*अनंत नगर में 460 भूखण्डों के लिए 8,229 लोगों ने कराया पंजीकरण*
- *एलडीए की आवासीय योजना को लेकर लोगों ने दिखाया जबदस्त उत्साह*
- *785 एकड़ की इस योजना में लगभग डेढ़ लाख लोगों को मिलेगा आशियाना*
- *लॉटरी से होगा भूखण्डों का आवंटन, 112.5 से 200 वर्गमीटर क्षेत्रफल के हैं भूखण्ड*
लखनऊ विकास प्राधिकरण की अनंत नगर आवासीय योजना को लेकर लोगों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। योजना में पांचवें चरण में 460 भूखण्डों के लिए ऑनलाइन पंजीकरण खोला गया था। पंजीकरण बंद होने के अंतिम दिन बुधवार को शाम 7ः00 बजे तक 8,229 लोगों ने सफलतापूर्वक आवेदन करते हुए पंजीकरण कराया। एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया कि लॉटरी के माध्यम से भूखण्डों का आवंटन किया जाएगा, जिसके लिए तारीख जल्द ही घोषित की जाएगी।
मोहान रोड पर 785 एकड़ क्षेत्रफल में विकसित की जा रही अनंत नगर योजना में लगभग डेढ़ लाख लोगों के आशियाने का सपना साकार होगा। योजना का विकास अंतरराष्ट्रीय मानकों के अंतर्गत ग्रिड पैटर्न पर किया जा रहा है। जिसमें चौड़ी सड़कों के साथ निर्बाध विद्युत आपूर्ति के लिए भूमिगत केबल बिछायी जा रही हैं। योजना में बड़े हिस्से में एडुटेक सिटी विकसित की जाएगी। वहीं, लगभग 130 एकड़ भूमि पर पार्कों व ग्रीन स्पेस का विकास किया जाएगा, जोकि योजना को पर्यावरण के अनुकूल एक हरा-भरा क्षेत्र बनाएगा।
*आशीष खण्ड के भूखण्डों के लिए खुला था पंजीकरण*
अपर सचिव ज्ञानेन्द्र वर्मा ने बताया कि अनंत नगर योजना में पहले 04 चरणों में लगभग 1700 भूखण्डों का आवंटन लॉटरी के माध्यम से किया गया है, जिसमें 35 हजार से अधिक लोगों ने प्रतिभाग किया था। पांचवें चरण में आशीष खण्ड के 460 भूखण्डों के लिए 09 अगस्त से 09 सितम्बर, 2026 के मध्य ऑनलाइन पंजीकरण खोला गया था, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने दिलचस्पी दिखाते हुए रजिस्ट्रेशन कराया है।
*03 श्रेणी के हैं भूखण्ड*
अपर सचिव ज्ञानेन्द्र वर्मा ने बताया कि आशीष खण्ड के ये 460 भूखण्ड 03 श्रेणी के हैं। इसमें 200 वर्गमीटर के 23, 162 वर्गमीटर के 12 और 112.5 वर्गमीटर क्षेत्रफल के 425 भूखण्ड शामिल हैं।
*अनंत नगर योजना की विशेषताएं*
- उत्कृष्ट सडकों का नेटवर्क
- 130 एकड़ में ग्रीन स्पेस
- स्वच्छ जल आपूर्ति
- भूमिगत लाइनों से निर्बाध विद्युत आपूर्ति
- ईवी चार्जिंग स्टेशन
- सामुदायिक केन्द्र
- सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट
- जीरो लिक्विड डिस्चार्ज

0 टिप्पणियाँ
If you have any doubts, please let me know