बच्चों को एकता व शान्ति के महत्व से अवगत करायें
-- डा. भारती गाँधी, संस्थापिका-निदेशिका, सी.एम.एस.
लखनऊ, 16 नवम्बर। सिटी मोन्टेसरी स्कूल की संस्थापिका-निदेशिका डा. भारती गाँधी ने सी.एम.एस. प्रधान कार्यालय में आयोजित 'आध्यात्मिक सत्संग सभा' की अध्यक्षता करते हुए अभिभावकों का आह्वान किया कि बच्चों को शुरू से ही एकता व शान्ति के महत्व से अवगत करायें। उन्होंने कहा कि एकता व शान्ति शिक्षा की शुरूआत हमें अपने घर से करनी है क्योंकि घर से ही मोहल्ले, शहर, प्रदेश, देश और फिर विश्व में एकता व शान्ति स्थापित होगी। विश्व निर्माण एवं चरित्र निर्माण हमारे अपने हाथ में है और इस निर्माण प्रक्रिया में सभी की सक्रिय भागीदारी जरूरी है। डा. गाँधी ने शिक्षकों से अपील की कि स्कूल समाज का प्रकाश स्तम्भ है, अतः स्कूलों में बच्चों को सर्वधर्म समभाव की शिक्षा अवश्य ही दी जानी चाहिए। सत्संग सभा में प्रोफेसर गीता गांधी किंगडन, डॉ. सुनीता गांधी, श्री राबर्ट गांधी, श्री महेश अग्रवाल समेत बड़ी संख्या में विभिन्न धर्मानुयायियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज करायी।
आगे बोलते हुए डा. भारती गाँधी ने कहा कि प्रत्येक मनुष्य को चाहिए कि वह अपने कर्मों की जांच करते हुए उनको सुधारते, अपने अपने अन्दर गलत कर्मों की भावना ना आने दें क्योंकि गलत कर्म मनुष्य को ईश्वर से दूर करता है। अपने अन्दर की भावना को शुद्ध करें और अपने अन्तर्मन को सभी प्रकार की बुराईयों से दूर रखें। हमारे अवतारों ने कभी किसी के सामने अपने ज्ञान, तप व कर्मों का दिखावा नहीं किया बल्कि एक सकारात्मक जीवन जीने का तरीका बताया ताकि मनुष्य में सत्य, करूणा, सहयोग और दूसरों के प्रति सम्मान जैसे जीवन मूल्यों की भावना जागृत हो।
इस अवसर पर श्री राबर्ट गांधी ने कहा कि प्रत्येक मनुष्य को अपनी क्षमता के अनुसार किसी भी असहाय एवं जरूरतमंद की मदद करना चाहिए क्योंकि किसी की मदद करना परमात्मा की सेवा करना है। एक वक्ता ने कहा कि परोपकार से बढ़कर दूसरा कोई धर्म नहीं है। सेवा के द्वारा ही हम ईश्वर का सानिध्य प्राप्त कर सकते हैं। एक और वक्ता ने कहा कि अपनी कमियों अथवा गलतियों को सतत् सुधारते रहें। अगर अनजाने में भी आपसे कोई गलत कार्य हो गया है तो उसे तुरन्त सुधारने का प्रयास करना चाहिए। सत्संग का समापन सुमधुर गीत 'आज विश्व को नये विचार चाहिए---' की प्रस्तुति एवं प्रसाद वितरण से हुआ।