मुख्यमंत्री ने बरेली में बरेली मण्डल के लोक
निर्माण विभाग के नये कार्यों की कार्ययोजना की समीक्षा की
 
सांसद एवं विधायकगण अपने-अपने निर्वाचन क्षेत्रों
के प्रस्तावित विकास कार्यों की प्राथमिकता तय करें : मुख्यमंत्री

कोई संशोधन या सुझाव हो, तो उसे तत्काल उपलब्ध कराये, जिससे उक्त कार्य योजनाओं को 15 जुलाई, 2026 तक स्वीकृति प्रदान कर धनराशि अवमुक्त कर 15 अगस्त, 2026
तक इन कार्यों का शिलान्यास कर कार्य प्रारम्भ कराया जा सके

कार्यों की प्रभावी मॉनिटरिंग की जाए, जिससे
कार्य गुणवत्तापूर्ण व समयबद्ध ढंग से पूर्ण हो सके

बरेली मण्डल में कुल 5,121 करोड़ रु0 की लागत से 2,155 विकास कार्य प्रस्तावित
 
लखनऊ : 30 जून, 2026

     उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने आज बरेली में बरेली मण्डल के लोक निर्माण विभाग के नये कार्यों की कार्ययोजना की समीक्षा की।
मुख्यमंत्री जी ने विधान सभावार प्राप्त प्रस्तावों की समीक्षा करते हुए कहा कि सांसद एवं विधायकगण अपने-अपने निर्वाचन क्षेत्रों के प्रस्तावित विकास कार्यों की प्राथमिकता तय करें। यदि जनप्रतिनिधिगण प्रस्तावों में कोई संशोधन या सुझाव देना चाहते हैं, तो उसे तत्काल उपलब्ध कराये, जिससे उक्त कार्य योजनाओं को 15 जुलाई, 2026 तक स्वीकृति प्रदान कर धनराशि अवमुक्त की जा सके तथा 15 अगस्त, 2026 तक इन कार्यों का शिलान्यास कर कार्य प्रारम्भ कराया जा सके। उन्होंने कहा कि कार्यों की प्रभावी मॉनिटरिंग की जाए, जिससे कार्य गुणवत्तापूर्ण व समयबद्ध ढंग से पूर्ण हो सके।
मुख्यमंत्री जी को प्रमुख सचिव, लोक निर्माण विभाग द्वारा अवगत कराया गया कि बरेली मण्डल में कुल 5,121 करोड़ रुपये की लागत से 2,155 विकास कार्य प्रस्तावित हैं। इनके अन्तर्गत 06 स्टेट हाईवे, 56 एम0डी0आर0/ओ0डी0आर0, 01 बाईपास, 23 धर्मार्थ कार्य, 06 लॉजिस्टिक/इण्डस्ट्रियल कार्य, 01 आई0एस0सी0 रोड, 394 चीनी मिल, 255 न्यू कंस्ट्रक्शन, 01 सी0आर0आई0एफ0 रोड, 35 रोड सेफ्टी सम्बन्धी कार्य, ग्रामीण क्षेत्रों में 91 बडे़/लघु सेतु कार्य, नगरीय क्षेत्रों में 02 बडे़/लघु सेतु कार्य, 04 आर0ओ0डी0 तथा 1,280 मार्गों का मरम्मत कार्य सम्मिलित हैं।
बैठक में केन्द्रीय वाणिज्य एवं उद्योग राज्य मंत्री श्री जितिन प्रसाद, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री श्री बी0एल0 वर्मा, उत्तर प्रदेश के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री श्री सुरेश कुमार खन्ना, पशुधन एवं दुग्ध विकास मंत्री श्री धर्मपाल सिंह, वन एवं पर्यावरण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री अरुण कुमार सक्सेना, सहकारिता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री जे0पी0एस0 राठौर, लोक निर्माण राज्य मंत्री श्री बृजेश सिंह, चीनी उद्योग एवं गन्ना विकास राज्य मंत्री श्री संजय सिंह गंगवार, बरेली के महापौर डॉ0 उमेश गौतम सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण तथा वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

--------