मुख्यमंत्री ने जनपद प्रयागराज में प्रयागराज मण्डल
के लोक निर्माण विभाग के विकास कार्यों की समीक्षा की

सभी सांसद और विधायकगण अपने-अपने निर्वाचन क्षेत्रों की आवश्यकताओं के अनुसार विकास कार्यों की प्राथमिकता तय करें, प्रस्ताव में संशोधन या नया सुझाव देना हो, तो
उसे तत्काल उपलब्ध कराया जाए, ताकि समय पर मंजूरी दी जा सके : मुख्यमंत्री

आगामी 15 अगस्त तक सभी स्वीकृत विकास परियोजनाओं
का शिलान्यास कर निर्माण कार्य प्रारम्भ कराया जाए

 प्रयागराज में शास्त्री पुल के समानान्तर सलोरी/बघाड़ा से हेतापट्टी मार्ग पर गंगा जी पर प्रस्तावित पुल निर्माण की परियोजना को निर्धारित समयसीमा में पूर्ण कराया जाए

करैलाबाग से मड़ौका मार्ग पर पुराने नैनी पुल के समानान्तर
यमुना जी पर प्रस्तावित नए पुल के एलाइनमेंट का पुनः परीक्षण करें

हण्डिया को मेजा से जोड़ने वाले प्रस्तावित पुल परियोजना का विस्तृत एवं तकनीकी
रूप से सक्षम प्रस्ताव तैयार कर शीघ्र अग्रेतर कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश

कांवड़ यात्रा के समय जी0टी0 रोड पर बढ़ने वाले यातायात दबाव को
कम करने के उद्देश्य से पुल के समानान्तर कांवड़ पथ विकसित
करने के प्रस्ताव का परीक्षण कर आवश्यक कार्यवाही करें
 
जनप्रतिनिधिगण के गांव की सड़क को प्राथमिकता के आधार
पर लेते हुए उसका गुणवत्ता के साथ निर्माण कार्य कराया जाए

प्रत्येक परियोजना की सतत् निगरानी की जाए और निर्धारित
मानकों के अनुसार कार्यों को समय पर पूरा कराया जाए

