मुख्यमंत्री ने गढ़मुक्तेश्वर, जनपद हापुड़ में आगामी कार्तिक पूर्णिमा गंगा मेले के
दृष्टिगत श्रद्धालुओं के लिए की जा रही व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया
 
जनपद हापुड़ एवं अमरोहा के जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक और पुलिस
अधिकारियों के साथ बैठक कर मेले की तैयारियों की समीक्षा की

गंगा मेला कुम्भ मेले की तर्ज पर आयोजित किया जा रहा, मेले में आने वाले सभी
श्रद्धालुओं के ठहरने, सुरक्षा एवं खान-पान की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित की जाए

ऐतिहासिक एवं पौराणिक महत्व का गढ़ गंगा मेला
हमारी धार्मिक, सांस्कृतिक और सभ्यतागत पहचान

मेले का फोकस ‘वोकल फॉर लोकल’ पर रहे,
स्वदेशी एवं स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा दिया जाए

गंगा पर बन रहे पीपे के पुल के माध्यम से गढ़ एवं तिगरी मेले आपस में
जुड़ जाएंगे, इससे मेले की भव्यता बढ़ेगी व श्रद्धालुओं को सुविधा मिलेगी


लखनऊ : 14 नवम्बर, 2026


मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने आज गढ़मुक्तेश्वर, जनपद हापुड़ में खादर क्षेत्र में कच्चा घाट पर आयोजित होने वाले आगामी कार्तिक पूर्णिमा गंगा मेले के दृष्टिगत श्रद्धालुओं के लिए की जा रही व्यवस्थाओं तथा सदर बाजार का निरीक्षण किया। इसके पश्चात, मुख्यमंत्री जी ने माँ गंगा का दर्शन-पूजन किया। उन्होंने एक उच्चस्तरीय बैठक में मेले की तैयारियों की समीक्षा की। ज्ञातव्य है कि गढ़मुक्तेश्वर कार्तिक पूर्णिमा गंगा मेला 17 नवम्बर से 25 नवम्बर, 2026 तक आयोजित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री जी ने सदर बाजार में लगाई गई दुकानों एवं प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए कहा कि गढ़ गंगा मेले का फोकस ‘वोकल फॉर लोकल’ पर रहे। स्वदेशी एवं स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देते हुए, उनकी बिक्री की जाए। मुख्यमंत्री जी ने एक जनपद-एक उत्पाद (ओ0डी0ओ0पी0) के स्टॉल का भी निरीक्षण किया तथा वहाँ प्रदर्शित स्थानीय उत्पादों को देखा। ओ0डी0ओ0पी0 स्टॉल के माध्यम से स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने और उनकी पहचान को व्यापक स्तर पर पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। इस दौरान मुख्यमंत्री जी ने वहाँ उपस्थित बच्चों से बातचीत कर उनका हालचाल जाना।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि पूर्व में जब वह यहाँ आए थे, तब उन्होंने गढ़ और तिगरी मेले को आपस में जोड़ने की घोषणा की थी। इस बार गंगा पर बन रहे पीपे के पुल के माध्यम से दोनों मेले आपस में जुड़ जाएंगे। इससे इन मेलों में आने वाले श्रद्धालु आसानी से आवागमन कर सकेंगे। इससे मेले की भव्यता बढ़ेगी और श्रद्धालुओं को सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि गढ़ गंगा मेला ऐतिहासिक एवं पौराणिक महत्व का है। यह हमारी धार्मिक, सांस्कृतिक और सभ्यतागत पहचान है।
मुख्यमंत्री जी ने जनपद हापुड़ एवं अमरोहा के जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर मेले की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने सम्बन्धित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि गंगा मेला कुम्भ मेले की तर्ज पर आयोजित किया जा रहा है। मेले में आने वाले सभी श्रद्धालुओं के ठहरने, सुरक्षा एवं खान-पान की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साफ-सफाई की व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाए। मेले के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना नहीं होनी चाहिए।
इस अवसर पर विधायक श्री हरेन्द्र सिंह तेवतिया, श्री विजयपाल आढ़ती, श्री धर्मेश तोमर सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
----------