मानसून सत्र में संसदीय लोकतंत्र की गौरवशाली परंपराओं का हुआ सम्मान
-श्री केशव प्रसाद मौर्य
सौहार्दपूर्ण वातावरण में अनुपूरक बजट का पारित होना सदन की सकारात्मक कार्यशैली का परिचायक
अनुच्छेद 370 की समाप्ति और श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के शिलान्यास ने
5 अगस्त को बनाया ऐतिहासिक-उप मुख्यमंत्री
लखनऊ: 05 अगस्त, 2026
उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री एवं विधान परिषद में नेता सदन श्री केशव प्रसाद मौर्य ने विधान परिषद के मानसून सत्र-2026 के समापन अवसर पर माननीय सभापति श्री कुंवर मानवेन्द्र सिंह जी को सदन की कार्यवाही का कुशलतापूर्वक, निष्पक्ष एवं गरिमापूर्ण संचालन करने के लिए हृदय से बधाई एवं धन्यवाद दिया।
श्री मौर्य ने कहा कि माननीय सभापति जी ने अपने व्यापक संसदीय अनुभव एवं कुशल नेतृत्व से सदन के दोनों पक्षों के मध्य संतुलन स्थापित करते हुए सभी माननीय सदस्यों को अपने विचार रखने का समुचित अवसर प्रदान किया। उनके अनुभव एवं मार्गदर्शन का लाभ सदन को निरंतर मिलता रहा है।
उप मुख्यमंत्री ने विभिन्न दलों के नेताओं एवं सदन के सभी माननीय सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अपना दल के नेता एवं माननीय मंत्री श्री आशीष पटेल जी, निषाद पार्टी के नेता श्री संजय कुमार निषाद जी, जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के नेता श्री अक्षय प्रताप सिंह जी, सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के नेता श्री विच्छे लाल राम जी, राष्ट्रीय लोकदल के नेता श्री योगेश चौधरी जी, निर्दलीय समूह के नेता श्री राज बहादुर सिंह चंदेल जी, शिक्षक दल के नेता श्री ध्रुव कुमार त्रिपाठी जी सहित सभी दलों के माननीय सदस्यों ने सदन की गरिमा एवं संसदीय मर्यादाओं के अनुरूप अपने विचार रखे तथा संसदीय लोकतंत्र की गौरवशाली परंपराओं का निर्वहन किया।
श्री मौर्य ने कहा कि मानसून सत्र के दौरान वित्तीय वर्ष 2026-27 का अनुपूरक बजट सौहार्दपूर्ण एवं सकारात्मक वातावरण में पारित हुआ। इसके लिए उन्होंने सदन के सभी माननीय सदस्यों को बधाई एवं धन्यवाद दिया।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि 5 अगस्त का दिन भारत के इतिहास में अत्यंत महत्वपूर्ण एवं गौरवपूर्ण है। इसी दिन वर्ष 2019 में जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 एवं अनुच्छेद 35-ए के प्रावधानों को समाप्त करने का ऐतिहासिक निर्णय लिया गया था। उन्होंने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के दूरदर्शी नेतृत्व एवं माननीय केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह जी के प्रभावी प्रयासों से जम्मू-कश्मीर आज विकास, शांति, समृद्धि और राष्ट्रीय एकात्मता की नई धारा से जुड़ रहा है। आज देश के अन्य राज्यों की भांति जम्मू-कश्मीर के घर-घर पर भी शान से तिरंगा लहरा रहा है। इसके लिए उन्होंने प्रधानमंत्री जी, केंद्रीय गृह मंत्री जी एवं केंद्र सरकार को बधाई दी।
श्री मौर्य ने कहा कि 5 अगस्त 2020 को भगवान श्रीरामलला के पावन जन्मस्थान पर भव्य एवं दिव्य श्रीराम मंदिर के निर्माण हेतु भूमि पूजन एवं शिलान्यास का ऐतिहासिक कार्यक्रम संपन्न हुआ था। उन्होंने इस अवसर पर देश एवं प्रदेश के समस्त रामभक्तों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
उप मुख्यमंत्री ने आगामी 15 अगस्त 2026 को मनाए जाने वाले स्वतंत्रता दिवस के पावन पर्व की अग्रिम शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह अवसर देश की आजादी के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले अमर सेनानियों को श्रद्धापूर्वक स्मरण करने तथा राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं संप्रभुता के प्रति अपने संकल्प को और अधिक सुदृढ़ करने का है। उन्होंने समस्त देशवासियों एवं प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
श्री मौर्य ने लोकतंत्र के चौथे स्तंभ मीडिया से जुड़े प्रिंट मीडिया, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया, दूरदर्शन, आकाशवाणी के पत्रकारों, प्रेस फोटोग्राफरों एवं अन्य सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मीडिया सदन की कार्यवाही एवं जनहित से जुड़े विषयों को जन-जन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
उन्होंने विधान परिषद के प्रमुख सचिव सहित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भी धन्यवाद देते हुए कहा कि सभी ने सत्र के दौरान सदन के सुचारु संचालन के लिए पूर्ण निष्ठा, ईमानदारी, कर्तव्यपरायणता एवं समर्पण भाव से अपने दायित्वों का निर्वहन किया।
उप मुख्यमंत्री एवं नेता सदन ने माननीय सभापति जी के प्रति विशेष आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सदन की गरिमा, अनुशासन एवं लोकतांत्रिक परंपराओं को बनाए रखने में उनका योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण रहा है।

0 टिप्पणियाँ
If you have any doubts, please let me know