लखनऊ : 21 अगस्त, 2026 :ः उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने कहा कि श्रद्धेय स्व0 श्री कल्याण सिंह जी का जीवन सनातन मूल्यों, राष्ट्र प्रथम की भावना, गांव, गरीब, किसान, युवा और समाज के प्रत्येक वर्ग के लिए समर्पित रहा। वे अन्याय के खिलाफ लड़ने वाले, अत्याचार का मुकाबला करने वाले और अपने सिद्धांतों पर अडिग रहने वाले जननेता थे।
मुख्यमंत्री जी आज यहां प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री तथा राजस्थान एवं हिमाचल प्रदेश के पूर्व राज्यपाल स्व0 श्री कल्याण सिंह जी की पाँचवीं पुण्यतिथि के अवसर पर आयोजित हिंदू गौरव दिवस कार्यक्रम को सम्बोधित कर रहे थे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री जी ने श्रद्धेय बाबूजी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि दी।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि आज का दिन हम सबके लिए हिंदू गौरव दिवस के रूप में श्रद्धेय बाबूजी कल्याण सिंह जी की स्मृतियों को प्रेरणा के रूप में अंगीकार करने का दिवस है। एक सामान्य किसान परिवार में जन्म लेकर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की पाठशाला में तपे हुए स्वयंसेवक के रूप में बाबूजी ने शिक्षक, विधायक, मंत्री, मुख्यमंत्री, सांसद और राज्यपाल जैसे महत्वपूर्ण दायित्वों का कुशलतापूर्वक निर्वहन किया। उनके लिए देश प्रथम था और भारत के सनातन मूल्य एवं आदर्श सर्वोपरि थे।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि बड़ा आदमी पद से बड़ा नहीं होता, बल्कि अपनी सोच, कर्म और सिद्धांतों से बड़ा और महान होता है। श्रद्धेय बाबूजी कल्याण सिंह जी का जीवन सादगी, तप, साधना और संघर्ष से भरा हुआ था। उन्होंने गांव के गरीबों, अन्नदाता किसानों, युवाओं और समाज के प्रत्येक तबके के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित किया। गलत काम के लिए कोई कितना भी बड़ा क्यों न हो और कितना भी दबाव क्यों न बनाए, बाबूजी कभी दबाव में आकर कार्य करने वाले नहीं थे। वह कहा करते थे कि ‘कल्याण सिंह टूट सकता है, लेकिन झुक नहीं सकता।’ उन्होंने जीवन भर अपने इस वचन को निभाया।
मुख्यमंत्री जी ने श्रीराम जन्मभूमि आंदोलन को स्मरण करते हुए कहा कि श्रद्धेय बाबूजी ने स्पष्ट कहा था कि संघर्ष स्वीकार है, सत्ता दूर हो जाए यह भी स्वीकार है, लेकिन अपने प्रभु श्रीराम का अपमान स्वीकार्य नहीं है। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के मार्गदर्शन और विश्व हिंदू परिषद के नेतृत्व में चले आंदोलन का उन्होंने खुलकर समर्थन किया। उन्होंने सत्ता का त्याग स्वीकार किया, लेकिन रामभक्तों पर गोली चलना स्वीकार नहीं किया।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि आज अयोध्या धाम में प्रभु श्रीराम भव्य मंदिर में विराजमान हैं। अयोध्या में प्रभु श्रीराम के भव्य मंदिर को देखकर श्रद्धेय बाबूजी की स्मृति सहज ही हमारे अंतःकरण में जागृत होती है। बाबूजी ने भारत के सनातन मूल्यों की रक्षा करते हुए श्रीराम जन्मभूमि पर गुलामी के ढांचे को हटाकर भव्य राम मंदिर के निर्माण का मार्ग प्रशस्त किया। आज जब अयोध्या धाम में प्रभु श्रीराम का भव्य मंदिर साकार हुआ है, तो यह बाबूजी के संकल्प और उनके संघर्ष की स्मृति को भी जीवन्त करता है। भारत आज अपने परम वैभव की शक्ति प्राप्त करने के लिए अपनी संस्कृति और सनातन परम्परा को आगे बढ़ाने का कार्य कर रहा है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि