हर्षोल्लास से मना डा. भारती गाँधी का जन्मदिन

सी.एम.एस. जाॅपलिंग रोड कैम्पस का हुआ भव्य उद्घाटन

लखनऊ, 8 अगस्त। सिटी मोन्टेसरी स्कूल के सभी 22 कैम्पसों के हजारों शिक्षकों, कार्यकर्ताओं, अभिभावकों एवं 65000 छात्रों ने आज बड़े हर्षोल्लास के साथ अपनी आध्यात्मिक अभिभावक एवं संस्थापिका-निदेशिका डा. भारती गाँधी का 93वाँ जन्मदिवस मनाया। मुख्य समारोह सी.एम.एस. गोमती नगर प्रथम कैम्पस आॅडिटोरियम में हुआ, जहाँ रंगारंग शिक्षात्मक-साँस्कृतिक कार्यक्रमों के बीच केक काटकर डा. भारती गाँधी ने जन्मदिन मनाया। लखनऊ की महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल ने इस अवसर पर शिक्षा व सामाजिक क्षेत्र में डा. भारती गाँधी के अतुलनीय योगदान हेतु लखनऊ नगर निगम की ओर ‘लाइफटाइम एचीवमेन्ट सम्मान’ भेंट कर सम्मानित किया और समस्त लखनऊवासियों की ओर से डा. भारती गाँधी को जन्मदिवस की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए उनके उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु की कामना की। इस अवसर पर श्रीमती खर्कवाल ने कहा कि डा. भारती गाँधी के प्रेरणादायी विचारों एवं सशक्त नेतृत्व की बदौलत सी.एम.एस. के छात्र लखनऊ का गौरव सारे विश्व में बढ़ा रहे हैं।

इस अवसर पर सी.एम.एस. एम.डी. प्रो. गीता गाँधी किंगडन, सी.एम.एस. प्रेसीडेन्ट डा. रोजर डेविड किंगडन, 

डा. सुनीता गाँधी, डा. नीता गाँधी फारुही, डा. पार्तो फारुही, श्री विनय गाँधी, श्रीमती मोना गाँधी, श्री रोशन गाँधी, 

श्री राबर्ट गाँधी समेत सी.एम.एस. के सभी कैम्पसों की प्रधानाचार्याओं, शिक्षकों व अन्य गणमान्य हस्तियों ने डा. भारती गाँधी को जन्मदिवस की बधाईयाँ देते हुए उन्हें फूल-मालाओं से लाद दिया। समारोह में डा. भारती गाँधी के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर आधारित प्रस्तुतियों ने सभी को शान्ति, एकता, सद्भाव एवं सौहार्द से ओतप्रोत समाज के नवनिर्माण में रचनात्मक योगदान हेतु प्रेरित किया। कुल मिलाकर, आज दिन भर डा. भारती गाँधी को बधाई देने वालों का तांता लगा रहा।

इस अवसर पर सभी के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त करते हुए डा. भारती गाँधी ने कहा कि मुझे प्रसन्नता है कि सी.एम.एस. के शिक्षक, कार्यकर्ता एवं छात्र आध्यात्मिकता, चरित्र निर्माण और विश्व एकता की भावना से ओतप्रोत सामाजिक व्यवस्था हेतु निरन्तर कार्य कर रहे हैं। सी.एम.एस. एम.डी. प्रो. गीता गाँधी किंगडन ने कहा कि स्व. डा. जगदीश गाँधी एवं डा. भारती गाँधी के मार्गदर्शन में सी.एम.एस. ने विश्व पटल पर अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है। डा. भारती गाँधी का अनुकरणीय नेतृत्व एवं प्रेरणादायी मार्गदर्शन भावी पीढ़ी के सर्वांगीण विकास का आधार है। 

इससे पूर्व, डा. भारती गाँधी ने अपने जन्मदिन के शुभ अवसर पर नवनिर्मित सी.एम.एस. जाॅपलिंग रोड कैम्पस का फीता काटकर भव्य उद्घाटन किया एवं वृक्षारोपण कर पर्यावरण संवर्धन का अलख जगाया। इस अवसर पर उन्होंने छात्रों एवं शिक्षकों को अत्याधुनिक शैक्षिक सुविधाओं से सुसज्जित नए कैम्पस के लिए बधाई दी। विद्यालय के छात्रों ने नृत्य, गायन एवं विविध शिक्षात्मक-साँस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी बहुमुखी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए डा. भारती गाँधी का अभिनन्दन किया। जन्मदिवस के शुभ अवसर पर डा. भारती गाँधी को अपने बीच पाकर छात्र फूले नहीं समा रहे थे। नवनिर्मित कैम्पस में आधुनिक शैक्षिक संसाधनों के साथ ही उच्च जीवन मूल्यों एवं एकता व शान्ति से परिपूर्ण शैक्षिक वातावरण का विशेष ध्यान रखा गया है, जिससे भावी पीढ़ी का सर्वागीण विकास सुनिश्चित हो सके।

सी.एम.एस. के हेड, कम्युनिकेशन्स श्री ऋषि खन्ना ने बताया कि सी.एम.एस. के सभी 22 कैम्पसों में आज डा. भारती गाँधी का जन्मदिवस ‘ग्रैण्डपैरेन्ट्स डे’ के रूप में मनाया गया। इन समारोहों में बड़ी संख्या में ग्रैण्ड पैरेन्ट्स की उपस्थिति अत्यन्त प्रेरणादायी रही। इस अवसर पर सी.एम.एस. छात्रों ने अपने-अपने विद्यालय प्रांगण में कार्ड मेकिंग, पोस्टर मेकिंग, पत्र लेखन, भाषण, फैशन शो, नृत्य, गायन आदि अनेकानेक शैक्षिक प्रस्तुतियों के माध्यम से डा. भारती गाँधी के प्रति प्रेम, सम्मान एवं शुभकामनाएँ व्यक्त कीं।