सात एकड़ में फैले सी.एम.एस. जानकीपुरम कैम्पस का भव्य उद्घाटन

पूर्णतः वातानुकूलित कैम्पस से शहर के उत्तरी क्षेत्र में सी.एम.एस. की दमदार शैक्षिक उपस्थिति

लखनऊ, 1 जुलाई। सिटी मोन्टेसरी स्कूल के नवनिर्मित जानकीपुरम कैम्पस का भव्य उद्घाटन हुआ। मुख्य अतिथि के रूप में पधारे उ.प्र. विधानसभा सदस्य डा. नीरज बोरा ने फीता काटकर सात एकड़ में फैले नवनिर्मित विद्यालय भवन का विधिवत् शुभारम्भ किया। इसके साथ ही लखनऊ में स्थित सी.एम.एस. के 

22 कैम्पसों की श्रृंखला में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि जुड़ गई। इस अवसर पर सी.एम.एस. संस्थापिका-निदेशिका डा. भारती गाँधी एवं सी.एम.एस. प्रबन्धक प्रो. गीता गाँधी किंगडन समेत बड़ी संख्या 

में शिक्षकों, छात्रों व अभिभावकों ने उत्साहपूर्ण उपस्थिति दर्ज करायी एवं भावी पीढ़ी के सर्वांगीण विकास हेतु सी.एम.एस. के इस प्रयास की दिल खोलकर सराहना की। 

हरियाली से आच्छादित 7 एकड़ क्षेत्र में फैला सी.एम.एस. का यह आधुनिक जानकीपुरम कैम्पस बच्चों को सर्वोत्कृष्ट शिक्षा प्रदान करने हेतु पूर्णतः तत्पर है। इस कैम्पस में पूर्णतः वातानुकूलित कक्षाएँ, आर्टिफिशियल इन्टेलीजेन्स (ए.आई.) आधारित इंटरैक्टिव फ्लैट पैनल, अत्याधुनिक शिक्षण सुविधाएँ तथा प्रशिक्षित एवं अनुभवी शिक्षक उपलब्ध हैं।

अभिभावकों में इस नये कैम्पस के प्रति अभूतपूर्व उत्साह नजर आ रहा है और अप्रैल माह से अब तक 600 से अधिक विद्यार्थियों का प्रवेश हो चुका है। कैम्पस के औपचारिक उद्घाटन के साथ ही यह उम्मीद की जा रही है कि यह जानकीपुरम एवं आसपास के क्षेत्रों के परिवारों के लिए एक महत्वपूर्ण शैक्षिक केन्द्र के रूप में स्थापित होगा।

सी.एम.एस. जानकीपुरम कैम्पस के उद्घाटन अवसर पर अपने संबोधन में मुख्य अतिथि डा. नीरज बोरा ने कहा कि सी.एम.एस. का यह नवीन जानकीपुरम कैम्पस शिक्षा के प्रति सी.एम.एस. के समर्पण भाव का परिचायक है। मुझे प्रसन्नता है कि सी.एम.एस. अपने छात्रों को ज्ञानवान और संस्कारवान बनाने के साथ ही समाज के एक जिम्मेदार और संवेदनशील नागरिक के रूप में विकसित कर रहा है। मुझे पूर्ण विश्वास है कि यह नवीन कैम्पस एक महत्वपूर्ण शैक्षिक केन्द्र के रूप में अपनी पहचान बनायेगा।

सी.एम.एस. संस्थापिका-निदेशिका डा. भारती गाँधी ने इस अवसर पर कहा कि ‘प्रत्येक बालक विश्व का प्रकाश है और हमारा कर्तव्य है कि हम उसे ऐसा वातावरण प्रदान करें, जहाँ वह ज्ञान, चरित्र एवं आत्मविश्वास के साथ विकसित हो सके। सी.एम.एस. जानकीपुरम कैम्पस की स्थापना इसी उद्देश्य को ध्यान में रखकर की गई है।’

सी.एम.एस. की प्रबन्धक प्रो. गीता गाँधी किंगडन ने इस अवसर पर कहा, ‘यह नया कैम्पस लखनऊ के प्रत्येक क्षेत्र के बच्चों तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुँचाने के सी.एम.एस. के संकल्प का प्रतीक है।’ उन्होंने आगे कहा कि 

सी.एम.एस. का पाठ्यक्रम, शिक्षण-पद्धति एवं मूल्यांकन प्रणाली सर्वाेत्तम वैश्विक मानकों पर आधारित है, जिसमें विद्यार्थियों के सीखने को अधिक प्रभावी बनाने हेतु आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (ए.आई.) सहित आधुनिक शैक्षिक तकनीकों का संतुलित एवं सार्थक उपयोग किया जाता है।

अपने विस्तृत हरित परिसर, आधुनिक आधारभूत संरचना, ए.आई.-समर्थित शिक्षण प्रणाली तथा अनुभवी शैक्षणिक टीम के साथ सी.एम.एस. जानकीपुरम कैम्पस क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए भविष्योन्मुख शिक्षा का एक उत्कृष्ट केन्द्र बनने जा रहा है।

यह जानकारी सी.एम.एस. के हेड, कम्यूनिकेशन्स श्री ऋषि खन्ना ने प्रदान की।