श्रद्धेय बाबूजी कल्याण सिंह जी की स्मृतियों को सम्मान देने के लिए प्रदेश में अनेक कार्य किए गए हैं। प्रदेश के पहले कैंसर संस्थान में श्रद्धेय बाबूजी की प्रतिमा और उनके नामकरण को देखा जा सकता है। बुलंदशहर में डबल इंजन सरकार द्वारा निर्मित राजकीय मेडिकल कॉलेज तथा अलीगढ़ में हैबिटेट सेन्टर का नामकरण भी उनके नाम पर किया गया है। यह नामकरण केवल किसी भवन या संस्थान को नाम देना नहीं है, बल्कि यह नई पीढ़ी को उन महापुरुषों से जोड़ने का माध्यम है, जिन्होंने उत्तर प्रदेश और देश को आगे बढ़ाने के लिए अपना जीवन समर्पित किया।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि कन्नौज में बाबा साहब डॉ0 भीमराव आम्बेडकर के नाम पर बने राजकीय मेडिकल कॉलेज से उनका नाम हटाया गया था। प्रदेश सरकार ने बाबा साहब का नाम पुनः स्थापित करने का निर्णय लिया। इसी प्रकार मैनपुरी में लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर के नाम पर बने कॉलेज का नाम बदले जाने के बाद प्रदेश सरकार ने औरैया में लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर के नाम पर नए मेडिकल कॉलेज का निर्माण कराया।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि श्रद्धेय बाबूजी ने प्रदेश के युवाओं के सामने खड़े पहचान के संकट को समाप्त करने का प्रयास किया। उन्होंने नकल पर प्रभावी रोक लगाने के लिए नकल अध्यादेश लागू किया और युवाओं के लिए बेहतर वातावरण उपलब्ध कराया। उन्होंने सुशासन की नींव रखी और प्रदेश को एक नई पहचान देने का कार्य किया। बाबूजी ने अपने जीवन में अन्याय के खिलाफ संघर्ष किया और शासन में रहते हुए कठोर निर्णय लेने से कभी संकोच नहीं किया। यही कारण है कि वे आज भी सुशासन और सिद्धांतों की राजनीति के प्रतीक के रूप में स्मरण किए जाते हैं।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि आज प्रदेश में डबल इंजन सरकार ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ की भावना के साथ गांव, गरीब और किसानों के हित में निरन्तर निर्णय ले रही है। प्रदेश के युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ने, माताओं-बहनों को आत्मनिर्भर बनाने तथा समाज के प्रत्येक वर्ग के जीवन स्तर को ऊपर उठाने के लिए सरकार लगातार कार्य कर रही है। यही श्रद्धेय बाबूजी के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि श्रद्धेय बाबूजी के विचारों और आदर्शों पर चलते हुए उनके सपनों को साकार करने के लिए जिस भी हद तक जाना होगा, डबल इंजन सरकार वहां तक जाने में किसी प्रकार का संकोच नहीं करेगी। उनके सपनों को साकार करने के लिए सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ आगे बढ़ेगी।
उप मुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य व श्री ब्रजेश पाठक, वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री श्री सुरेश कुमार खन्ना, सांसद डॉ0 स्वामी साक्षीजी महाराज तथा पूर्व सांसद श्री राजवीर सिंह ने कार्यक्रम को सम्बोधित किया।
कृषि मंत्री श्री सूर्य प्रताप शाही, पशुधन एवं दुग्ध विकास मंत्री श्री धर्मपाल सिंह, खादी एवं ग्रामोद्योग मंत्री श्री राकेश सचान, बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री संदीप सिंह तथा समाज कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री असीम अरुण सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
------------
.jpg)
0 टिप्पणियाँ
If you have any doubts, please let me know