लखनऊ : 06 जुलाई, 2026

     उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी की अध्यक्षता में आज जनपद प्रयागराज में मेला प्राधिकरण स्थित आई0सी0सी0सी0 सभागार में प्रयागराज मण्डल के लोक निर्माण विभाग के विकास कार्यों की समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई।
मुख्यमंत्री जी ने विधानसभावार प्राप्त विकास प्रस्तावों की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि सभी सांसद और विधायकगण अपने-अपने निर्वाचन क्षेत्रों की आवश्यकताओं के अनुसार विकास कार्यों की प्राथमिकता तय करें। उन्होंने कहा कि स्थानीय जरूरतों को ध्यान में रखते हुए योजनाओं का चयन किया जाए। जो निर्माण कार्य सबसे ज्यादा जरूरी हो, उसका प्रस्ताव प्राथमिकता पर दें।
प्रमुख सचिव लोक निर्माण ने गत वर्ष स्वीकृत परियोजनाओं की अद्यतन प्रगति से मुख्यमंत्री जी को अवगत कराते हुए वर्ष 2026-27 के लिए विधानसभा-वार प्रस्तावित विकास कार्यों का विस्तृत प्रस्तुतीकरण किया। इसके उपरान्त मुख्यमंत्री जी ने प्रयागराज मण्डल के कुल 28 विधानसभा क्षेत्रों (प्रयागराज 12, प्रतापगढ़ 07, फतेहपुर 06 तथा कौशाम्बी 03) से प्राप्त प्रस्तावों की क्रमवार समीक्षा की तथा सभी जनप्रतिनिधियों से उनके सुझाव एवं फीडबैक प्राप्त किए।
मुख्यमंत्री जी ने वर्ष 2026-27 के लिए प्रयागराज जनपद में लगभग 9,668.27 करोड़ रुपये लागत से प्रस्तावित 1,168 कार्यों, जनपद प्रतापगढ़ में लगभग 2,053.36 करोड़ रुपये लागत के 1,092 कार्यों, जनपद फतेहपुर में लगभग 3,378.37 करोड़ रुपये लागत के 521 कार्यों तथा जनपद कौशाम्बी में लगभग 915.13 करोड़ रुपये लागत के 313 विकास कार्यों को अनुमोदन प्रदान किया।
      बैठक में प्रयागराज में शास्त्री पुल के समानान्तर सलोरी/बघाड़ा से हेतापट्टी मार्ग पर गंगा जी पर प्रस्तावित पुल की प्रगति की समीक्षा भी की गई। मुख्यमंत्री जी को अवगत कराया गया कि परियोजना का साइट मोबिलाइजेशन पूर्ण हो चुका है तथा डिजाइन एवं ड्राइंग तैयार है। मुख्यमंत्री जी ने परियोजना को निर्धारित समयसीमा में पूर्ण कराने, आई0आई0टी0 से आवश्यक तकनीकी परीक्षण कराते हुए गुणवत्ता सुनिश्चित करने तथा जनप्रतिनिधियों के साथ सतत् समन्वय स्थापित कर निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
      मुख्यमंत्री जी ने करैलाबाग से मड़ौका मार्ग पर पुराने नैनी पुल के समानान्तर यमुना जी पर प्रस्तावित नए पुल की समीक्षा की। इसे भविष्य में बुन्देलखण्ड एक्सप्रेस-वे से जोड़ने की परिकल्पना है। जनप्रतिनिधियों द्वारा इस पुल के प्रस्तावित एलाइनमेण्ट में सुधार के सम्बन्ध में सुझाव दिए गए। मुख्यमंत्री जी ने निर्देशित किया कि सम्बन्धित अधिकारी जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए व्यावहारिक एवं जनहितकारी दृष्टिकोण से एलाइनमेंट का पुनः परीक्षण करें तथा आवश्यक कार्यवाही शीघ्र पूर्ण करें।
     बैठक में हण्डिया (लाक्षागृह घाट) को यमुनापार स्थित मेजा (परानीपुर घाट) से जोड़ने वाले प्रस्तावित पुल पर भी विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। यह परियोजना हण्डिया, लाक्षागृह, पृथ्वीपुर, मुगलिया एवं दुल्लापुर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों को सीधे मेजा एवं मिर्जापुर मार्ग से जोड़ते हुए आवागमन को अधिक सुगम बनाएगी। मुख्यमंत्री जी ने इस महत्वाकांक्षी परियोजना का विस्तृत एवं तकनीकी रूप से सक्षम प्रस्ताव तैयार कर शीघ्र अग्रेतर कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
     समीक्षा के दौरान कांवड़ यात्रा के समय जी0टी0 रोड पर बढ़ने वाले यातायात दबाव को कम करने के उद्देश्य से पुल के समानान्तर कांवड़ पथ विकसित करने का प्रस्ताव दिया गया। मुख्यमंत्री जी ने इस प्रस्ताव का परीक्षण कर आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए, जिससे कांवड़ यात्रियों की सुविधा सुनिश्चित होने के साथ-साथ सामान्य यातायात एवं व्यापारिक गतिविधियां भी निर्बाध रूप से संचालित हो सकें।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि जनप्रतिनिधिगण अपने क्षेत्रों की जरूरतों के अनुसार विकास कार्यों की प्राथमिकता तय करें। यदि किसी प्रस्ताव में संशोधन या नया सुझाव देना हो, तो उसे तत्काल उपलब्ध कराया जाए, ताकि समय पर मंजूरी दी जा सके। विकास योजनाओं में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए और सभी प्रक्रियाएं तय समय सीमा में पूरी हों।
मुख्यमंत्री जी ने निर्देश दिए कि आगामी 15 अगस्त तक सभी स्वीकृत विकास परियोजनाओं का शिलान्यास कर निर्माण कार्य प्रारम्भ कराया जाए। उन्होंने परियोजनाओं की नियमित और प्रभावी मॉनीटरिंग सुनिश्चित करने के लिए कहा, ताकि सभी कार्य गुणवत्ता, मानकों के अनुरूप और तय समय सीमा के भीतर पूरे किए जा सकें।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि सभी जनप्रतिनिधिगण के गांव की सड़क को प्राथमिकता के आधार पर लेते हुए उसका गुणवत्ता के साथ निर्माण कार्य कराया जाए। विकास कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए। उन्होंने सम्बन्धित विभागों को निर्देश दिए कि प्रत्येक परियोजना की सतत् निगरानी की जाए और निर्धारित मानकों के अनुसार कार्यों को समय पर पूरा कराया जाए।
बैठक में उपमुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य, जल शक्ति मंत्री श्री स्वतंत्र देव सिंह, औद्योगिक विकास मंत्री श्री नन्द गोपाल गुप्ता ‘नन्दी’, सांसद श्री प्रवीण पटेल व श्री विनोद कुमार बिंद, महापौर श्री उमेश चन्द्र गणेश केसरवानी, विधायक श्री सिद्धार्थ नाथ सिंह, श्री हर्ष वर्धन वाजपेयी, श्री दीपक पटेल, श्री गुरु प्रसाद मौर्य, श्री राजमणि कोल, श्री पीयूष रंजन निषाद, श्रीमती पूजा पाल, विधान परिषद सदस्य श्री के0पी0 श्रीवास्तव व श्री सुरेन्द्र चौधरी सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, प्रमुख सचिव लोक निर्माण श्री अजय चौहान एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
--------


--