पी एम श्री कंपोजिट विद्यालय हरनाटायर में हर्बल गार्डन की हुई स्थापना, औषधीय पौधों से महकेगा प्रांगण
गोंडा मनकापुर से हिंदी संवाद न्यूज़ ब्यूरो हेड शिवमंगल शुक्ला की खास रिपोर्ट (PRIME NEWS X)

मनकापुर (गोंडा)। पी एम श्री कंपोजिट विद्यालय हरनाटायर, मनकापुर में बच्चों को प्राकृतिक व औषधीय ज्ञान से जोड़ने और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक शानदार 'हर्बल गार्डन' (औषधीय वाटिका) की स्थापना की गई।
विद्यालय की प्रधानाध्यापिका सुनीता शर्मा के कुशल नेतृत्व और मार्गदर्शन में इस प्रेरणादायक पहल की शुरुआत हुई। इस हर्बल गार्डन को आकार देने में विद्यालय के सहायक अध्यापक राज मंगल शुक्ला का विशेष और मुख्य योगदान रहा, जिन्होंने पौधों के चयन से लेकर उनके रोपण तक की पूरी रूपरेखा तैयार की।
विशेष शेड से पौधों को मिली सुरक्षा
हर्बल गार्डन में विभिन्न प्रकार के दुर्लभ और उपयोगी औषधीय पौधे लगाए गए हैं। पौधों को खराब मौसम, तेज धूप और बाहरी वातावरण के दुष्प्रभावों से सुरक्षित रखने के लिए एक विशेष ग्रीन शेड (Green Shade) भी तैयार किया गया है, जिससे पौधों का विकास बेहतर ढंग से हो सके।
शिक्षक और बच्चों का दिखा अद्भुत उत्साह
इस हर्बल गार्डन के निर्माण में विद्यालय परिवार का एकजुट प्रयास देखने को मिला। सहायक अध्यापक राज मंगल शुक्ला के साथ-साथ सहयोगी शिक्षक चंद्र प्रकाश मौर्य, सुरेंद्र कुमार सिंह, बृजेश कुमार और रोहित कुमार ने बढ़-चढ़कर अपना योगदान दिया।
कार्यक्रम में विद्यालय के सभी बच्चों ने भी बेहद उत्साह के साथ भाग लिया। बच्चों ने स्वयं मिट्टी तैयार करने से लेकर पौधे रोपने और उन्हें पानी देने तक के कार्य में बढ़-चढ़कर सहयोग किया।
बच्चों को मिलेगा व्यावहारिक ज्ञान
 खंड शिक्षा अधिकारी मनकापुर हर्षित पांडेय ने बताया कि इस हर्बल गार्डन की मदद से बच्चे किताबों में पढ़े जाने वाले औषधीय पौधों को प्रत्यक्ष रूप से देख सकेंगे और उनके स्वास्थ्य लाभों के बारे में जान सकेंगे। यह गार्डन न केवल विद्यालय के सौंदर्य को बढ़ाएगा, बल्कि बच्चों में प्रकृति के प्रति प्रेम और पर्यावरण संरक्षण की भावना भी जगाएगा।