए पूरी तरह समर्पित है।
इस अवसर पर विधायक श्री विनोद सिंह, श्री राज प्रसाद उपाध्याय, श्री सीताराम वर्मा, श्री राजेश गौतम, श्री सुरेश पासी, विधान परिषद सदस्य श्री शैलेन्द्र प्रताप सिंह सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
.jpg)
0 टिप्पणियाँ
If you have any doubts, please let me know