‘नेशनल स्पोर्टस डे’ पर छात्रों ने दिखाई अभूतपूर्व खेल प्रतिभा

लखनऊ, 29 अगस्त। सिटी मोन्टेसरी स्कूल, गोमती नगर एक्सटेंशन कैम्पस द्वारा ‘नेशनल स्पोर्टस डे’ के अवसर पर भव्य खेल समारोह ‘इगनिस-2026’ का आयोजन आज विद्यालय के खेल प्रांगण में हुआ। इस अवसर पर विद्यालय के प्री-प्राइमरी एवं प्राइमरी छात्रों ने विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिताओं में पूरे उत्साह एवं उमंग के साथ प्रतिभाग कर अपनी खेल प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया एवं चुस्ती-फुर्ती से परिपूर्ण फिजिकल फिटनेस एक्टिवटी द्वारा इण्डिया फिट एण्ड यंग का सन्देश दिया। 

इससे पहले, मुख्य अतिथि श्री अशोक बांबी, पूर्व रणजी ट्राफी क्रिकेटर, ने ध्वजारोहण एवं मशाल प्रज्वलित कर खेल समारोह का शुभारम्भ किया। इस अवसर पर अपने संबोधन में श्री अशोक बांबी ने कहा कि खेल प्रतियोगितायें छात्रों में राष्ट्रप्रेम एवं खेल भावना को बढ़ावा देती हैं और उन्हें समाज का आदर्श नागरिक बनाती हैं। उन्होंने छात्रों में अनुशासन, टीमवर्क, आत्मविश्वास एवं स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करने पर जोर दिया। इस अवसर पर विद्यालय के छात्रों ने मार्च-पास्ट की शानदार प्रस्तुति से सम्पूर्ण वातावरण को जोश एवं उत्साह से भर दिया।

खेल समारोह का शुभारम्भ स्कूल प्रार्थना से प्रारम्भ हुआ एवं इसके उपरान्त खेल की विभिन्न प्रतियोगिताओं में सर्वाधिक पदकों के जबरदस्त होड़ रही और छात्रों ने अपनी शक्ति, दमखम, प्रतिभा व क्षमता का भरपूर प्रदर्शन किया। इन खेल प्रतियोगिताओं में मान्टेसरी के छात्रों ने ‘बर्थडे डैश एंड पाॅप रेस’, नर्सरी के छात्रों ने ‘वाॅबल वाॅक’, केजी के छात्रों ने ‘कैच एंड डैश’ एवं ‘पार्सल परस्यूट’, कक्षा 1 के छात्रों ने ‘हर्डल रेस’ एवं ‘थ्री-लेग्ड रेस’ तथा कक्षा 2 के छात्रों ने ‘पैक योर बैग्स’ एवं ‘ड्रेस-अप रेस’ प्रतियोगिताओं में अपनी खेल प्रतिभा का गजब का प्रदर्शन किया। समारोह का विशेष आकर्षण प्री-प्राइमरी छात्रों द्वारा प्रस्तुत ड्रिल प्रदर्शन रहा, जिसमें नन्हे प्रतिभागियों ने शानदार तालमेल, अनुशासन एवं रंग-बिरंगी आकृतियों के माध्यम से मनमोहक प्रस्तुति दी। समारोह के अन्त में, खेल प्रतिस्पर्धाओं में विजयी छात्रों को सार्टिफिकेट, मैडल व शील्ड प्रदान कर पुरष्कृत कर सम्मानित किया गया।

सी.एम.एस. गोमती नगर एक्सटेंशन कैम्पस की प्रधानाचार्या श्रीमती अनुपमा चेकर ने इस अवसर पर कहा कि छात्रों के बौद्धिक विकास के लिए शारीरिक विकास का होना अति आवश्यक है और यह खेलों द्वारा ही सम्भव है। अतः इस तरह के आयोजनों से छात्रों में आपसी सहयोग, आत्म विश्वास व जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है।