मुख्यमंत्री कल 15 नवम्बर, 2026 को लखनऊ स्थित राष्ट्र प्रेरणा
स्थल से स्वामी विवेकानन्द युवा सशक्तिकरण योजना के अन्तर्गत
25 लाख टैबलेट वितरण कार्यक्रम का शुभारम्भ करेंगे


लखनऊ : 14 नवम्बर, 2026


मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी प्रदेश के युवाओं को डिजिटल रूप से सशक्त एवं तकनीकी रूप से दक्ष बनाने की दिशा में कल 15 नवम्बर, 2026 को लखनऊ स्थित राष्ट्र प्रेरणा स्थल से स्वामी विवेकानन्द युवा सशक्तिकरण योजना के अन्तर्गत 25 लाख टैबलेट वितरण कार्यक्रम का शुभारम्भ करेंगे।
कार्यक्रम में लखनऊ, हरदोई, सीतापुर एवं उन्नाव जनपदों के लगभग 300 शैक्षणिक संस्थानों के 50,000 छात्र-छात्राएं प्रतिभाग करेंगे। विगत पाँच वर्षों में स्वामी विवेकानन्द युवा सशक्तिकरण योजना के अन्तर्गत 60 लाख से अधिक युवा लाभान्वित हो चुके हैं। वर्ष 2026-27 में 25 लाख अतिरिक्त टैबलेट वितरित किए जाएंगे।
योजना का उद्देश्य युवाओं को डिजिटल शिक्षा एवं आधुनिक तकनीक से जोड़ना है। टैबलेट में इन्फोसिस स्प्रिंगबोर्ड, अध्ययन एवं युवा साथी ऐप के माध्यम से लगभग 18,000 पाठ्यक्रमों की शैक्षणिक सामग्री उपलब्ध होगी। साथ ही, ए0आई0 आधारित शिक्षण एवं रोजगारपरक लर्निंग कंटेण्ट के माध्यम से युवाओं के ज्ञान, कौशल और रोजगार की सम्भावनाओं को विस्तार मिलेगा।